1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव 2019
  4. लोकसभा चुनाव: भाजपा को टक्कर देने के लिए हरियाणा में इस पार्टी के साथ आएगी AAP!

लोकसभा चुनाव: भाजपा को टक्कर देने के लिए हरियाणा में इस पार्टी के साथ आएगी AAP!

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 12, 2019 09:46 am IST,  Updated : Apr 12, 2019 09:46 am IST

लोकसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को टक्कर देने के लिए देश के कई हिस्सों में विपक्षी पार्टियों ने गठबंधन किया है।

Arvind Kejriwal | PTI File- India TV Hindi
Arvind Kejriwal | PTI File

नई दिल्ली: लोकसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को टक्कर देने के लिए देश के कई हिस्सों में विपक्षी पार्टियों ने गठबंधन किया है। इस कड़ी में हरियाणा से एक नाम और जुड़ सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, लोकसभा चुनावों में हरियाणा की सभी 10 सीटों पर आम आदमी पार्टी (AAP) और जननायक जनता पार्टी (JJP) के बीच चुनावी गठबंधन के बारे में गुरुवार को सैद्धांतिक सहमति कायम हो गयी है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो दोनों दल शुक्रवार को गठबंधन की औपचारिक घोषणा कर सकते हैं।

‘AAP’ सूत्रों के अनुसार, ‘AAP’ और JJP हरियाण की सभी दस सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेंगे। उल्लेखनीय है कि पंजाब और हरियाणा में 'AAP' एवं कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत विफल रहने के बाद पार्टी नेतृत्व ने JJP के साथ गठबंधन की पहल की है। सूत्रों ने कहा कि ‘AAP’ कुल 10 में से 4 सीटों फरीदाबाद, गुड़गांव, करनाल और अंबाला में चुनाव लड़ना चाहती है, लेकिन JJP उसे 3 सीटें देने को ही तैयार है। हरियाणा में ‘AAP’ और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत विफल रही थी जिसके बाद अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली पार्टी ने यह कदम उठाया। 

आपको बता दें कि कांग्रेस और ‘AAP’ नेतृत्व ने अभी दिल्ली में गठबंधन नहीं होने के बारे में स्पष्ट घोषणा नहीं की है, लेकिन अब इसे महज एक औपचारिकता माना जा रहा है। ‘AAP’ के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि शुक्रवार को JJP और ‘AAP’ के बीच गठबंधन की औपचारिक घोषणा होने की संभावना है। दोनों दलों के बीच हरियाणा में सीटों के तालमेल का भी ऐलान किया जा सकता है। इसमें यह घोषित किए जाने की संभावना है कि किस दल के उम्मीदवार किस सीट से चुनाव लड़ेंगे। हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों पर छठे चरण में 12 मई को मतदान होना है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Lok Sabha Chunav 2019 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024