नई दिल्ली: लोकसभा चुनावों के अंतिम चरण के तहत 19 मई को मतदान होना है। इस चरण के लिए चुनाव प्रचार आज शाम थम जाएगा, इसलिए सभी राजनीतिक दल अपने मतदाताओं तक अपनी बात पहुंचाने के लिए आज पूरा जोर लगा देंगे। आपको बता दें कि पश्चिम बंगाल में चुनावी हिंसा और बवाल को देखते हुए चुनाव आयोग ने प्रचार अभियान गुरुवार की रात 10 बजे ही समाप्त कर दिया था। इस चुनावी मौसम में आज होने वाली नेताओं की नोंकझोंक और चुनाव से जुड़े लेटेस्ट अपडेट्स के बारे में जानने के लिए हमारे साथ बने रहें:
- Hindi News
- लोकसभा चुनाव 2024
- लोकसभा चुनाव 2019
- लोकसभा चुनाव: थमा आखिरी दौर का चुनाव प्रचार, 19 मई को 59 लोकसभा सीटों पर होगा मतदान
लोकसभा चुनाव: थमा आखिरी दौर का चुनाव प्रचार, 19 मई को 59 लोकसभा सीटों पर होगा मतदान
इस चुनावी सीजन में सियासत से जुड़ी हर छोटी-बड़ी खबर और अपडेट्स पाने के लिए हमारे साथ जुड़े रहें।
Lok Sabha Elections 2019 Live Updates
-
7:06 PM (IST) May 17, 2019
हिमाचल प्रदेश- विश्व के सबसे ऊंचे मतदान केंद्र में पोलिंग करवाने के लिए चुनाव आयोग की टीम लाहौल स्पीति के ताशीगंग पहुंच गई है। ये पोलिंग स्टेशन समुद्र तल से 15 हजार 226 फीट की ऊंचाई पर स्थित है। आपको बता दें कि लाहौल स्पिति का ताशीगंग मंडी लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है।
-
6:10 PM (IST) May 17, 2019
खत्म हुआ लोकसभा चुनाव 2019 का चुनाव प्रचार। 19 मई को होगा सातवें और अंतिम चरण का मतदान। 23 मई 2019 को आएंगे चुनाव के नतीजे।
-
5:19 PM (IST) May 17, 2019
हम उत्तर पूर्व भारत में अच्छा करेंगे। पश्चिम बंगाल में बहुत अच्छा करेंगे। हम ओड़िशा में भी अच्छा करेंगे। दक्षिण भारत के सभी राज्यों में प्रदर्शन पहले से बेहतर रहेगा। महाराष्ट्र में हम ज्यादा भी हम बेहतर करेंगे - अमित शाह
-
5:18 PM (IST) May 17, 2019
दूसरा उद्देश्य यूपी में कांग्रेस की विचारधारा को बढ़ावा देना है। तीसरा उद्देश्य यूपी में विधानसभा चुनाव जीतना है। विचारधारा के तौर पर मुझे नहीं लगता कि मायावती जी, मुलायम जी, ममता जी, चंद्रबाबू नायडू जी मोदी सरकार का समर्थन करेंगे – राहुल गांधी
-
5:15 PM (IST) May 17, 2019
मैं इस बात का सम्मान करता हूं कि सपा-बसपा ने यूपी में एकसाथ चुनाव लड़ने का फैसला किया। कांग्रेस पार्टी के नजरिया से, मुझे पार्टी की विचारधारा यूपी में बढ़ानी है। मैंने ज्योतिरादित्य और प्रियंका को पूरी तरह से साफ कर दिया था कि हमारा मकसद भाजपा को हराना है। - राहुल गांधी
-
5:11 PM (IST) May 17, 2019
साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के बयान से हम सहमत नहीं हैं। उनके बयान पर अनुशासन समिति फैसला लेगी। - अमित शाह
-
5:10 PM (IST) May 17, 2019
मोदी सरकार के काम और जनता के रिस्पॉन्स के आधार पर हम कह रहे हैं कि हमें 300 से ज्यादा सीटें मिलने जा रही हैं – अमित शाह
-
5:09 PM (IST) May 17, 2019
हम पूरे देश में चुनाव लड़ रहे हैं। पश्चिम बंगाल में ही क्यों हिंसा होती है? 80 लोग हमारे मारे गए हैं, आपको ममता बनर्जी से सवाल करना चाहिए – अमित शाह
-
5:05 PM (IST) May 17, 2019
राहुल गांधी – पीएम नरेंद्र मोदी लाइव कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं, मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि आपने मुझसे राफेल पर डिबेट क्यों नहीं की? मैंने आपको डिबेट के लिए चैलेंज किया था, आप मीडिया को बताइये कि आपने डिबेट क्यों नहीं की?
