1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. झारखण्ड विधान सभा चुनाव 2019
  4. झारखंड: प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी को दिया चैलेंज, पूछा- जोर के प्रधानमंत्री हैं या चोर के?

झारखंड: प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी को दिया चैलेंज, पूछा- जोर के प्रधानमंत्री हैं या चोर के?

 Written By: Bhasha
 Published : Dec 18, 2019 04:10 pm IST,  Updated : Dec 18, 2019 06:40 pm IST

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने विश्वविद्यालय परिसरों में पुलिस की कार्रवाई को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए बुधवार को झारखंड के मतदाताओं से आग्रह किया कि वे ऐसी सरकार चुनें जो छात्रों की बात सुने।

Congress General Secretary Priyanka Gandhi Vadra- India TV Hindi
Congress General Secretary Priyanka Gandhi Vadra (File Photo) Image Source : PTI

पाकुड़ (झारखंड): कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने झारखंड के पाकुड़ में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि "मैं पीएम मोदी को चुनौती देना चाहती हूं। मोदी जी संथाल परगना कानून के बारे में बोलिए, झारखंड में भूंख से मौतों के बारे में बोलिए, झारखंड में बेरोजगारी पर बोलिए, महिलाओं के रेप पर बोलिए, चौपट व्यापार, भ्रष्टाचार, गायब रोजगार पर बोलिए।"

प्रियंका गांधी ने कहा कि "आप किसके प्रधानमंत्री हैं? आप जोर के प्रधानमंत्री हैं, मोदी जी या चोर के प्रधानमंत्री हैं, इस पर बोलिए। इस देश के प्रधानमंत्री हैं या बंटवारे के प्रधानमंत्री हैं, इस पर बोलिए। इस सवाल का आपके पास जवाब नहीं है।" इतना ही नहीं प्रियंका गांधी ने CAA के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में हुई हिंसा के बाद विश्वविद्यालय परिसरों में पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा।

प्रियंका गांधी ने झारखंड के मतदाताओं से आग्रह किया कि वे ऐसी सरकार चुनें जो छात्रों की बात सुने। प्रियंका गांधी ने असम में राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) के नाकाम होने का दावा करते हुए कहा कि सरकार अब संशोधित नागरिकता कानून लाई है, जिसे लेकर छात्रों में आक्रोश है। कांग्रेस नेता ने चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, "देशभर में छात्र सड़कों पर उतर आए हैं और पुलिस की लाठियां खा रहे हैं।"

उन्होंने कहा कि कांग्रेस मतदाताओं से अपील करती है कि वह ऐसी सरकार चुने जो छात्रों की बात सुने, किसानों का कर्ज माफ करे, महिलाओं को सुरक्षा मुहैया कराए और आपकी (आदिवासियों की) संस्कृति और परंपरा की रक्षा करे। प्रियंका ने आरोप लगाया कि झारखंड सरकार एक 'भूमि बैंक' बनाकर उसे अमीरों को दे रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा आदिवासियों की संस्कृति और परंपरा की रक्षा करती है। झारखंड विधानसभा चुनाव के पांचवें और अंतिम चरण के लिये 20 दिसंबर को मतदान होना है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Jharkhand Vidhan Sabha Chunav 2019 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024