नई दिल्ली: संसद के केंद्रीय कक्ष में आयोजित एक समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का नेता चुन लिया गया। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा, "मैं इस बात की घोषणा कर खुश हूं कि नरेंद्र मोदी को सर्वसम्मति से भाजपा संसदीय दल का नेता चुन लिया गया है।"
Related Stories
इस अवसर पर शिरोमणि अकाली दल के नेता और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने मोदी को राजग संसदीय दल का नेता चुनने के लिए एक प्रस्ताव पेश किया, जिसका जनता दल (युनाइटेड) के अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, लोक जनशक्ति पार्टी के नेता रामविलास पासवान और राजग के अन्य नेताओं ने समर्थन किया।
बता दें कि प्रचंड और ऐतिहासिक जीत के बाद पीएम मोदी और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह आज सुबह से बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया। सबसे पहले मोदी और अमित शाह ने लालकृष्ण आडवाणी के घर जाकर उनसे आशीर्वाद लिया और उसके बाद मोदी और शाह ने मुरली मनोहर जोशी से मुलाकात की। पीएम मोदी जब मुरली मनोहर जोशी के घर पहुंचे तो जोशी ने गले लगाकर उनका स्वागत किया।
गौरतलब है कि देशभर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘प्रचंड लहर’ पर सवार भारतीय जनता पार्टी लोकसभा चुनाव 2019 में ऐतिहासिक जीत दर्ज कर लगातार दूसरी बार केंद्र में सरकार बनाने जा रही है और इसने 300 के आंकड़े के पार कर लिया है।