-
5:02 PM (IST) May 17, 2019
काफी लंबे समय बाद देश में ऐसा होगा, हमारी सरकार लगातार दूसरी बार पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में लौटेगी। - पीएम नरेंद्र मोदी
-
4:59 PM (IST) May 17, 2019
जनता पहले से ज्यादा आशीर्वाद दे रही है। फिर पूर्ण बहुमत की सरकार आ रही है। पिछली बार 16 मई को परिणाम आया था। 17 मई को सट्टा बाजार को बहुत बड़ा नुकसान हुआ था। 17 मई को इमानदारी की शुरुआत हुई थी। - पीएम नरेंद्र मोदी
-
4:53 PM (IST) May 17, 2019
भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र। मैं मानूंगा कि विश्व को हमने प्रभावित करना चाहिए। इतना बड़ा चुनाव चल रहा है। जब सरकार सक्षम होती है तो रमजान चलता है, IPL चलता है और चुनाव भी चलता है। - पीएम नरेंद्र मोदी
-
4:49 PM (IST) May 17, 2019
कांग्रेस पार्टी ने किसानों का मुद्दा उठाया। हमने न्याय योजना की बात की। हमने अपना काम किया। बाकी जनता पर है। - राहुल गांधी
-
4:49 PM (IST) May 17, 2019
मुझे लगता है कि कांग्रेस काफी बढ़िया चुनाव लड़ी। 2014 में हमारे पास कम सांसद थे, लेकिन कांग्रेस पार्टी ने विपक्ष का जबरदस्त रोल प्ले किया। कांग्रेस पार्टी ने नरेंद्र मोदी को आइडिया खत्म कर दिया। मोदी जी डर गए और डिबेट नहीं कर पाए। - राहुल गांधी
-
4:43 PM (IST) May 17, 2019
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास अनलिमिटेड पैसा, जबकि हमारे पास सिर्फ सच्चाई है।
-
4:39 PM (IST) May 17, 2019
2014 में जिन 120 में पार्टी नहीं जीती थी, उनमें से 80 में इस बार जीत संभव – अमित शाह
-
4:37 PM (IST) May 17, 2019
भाजपा दफ्तर पहुंचे पीएम नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह। अमित शाह बोले – जनता फिर बना रही है मोदी सरकार।
-
4:23 PM (IST) May 17, 2019
कुछ ही देर में पीएम नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह राजधानी नई दिल्ली स्थित भाजपा दफ्तर में पहुंचने वाले हैं। बताया जा रहा है कि पीएम नरेंद्र मोदी यहां अमित शाह के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद रहेंगे।
-
3:48 PM (IST) May 17, 2019
कुशीनगर में प्रियंका गांधी वाड्रा ने कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में निकाला रोड शो। केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर साधा निशाना।
-
3:33 PM (IST) May 17, 2019
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साध्वी प्रज्ञा के बयान से नाराजगी जतायी है। पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा है कि ये अलग बात है कि उन्होंने माफ़ी मांग ली, लेकिन मैं उन्हें मन से कभी माफ़ नहीं कर पाऊंगा।
-
3:12 PM (IST) May 17, 2019
मध्य प्रदेश: भाजपा नेता अनिल सौमित्र को सोशल मीडिया पर उनके विवादित पोस्ट के लिए पार्टी ने सस्पेंड कर दिया है। भाजपा ने सौमित्र से 7 दिनों के अंदर जवाब मांगा है।
-
12:59 PM (IST) May 17, 2019
मध्य प्रदेश के खरगौन में पीएम मोदी
मेरी खरगौन और धार के सभी मतदाताओं से अपील है कि 19 मई को भारी संख्या में मतदान केंद्र पर पहुंचें। कमल निशान पर बटन दबाएं। मजबूत भारत के लिए एक मजबूत सरकार के लिए अपना भरपूर समर्थन दें।
-
12:58 PM (IST) May 17, 2019
मध्य प्रदेश के खरगौन में पीएम मोदी
आयुष्मान भारत योजना ने देश को, गरीब को ये विश्वास दिया है कि अब पैसों की कमी बेहतर स्वास्थ्य के आड़े नहीं आएगी। 5 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज आज अनेक परिवारों को बीमारी के साथ-साथ भीषण गरीबी में जाने से भी बचा रहा है।
