1. Hindi News
  2. एजुकेशन
  3. यूपी में छात्र-छात्राओं को निशुल्क मिलेंगे 25 लाख टैबलेट, मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया फैसला, जानें योग्यता

यूपी में छात्र-छात्राओं को निशुल्क मिलेंगे 25 लाख टैबलेट, मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया फैसला, जानें योग्यता

 Published : Apr 07, 2026 05:13 pm IST,  Updated : Apr 07, 2026 05:47 pm IST

यूपी में छात्र-छात्राओं को सरकार की तरफ से बड़ी सौगात मिलने वाली है, जिसके तहत मंत्रिमंडल की बैठक में टैबलेट वितरण के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है।

tablets- India TV Hindi
यूपी में छात्र-छात्राओं को निशुल्क मिलेंगे 25 लाख टैबलेट Image Source : PTI/REPRESENTATIVE PIC

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के छात्र-छात्राओं के लिए खुशखबरी है। यूपी में जल्द ही छात्र-छात्राओं को निशुल्क 25 लाख टैबलेट बांटे जाएंगे। मंत्रिमंडल ने इससे जुड़े प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है और वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने इस बारे में जानकारी दी है।

क्या है पूरा मामला?

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक हुई थी, जिसके बाद ये फैसला लिया गया। खुद वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने इस बारे में जानकारी दी। खन्ना ने बताया, "स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना" के तहत निशुल्क वितरण के लिये 25 लाख टैबलेट खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। इसके लिए पर्याप्त धन की व्यवस्था बजट में भी की गई थी। अभी तक 60 लाख स्मार्टफोन और टेबलेट वितरित किए जा चुके हैं और अभी 25 लाख और टैबलेट तथा स्मार्टफोन वितरित किए जाएंगे।"

किसे मिलेंगे टैबलेट?

वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया, "ये टैबलेट विशेष रूप से उन लोगों को दिए जाएंगे जो विभिन्न अनुमन्य पाठ्यक्रमों में आखिरी साल के विद्यार्थी हैं। इन लाभार्थियों में तकनीकी शिक्षा, स्वास्थ्य संबंधी शिक्षा, कौशल विकास प्रशिक्षण, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), उच्च शिक्षा संस्थान में अध्ययनरत विद्यार्थी या सेवा मित्र पोर्टल पर कुशल युवा वर्ग के तहत पंजीकृत युवा शामिल होंगे।" 

टैबलेट बांटने के पीछे का क्या उद्देश्य है?

छात्र-छात्राओं को टैबलेट बांटने के पीछे का उद्देश्य युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाना है। ये ऑनलाइन शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और स्किल डेवलपमेंट को बढ़ावा देने की भी कोशिश है। कोविड के बाद डिजिटल शिक्षा की बढ़ती जरूरत को ध्यान में रखकर यह कदम उठाया गया है।

गौरतलब है कि वर्तमान में डिजिटल शिक्षा बहुत अहमियत रखती है। हर जरूरत की चीज डिजिटल से जुड़ रही है। ऐसे में टैबलेट मिलने से छात्र-छात्राओं के डिजिटल ज्ञान में बढ़ोतरी होगी और उनके विकास और रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। एजुकेशन से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।