1. Hindi News
  2. एजुकेशन
  3. यूपी के बाद अब बिहार के इस जिले में बंद किए गए बच्चों के स्कूल, इस दिन तक नहीं चलेंगी क्लासेस

यूपी के बाद अब बिहार के इस जिले में बंद किए गए बच्चों के स्कूल, इस दिन तक नहीं चलेंगी क्लासेस

 Published : Jan 06, 2025 04:03 pm IST,  Updated : Jan 06, 2025 04:03 pm IST

देश में अलग-अलग हिस्से कड़ाके की ठंड से कांप रहे हैं। इसे देखते हुए देश के कई राज्यों ने अपने-अपने कई जिलों में स्कूल बंद कर दिए हैं। ऐसे में बिहार के एक जिले में भी डीएम ने छुट्टी कर दी है।

School Closed- India TV Hindi
School Closed Image Source : PEXELS

इन दिनों देश के कई हिस्सों में गलन वाली ठंड देखने को मिल रही है, फिर वो चाहे यूपी हो, दिल्ली हो या फिर बिहार। हर जगह काफी ठंड की मार देखने को मिल रही है। इसी के मद्देनजर यूपी के कई जिलों में बच्चों के स्कूल बंद कर दिए गए हैं। इसी बीच बिहार की राजधानी में भी जिलाधिकारी ने बढ़ती ठंड को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है, जो बच्चों के हित में है। इस फैसले के कारण अब राजधानी के सभी स्कूलों की छुट्टियां कर दी गईं हैं।

Related Stories

कब तक बंद रहेंगे स्कूल?

पटना के जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) चंद्रशेखर सिंह ने रविवार को जारी एक आदेश में कहा कि पटना जिला प्रशासन ने ठंड के मौसम और कम तापमान के कारण सभी प्राइवेट और सरकारी स्कूलों में कक्षा 8 तक की एकेडमिक एक्टिविटीज पर 11 जनवरी तक रोक लगा दी है। साथ ही डीएम ने कहा कि 9वीं से ऊपर की कक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 3.30 बजे तक चलेंगी। हालांकि, बोर्ड परीक्षाओं से संबंधित शैक्षणिक गतिविधियों को आदेश के दायरे से बाहर रखा गया है। 

इससे पहले डीएम ने 1 जनवरी को सभी प्राइवेट और सरकारी स्कूलों में सुबह 9 बजे से पहले और शाम 4 बजे के बाद क्लास चलने पर रोक लगा दी थी।

किस जिले में कड़ाके की ठंड?

आईएमडी के मौसम बुलेटिन के मुताबिक, बिहार में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मोतिहारी में रविवार को राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि उत्तर-पश्चिमी, मध्य और दक्षिण बिहार के जिलों में सुबह घना कोहरा छाया रहा। वहीं, पटना में रविवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटे के मुकाबले 0.5 डिग्री सेल्सियस कम है, जबकि शनिवार को अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस था। पटना का न्यूनतम तापमान 1 जनवरी को 7 डिग्री सेल्सियस था, लेकिन रविवार को इसमें 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। वहीं, अधिकतम तापमान 1 जनवरी को 15 डिग्री सेल्सियस था, जिसमें शनिवार को 1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।

कांप रहे लोग

पर रविवार को पटना का अधिकतम तापमान बढ़कर 16.3 डिग्री सेल्सियस हो गया। आईएमडी ने बताया कि दिन में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में मामूली अंतर के कारण ठंड और बढ़ गई है, जिससे लोग कांप रहे। मोतिहारी में न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस, छपरा में 6.9 डिग्री सेल्सियस और डेहरी में 7.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पटना से अधिक ठंडा रहा, जबकि मुजफ्फरपुर में न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में इन पांच शहरों में न्यूनतम तापमान में 0.2 से 1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। एजुकेशन से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।