-
12:52 PM (IST) May 17, 2019
मध्य प्रदेश के खरगौन में पीएम मोदी
बिजली के वादे के साथ तो इन्होंने ऐसा खेल कर दिया कि अच्छे-अच्छे चकरा जाएं। इन्होंने बिजली का बिल आधा करने का वादा किया था। लेकिन इनका शैतानी दिमाग देखिए, बिजली का बिल तो आधा किया नहीं, बिजली ही आधी कर दी।
-
12:51 PM (IST) May 17, 2019
मध्य प्रदेश के खरगौन में पीएम मोदी
बीते 5 वर्ष में स्कूल-स्कूल में, घर-घर में बहन-बेटियों के लिए हमने शौचालय बनाया। गांव-गांव, गरीब के घर-घर तक बिजली पहुंचाने का बीड़ा उठाया। गरीब से गरीब के घर में मुफ्त गैस का कनेक्शन दिया। आने वाले 5 वर्षों में हम पानी की समस्या पर गंभीरता से काम करने वाले हैं।
-
12:50 PM (IST) May 17, 2019
मध्य प्रदेश के खरगौन में पीएम मोदी
यहां विधानसभा चुनाव में कांग्रेस वालों ने कहा था कि हम 10 दिन में किसानों का कर्ज माफ़ कर देंगे। अब तक कर्ज माफ़ हुआ क्या ? उल्टा बैंक नए कर्ज नहीं दे रहे। जिन्होंने कर्ज माफ़ नहीं किया, उन्हें कहिये कि आप हमें माफ़ करो और जाओ।
-
12:50 PM (IST) May 17, 2019
मध्य प्रदेश के खरगौन में पीएम मोदी
मंडियों को बिचौलिया मुक्त करने के लिए, किसान को उचित दाम दिलाने के लिए, e-NAM जैसी व्यवस्था पूरे देश में सशक्त की जा रही है। जो दिल्ली से आपके इस सेवक ने आदिवासी बच्चों, प्रसूता बहनों को कुपोषण से, भूख से बचाने के लिए पैसा भेजा, वो पैसा भी इन्होंने चुनाव प्रचार में लगा दिया। तुगलक रोड चुनाव घोटाला पूरे देश ने देखा है। कांग्रेस के नेताओं के घर से करोड़ों रुपए बोरों में भर-भर कर मिले।
-
12:42 PM (IST) May 17, 2019
मध्य प्रदेश के खरगौन में पीएम मोदी
हम किसानों को सशक्त बनाने में जुटे हैं। इसी सोच के तहत ही किसानों के खाते में सीधे पैसे जमा किए जा रहे हैं। अब तो हमने ये भी तय किया है कि अब देश के हर किसान परिवार के खाते में ये मदद सीधे भेजें।
-
12:42 PM (IST) May 17, 2019
मध्य प्रदेश के खरगौन में पीएम मोदी
आज मैं उस किसान का भी आभार व्यक्त करता हूं, जिसने निरंतर अपने इस सेवक पर भरोसा रखा है। बीते 5 वर्ष में बीज से लेकर बाज़ार तक की एक मजबूत व्यवस्था बनाने के लिए जो कदम उठाए हैं, उनको हम और गति देने वाले हैं। 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने के लिए हम पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं।
-
12:41 PM (IST) May 17, 2019
मध्य प्रदेश के खरगौन में पीएम मोदी
आदिवासी संस्कृति और परंपरा को तकनीक के माध्यम से संरक्षित किया जा रहा है। इसके अलावा आजादी के लिए शहीद हुए आदिवासी वीर-वीरांगनाओं के लिए देशभर में स्मारकों पर काम चल रहा है।
-
12:40 PM (IST) May 17, 2019
मध्य प्रदेश के खरगौन में पीएम मोदी
वनधन केंद्रों के माध्यम से वन-उपज में मूल्य वृद्धि करने के लिए हम निरंतर काम कर रहे हैं, जिससे वन-उपज की अधिक कीमत मिलनी तय है। यही नहीं, आदिवासी कलाकृतियों को दुनिया भर के मार्केट में ऑनलाइन पहुंचाने के लिए भी हम जुटे हैं।
-
12:40 PM (IST) May 17, 2019
मध्य प्रदेश के खरगौन में पीएम मोदी
जब तक मोदी है, बीजेपी है, तब तक जंगल में रहने वालों के अधिकारों को, उनकी जमीन को कोई हाथ नहीं लगा पाएगा। आपका ये सेवक आदिवासी समाज की पढ़ाई, कमाई, दवाई, सिंचाई और जन-जन की सुनवाई के लिए निष्ठा से काम कर रहा है। पढ़ाई के लिए देशभर में एकलव्य स्कूलों का एक व्यापक नेटवर्क बनाया जा रहा है। आदिवासी क्षेत्रों से विश्व स्तरीय खिलाड़ी तैयार करने का हमने अभियान चलाया है।
