1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2018
  4. छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव: पीएम मोदी, राहुल गांधी ने साधा एक-दूसरे पर निशाना

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव: पीएम मोदी, राहुल गांधी ने साधा एक-दूसरे पर निशाना

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 10, 2018 12:26 am IST,  Updated : Nov 10, 2018 12:45 am IST

छत्तीसगढ़ में हो रहे विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को राज्य के नक्सल प्रभावित बस्तर जिले में चुनाव प्रचार किया। इस दौरान मोदी ने महाराज प्रवीर चंद्र भंजदेव के मारे जाने से संबंधित मामले और ‘‘अर्बन नक्सलियों’’ को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला।

In poll-bound Chhattisgarh, PM Modi, Rahul Gandhi take swipe at each other- India TV Hindi
In poll-bound Chhattisgarh, PM Modi, Rahul Gandhi take swipe at each other

रायपुर: छत्तीसगढ़ में हो रहे विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को राज्य के नक्सल प्रभावित बस्तर जिले में चुनाव प्रचार किया। इस दौरान मोदी ने महाराज प्रवीर चंद्र भंजदेव के मारे जाने से संबंधित मामले और ‘‘अर्बन नक्सलियों’’ को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला। प्रधानमंत्री ने बस्तर जिले के मुख्यालय जगदलपुर में सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आपको याद है कि ‘‘आदिवासियों को कांग्रेस ने गोलियों से भून दिया था। 60 से अधिक आदिवासी भाइयो-बहनो को मार दिया गया था। क्या गुनाह था उनका। क्यों मार दिया गया था। कांग्रेस पार्टी के लोगों के पास जवाब नहीं है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘महाराज प्रवीर चंद्र भंजदेव जी आंदोलन चला रहे थे। खुद के लिए नहीं, बल्कि आदिवासियों के अधिकार के लिए चला रहे थे। आदिवासियों का हक दिलाने के लिए चला रहे थे। उनके साथ क्या हुआ, यह बस्तर की मिट्टी को पता है। पेड़-पौधे को पता है। यहां के बच्चे-बच्चे को पता है। उस आंदोलन के बदले में 60 आदिवासियों को मार दिया गया। हमें महाराज को भी खोना पड़ा।’’ 

इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने ‘‘अर्बन माओवादियों’’ को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘मैं आपके पास लगातार आया हूं। तथा जब आया हूं, विकास के काम लेकर आया हूं। पहले क्षेत्र में विकास के बारे में सोच भी नहीं सकते थे। और जब काम नहीं कर सकते थे तो नक्सलवादियों का नाम ले लेते थे। हमने तय किया कि विकास वहां भी होगा। यहां बच्चों के हाथ में कलम होनी चाहिए, लेकिन राक्षसी मनोवृत्ति वाले लोग उनके हाथ में बंदूक पकड़ा देते हैं। उनकी जिंदगी बर्बाद कर देते हैं। मां-बाप के सपनों को तबाह कर देते हैं।’’ 

मोदी ने अपने भाषण के दौरान दंतेवाड़ा जिले में दूरदर्शन के कैमरापर्सन की नक्सली हमले में मृत्यु को लेकर कहा कि लोकतंत्र के पर्व को कैमरे में कैद करने के लिए जंगलों के भीतर अपनी जान की बाजी लगा रहे अच्युतानंद साहू को माओवादियों ने गोलियों से भून दिया। क्या गुनाह था उसका। आपके कल्याण की बात लेकर आया था। वह कंधे पर बंदूक लेकर नहीं, बल्कि कैमरा लेकर आया था। वहीं, दो दिन पहले नक्सली हमले में पांच लोग शहीद हो गए। 

राहुल ने मोदी, रमन पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप, छत्तीसगढ़ में किसान कर्ज माफी का वादा

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे खुलकर भ्रष्टाचार में लिप्त हैं और केवल अपने उद्योगपति दोस्तों से मंजूरी लेने के बाद ही फैसले ले रहे हैं। रमन सिंह के गृह क्षेत्र राजनांदगांव में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए गांधी ने कहा कि उनकी पार्टी अगर छत्तीसगढ़ में सत्ता में आई तो ‘भ्रष्ट’ लोगों के खिलाफ कार्रवाई करेगी और किसानों का कर्ज माफ कर दिया जाएगा।

छत्तीसगढ़ में 12 नवंबर को पहले चरण के मतदान से पहले एक अन्य रैली में उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘दिल्ली में मोदीजी के 10-15 उद्योगपति दोस्त हैं और इसी तरह छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के 10-15 बड़े उद्योगपति मित्र हैं। मोदीजी और सिंह अपने इन 10-15 दोस्तों से मंजूरी लिये बिना कभी कोई काम नहीं करते।’’ राजनांदगांव की रैली में गांधी ने मोदी पर राफेल सौदे में उद्योगपति अनिल अंबानी की तरफदारी करने का आरोप लगाया और फ्रांस के राष्ट्रपति फांसवा ओलांद के खबरों में आये एक बयान का जिक्र किया।

छत्तीसगढ़ सरकार पर चिट फंड घोटाले, नागरिक आपूर्ति घोटाले और मुख्यमंत्री के बेटे अभिषेक सिंह से जुड़े आरोपों को लेकर गांधी ने रमन सिंह पर भी निशाना साधा। अभिषेक सिंह पर विदेश में संपत्ति रखने का आरोप है। गांधी ने कहा, ‘‘सच यह है कि रमन सिंह हो या नरेंद्र मोदी, वे खुल्लम खुल्ला भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। राफेल हो या चिटफंड घोटाला।’’ उन्होंने कहा, ‘‘पाकिस्तान ने नवाज शरीफ को जेल में डाल दिया। लेकिन रमन सिंह के बेटे अभिषेक का नाम भी पनामा में आया था।’’ गांधी ने कहा, ‘‘जब कांग्रेस सरकार सत्ता में आएगी तो कार्रवाई की जाएगी। दिल्ली हो या छत्तीसगढ़, जो भी भ्रष्टाचार में लिप्त होगा, हम सलाखों के पीछे डाल देंगे।’’ कांग्रेस अध्यक्ष ने माल एवं सेवा कर (जीएसटी) लागू करने पर भी भाजपा नीत केंद्र सरकार पर हमला बोला और अपना आरोप दोहराया कि यह ‘गब्बर सिंह टैक्स’ है। उन्होंने उपस्थित जनता से कहा, ‘‘अगर सत्ता में आए तो कांग्रेस छत्तीसगढ़ में 10 दिन के भीतर हर किसान का कर्ज माफ कर देगी।’’ 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Chhattisgarh Assembly Election 2018 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024