1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. बिहार विधान सभा चुनाव 2020
  4. बिहार विधानसभा चुनाव: नए ‘चुनाव चिन्ह’ के साथ ताल ठोकेगी शिवसेना, उतारेगी लगभग 50 उम्मीदवार

बिहार विधानसभा चुनाव: नए ‘चुनाव चिन्ह’ के साथ ताल ठोकेगी शिवसेना, उतारेगी लगभग 50 उम्मीदवार

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 11, 2020 03:38 pm IST,  Updated : Oct 11, 2020 03:38 pm IST

शिवसेना सांसद अनिल देसाई ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी बिहार विधानसभा चुनाव में लगभग 50 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी।

Bihar Elections, Bihar Elections 2020, Bihar Assembly Elections, Bihar Assembly Elections 2020- India TV Hindi
महाराष्ट्र के सत्तारुढ़ गठबंधन का नेतृत्व कर रही शिवसेना अब बिहार चुनावों में भी ताल ठोकने के लिए तैयार है। Image Source : PTI FILE

मुंबई: महाराष्ट्र के सत्तारुढ़ गठबंधन का नेतृत्व कर रही शिवसेना अब बिहार चुनावों में भी ताल ठोकने के लिए तैयार है। शिवसेना सांसद अनिल देसाई ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी बिहार विधानसभा चुनाव में लगभग 50 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। देसाई ने कहा कि शिवसेना का बिहार में किसी भी पार्टी के साथ कोई गठबंधन नहीं है। उन्होंने बताया कि बिहार में उनकी पार्टी एक नए चुनाव चिन्ह के साथ मैदान में उतरेगी। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे द्वारा बिहार चुनावों में प्रचार किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि सीएम इस बारे में खुद जानकारी देंगे।

’50 सीटों पर ताल ठोक रही है शिवसेना’

राज्यसभा सदस्य देसाई ने कहा, 'शिवसेना लगभग 50 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। हमने उन सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं, जहां हमारे कार्यकर्ता जन कार्यों में शामिल हैं।' उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव में पार्टी का चुनाव निशान 'तुरहा बजाता व्यक्ति' होगा। इससे पहले, चुनाव आयोग ने बिहार विधानसभा चुनाव में शिवसेना को उसका चुनाव चिन्ह 'धनुष और तीर' इस्तेमाल करने की अनुमति देने से इनकार कर दिया था क्योंकि यह जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के चुनाव चिन्ह 'तीर' से मिलता-जुलता है।

चुनाव में प्रचार करने वाले 22 नेताओं की लिस्ट जारी
बिहार चुनाव में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री तथा शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे द्वारा प्रचार किए जाने के बारे में पूछे जाने पर देसाई ने कहा कि पार्टी और मुख्यमंत्री खुद इस बारे में जानकारी देंगे। शिवसेना ने बृहस्पतिवार को बिहार चुनाव में प्रचार करने वाले 22 नेताओं की सूची जारी की थी, जिसमें उद्धव ठाकरे के अलावा उनके बेटे तथा महाराष्ट्र के पर्यटन मंत्री आदित्य ठाकरे का नाम भी शामिल था। इसके अलावा इस सूची में सुभाष देसाई, संजय राउत, अनिल देसाई, विनायक राउत, अरविंद सावंत, प्रियंका चतुर्वेदी, राहुल शेवाले और कृपाल तुमाने का भी नाम था।

बिहार में 3 चरणों में होंगे विधानसभा चुनाव
बता दें कि बिहार की 243 सदस्यीय विधानसभा के लिए 3 चरणों में मतदान होगा। पहले चरण में 28 अक्टूबर, दूसरे चरण में 3 नवंबर और तीसरे चरण में 7 नवंबर को मतदान होगा। मतगणना 10 नवंबर को होगी। इन चुनावों में जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाला एनडीए एक बार फिर सत्ता में वापसी की कोशिश करेगा, वहीं लालू यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल के नेतृत्व वाला महागठबंधन नीतीश राज को खत्म करने में जोर लगाएगा। (भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bihar Vidhan Sabha Chunav 2020 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024