-
12:29 PM (IST) May 17, 2019
मध्य प्रदेश के खरगौन में पीएम मोदी
कांग्रेस, सैनिकों से विशेषाधिकार छीनने और देशद्रोह का कानून खत्म करने जैसे विषयों को लेकर जनता के बीच गई, जिसको देश ने ठुकरा दिया है। देश इस बात पर एकमत है कि जो लोग जम्मू कश्मीर के लिए अलग प्रधानमंत्री की पैरवी कर रहे हैं, उन्हें इस चुनाव में बड़ी से बड़ी सज़ा दी जाए।
-
12:29 PM (IST) May 17, 2019
मध्य प्रदेश के खरगौन में पीएम मोदी
कश्मीर से कन्याकुमारी, कच्छ से कामरूप, पूरा देश कह रहा है, अबकी बार, 300 पार! फिर एक बार, मोदी सरकार। मुझे प्रसन्नता है कि देश, राष्ट्रवाद की प्रेरणा, अंत्योदय के दर्शन और सुशासन के मंत्र को लेकर चल रही भाजपा के प्रति अपना विश्वास दिखा रहा है। मुझे संतोष है कि, हमारे सपूतों के सम्मान में, शौर्य के सम्मान में पूरा देश खड़ा हो रहा है।
-
12:28 PM (IST) May 17, 2019
मध्य प्रदेश के खरगौन में पीएम मोदी
लोकतंत्र में चुनाव, सरकार बनाने के लिए होता है। राजनीतिक दल और जन प्रतिनिधि आपसे अपनी-अपनी नीयत और नीति के हिसाब से वोट मांगते हैं। लेकिन 2019 का ये चुनाव भिन्न है, अभूतपूर्व है। इस चुनाव का नेतृत्व देश की जनता कर रही है।
-
12:27 PM (IST) May 17, 2019
मध्य प्रदेश के खरगौन में पीएम मोदी
इस रविवार को जब आप मतदान केंद्र पर पहुंचेंगे तो, आप इतिहास रचने वाले हैं। आप दशकों बाद लगातार दूसरी बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने वाले हैं। इस बार आप सिर्फ एक वोट नहीं डालने वाले बल्कि विकसित और वैभवशाली, नए भारत की नींव को मजबूत करने वाले हैं।
-
12:18 PM (IST) May 17, 2019
मध्य प्रदेश के खरगौन में पीएम मोदी
मेरठ में जहां अंग्रेजों के खिलाफ सैनिक विद्रोह हुआ था, वहीं खरगौन की इस धरती पर महान योद्धा और स्वतंत्रता सेनानी भीमा नायक ने आदिवासी आंदोलन का नेतृत्व किया और मां भारती की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी थी।
-
12:18 PM (IST) May 17, 2019
मध्य प्रदेश के खरगौन में पीएम मोदी
ऐतिहासिक नजर से देखें तो मेरठ और खरगौन के बीच एक डोर ऐसी भी है जिस पर जिस पर अकसर ध्यान नहीं जाता। ये दोनों ही शहर 1857 के स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े हुए हैं।
-
12:17 PM (IST) May 17, 2019
मेरे चुनाव अभियान की शुरुआत उत्तर प्रदेश के मेरठ से हुई थी। अब आखिरी सभा मध्य प्रदेश के खरगौन में हो रही है: मध्य प्रदेश के खरगौन में पीएम मोदी
-
12:16 PM (IST) May 17, 2019
मध्य प्रदेश के खरगौन में इन लोकसभा चुनावों की अपनी आखिरी रैली को संबोधित कर रहे हैं PM मोदी।
-
11:04 AM (IST) May 17, 2019
लोकसभा चुनाव के नतीजों के ऐलान में अब सिर्फ एक हफ्ते का समय बचा है। ऐसे में गैर-एनडीए दलों ने केंद्र में गठबंधन सरकार के गठन के संभावनाओं पर काम करना शुरू कर दिया है। कांग्रेस ने अब 21 मई के बजाय नतीजों वाले दिन यानी 23 मई को विपक्षी दलों की बैठक बुलाई है।
-
8:23 AM (IST) May 17, 2019
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी आज शिमला में चुनाव प्रचार करेंगे। बता दें कि गुरुवार को राहुल गांधी ने पटना में बीजेपी से कांग्रेस में आए शत्रुघ्न सिन्हा के लिए चुनाव प्रचार किया था।
-
6:56 AM (IST) May 17, 2019
आज लोकसभा चुनावों के अंतिम चरण के लिए प्रचार अभियान समाप्त हो जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मध्य प्रदेश के खरगौन में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।