1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव 2019
  4. Lok Sabha Chunav 2019: जानिए आपके प्रदेश में कब होगा मतदान, 11 अप्रैल से 19 मई तक 7 चरणों में होगी वोटिंग, 23 मई को नतीजे

Lok Sabha Chunav 2019: जानिए आपके प्रदेश में कब होगा मतदान, 11 अप्रैल से 19 मई तक 7 चरणों में होगी वोटिंग, 23 मई को नतीजे

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 10, 2019 11:25 pm IST,  Updated : Mar 10, 2019 11:44 pm IST

चुनाव आयोग ने रविवार को लोकसभा चुनाव का कार्यक्रम घोषित किया। 17वीं लोकसभा के गठन के लिए सात चरण में 11 अप्रैल से 19 मई तक चुनाव होने हैं और मतदान के बाद 23 मई को सभी चरणों की एक साथ मतगणना होगी।

Elections- India TV Hindi
Elections

नई दिल्ली: चुनाव आयोग ने रविवार को लोकसभा चुनाव का कार्यक्रम घोषित किया। चुनाव आयुक्तों अशोक लवासा और सुशील चंद्रा के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने बताया कि 17वीं लोकसभा के गठन के लिए सात चरण में 11 अप्रैल से 19 मई तक चुनाव होने हैं और मतदान के बाद 23 मई को सभी चरणों की एक साथ मतगणना होगी। चुनावों के मद्देनजर देश में चुनाव आचार संहिता भी लगा दी गई है।

7 चरणों में होंगे लोकसभा चुनाव

पहले चरण में 20 राज्यों की 91 लोकसभा सीटों के लिए 11 अप्रैल को मतदान के बाद दूसरे चरण में 13 राज्यों की 97 लोकसभा सीटों पर 18 अप्रैल को, तीसरे चरण में 14 राज्यों की 115 सीटों पर 23 अप्रैल को, चौथे चरण में नौ राज्यों की 71 लोकसभा सीटों पर 29 अप्रैल को, पांचवें चरण में सात राज्यों की 51 सीटों पर छह मई को, छठवें चरण में सात राज्यों की 59 सीटों पर 12 मई को और सातवें चरण में आठ राज्यों की 59 सीटों पर 19 मई को मतदान होगा।

कब, कहां होगी वोटिंग

इन मोटे-मोटे आंकड़ों में आप ये नहीं समझ पाए होंगे कि आपके प्रदेश में कब-कब चुनाव होने हैं। इसीलिए अब हम आपको इन आंकड़ों से ओर आगे ले जाते हैं और एक टेबल बनाकर इसकी जानकारी देते हैं कि आखिर कब कहां मतदान होंगे। जिससे आप अपने प्रदेश में होने वाले मतदान की तारीख के बारे में आसानी से जान सकें।

प्रदेश/केंद्र शासित प्रदेश मतदान की तारीख कुल लोकसभी सीटें
आंद्र प्रदेश 11 अप्रैल 25
अरुणाचल प्रदेश 11 अप्रैल 02
असम 11, 18 और 23 अप्रैल 14
बिहार 11, 18, 23, 29 अप्रैल और 6, 12 तथा 19 मई 40
छत्तीसगढ़ 11, 18 और 23 अप्रैल 11
गोवा 23 अप्रैल 2
गुजरात 23 अप्रैल 26
हरियाणा 12 मई 10
हिमाचल प्रदेश 19 मई 4
जम्मू-कश्मीर 11, 18, 23, 29 अप्रैल और 6 मई 6*
झारखंड 29 अप्रैल और 6, 12 तथा 19 मई 14
कर्नाटक 18 और 23 अप्रैल 28
केरला 23 अप्रैल 20
मध्य प्रदेश 29 अप्रैल और 6, 12 तथा 19 मई 29
महाराष्ट्रा 11, 18, 23 और 29 अप्रैल 48
मणीपुर 11 और 18 अप्रैल 2
मेघालय 11 अप्रैल 2
मिजोरम 11 अप्रैल 1
नागालैंड 11 अप्रैल 1
ओडिशा 11, 18, 23 और 29 अप्रैल 21
पंजाब 19 मई 13
राजस्थान 29 अप्रैल और 6 मई 25
सिक्किम 11 अप्रैल 1
तमिलनाडु 18 अप्रैल 39
तेलंगाना 11 अप्रैल 17
त्रिपुरा 11 और 18 अप्रैल 2
उत्तर प्रदेश 11, 18, 23, 29 अप्रैल और 6, 12 तथा 19 मई 80
उत्तराखंड 11 अप्रैल 5
प. बंगाल 11, 18, 23, 29 अप्रैल और 6, 12 तथा 19 मई 42
अंडमान निकोबार 11 अप्रैल 1
चंडीगढ़ 19 मई 1
दादर एंड नागर हवेली 23 अप्रैल 1
दमन एंड दीव 23 अप्रैल 1
लक्षद्वीप 11 अप्रैल 1
दिल्ली 12 मई 7
पुड्डुचेरी 18 अप्रैल 1

वीवीपीएटी युक्त ईवीएम का होगा इस्तेमाल

चुनाव आयुक्तों अशोक लवासा और सुशील चंद्रा के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि 543 लोकसभा सीटों पर होने वाले चुनाव में इस बार प्रत्येक मतदान केंद्र पर वीवीपीएटी युक्त ईवीएम का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे पहले प्रत्येक सीट के किसी एक मतदान केंद्र पर ईवीएम के साथ वीवीपीएटी का इस्तेमाल किया जा रहा था। वीवीपेट की मदद से मतदाता को उसके मतदान की पर्ची देखने को मिलती है। 

चार प्रदेशों के भी होंगे चुनाव

चुनाव कार्यक्रम की जानकारी देते हुए अरोड़ा ने बताया कि आंध्र प्रदेश, अरूणाचल प्रदेश, ओडिशा और सिक्किम में विधानसभा चुनाव, लोकसभा चुनाव के साथ ही होंगे। इन राज्यों में विधानसभा का कार्यकाल अगले कुछ महीनों में पूरा होगा। इसी के साथ उन्होंने स्पष्ट किया कि जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव, लोकसभा चुनाव के साथ नहीं होंगे। हालांकि, जम्मू कश्मीर की अनंतनाग लोकसभा सीट पर सुरक्षा कारणों से मतदान तीन चरणों में होगा।

18 मार्च को जारी होगी पहली अधिसूचना 

अरोड़ा ने बताया कि आगामी लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए 11 अप्रैल को होने वाले मतदान की अधिसूचना 18 मार्च को जारी की जाएगी। उल्लेखनीय है कि 2014 में 16वीं लोकसभा का चुनाव नौ चरण में कराया गया था। इसके अलावा उन्होंने सातों चरण के बारे में विस्तार से भी जानकारी दी और बताया कि किस चरण में कितनी सीटों पर मतदान कराया जाएगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Lok Sabha Chunav 2019 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024