1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव 2019
  4. लोकसभा चुनाव: भूपेंद्र सिंह हुड्डा के खिलाफ AAP की सहयोगी JJP ने दिग्विजय को उतारा

लोकसभा चुनाव: भूपेंद्र सिंह हुड्डा के खिलाफ AAP की सहयोगी JJP ने दिग्विजय को उतारा

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 22, 2019 01:31 pm IST,  Updated : Apr 22, 2019 01:31 pm IST

जननायक जनता पार्टी (JJP) ने लोकसभा चुनाव के लिए हरियाणा से अपने 3 अन्य उम्मीदवारों के नामों की सोमवार को घोषणा की।

Jannayak Janata Party fields Digvijay Chautala against Bhupinder Singh Hooda from Sonipat | Facebook- India TV Hindi
Jannayak Janata Party fields Digvijay Chautala against Bhupinder Singh Hooda from Sonipat | Facebook

नई दिल्ली/चंडीगढ़: जननायक जनता पार्टी (JJP) ने लोकसभा चुनाव के लिए हरियाणा से अपने 3 अन्य उम्मीदवारों के नामों की सोमवार को घोषणा की। पार्टी ने सोनीपत से पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस उम्मीदवार भूपेंद्र सिंह हुड्डा के खिलाफ दिग्विजय चौटाला को उतारा है। पार्टी के एक प्रवक्ता ने बताया कि कुरुक्षेत्र से जयभगवान शर्मा और गुड़गांव से महमूद खान को टिकट दिया गया है। पार्टी का गठन पिछले साल दिसम्बर में दिग्विजय चौटाला के पिता अजय चौटाला ने किया था। JJP हरियाणा में आप के साथ मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ रही है।

3 सीटों पर AAP और 7 पर JJP लड़ रही है चुनाव

हरियाणा में आम आदमी पार्टी 3 और JJP बाकी 7 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। AAP ने रविवार को हरियाणा से अपने 3 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की थी। AAP की प्रदेश इकाई के प्रमुख नवीन जयहिंद को फरीदाबाद से टिकट दिया गया है। जयहिंद AAP के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के करीबी माने जाते हैं। चौटाला परिवार में फूट के कारण इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) से अलग JJP का गठन हुआ था। INLD ने अजय चौटाला और उनके बेटों दुष्यंत और दिग्विजय को निष्कासित कर दिया था। 

जींद विधानसभा उपचुनाव में हारे थे दिग्विजय
दिग्विजय चौटाला को इस साल जनवरी में जींद उपचुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। आम आदमी पार्टी ने उस सीट पर दिग्विजय को समर्थन दिया था। इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने जीत दर्ज की थी। JJP अन्य सीटों पर पहले ही उम्मीवारों की घोषणा कर चुकी है। दुष्यंत चौटाला हिसार सीट से दोबारा मैदान में हैं। लोकसभा चुनाव के लिए हरियाणा में नामंकन दायर करने की आखिरी तारीख 23 अप्रैल है। राज्य में छठे चरण में 12 मई को मतदान होगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Lok Sabha Chunav 2019 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024