बारामती (महाराष्ट्र): राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) प्रमुख शरद पवार ने प्रधानमंत्री मोदी का नाम लिए बिना शुक्रवार को कहा कि जिसका परिवार ही न हो वह इसे कैसे समझ सकता है। यहां पुरंदर में अपनी बेटी एवं राकांपा सांसद सुप्रिया सुले के लिए चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पूर्व कृषि मंत्री ने मोदी सरकार पर किसानों के हित को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वह “जब तक जिंदा हैं” तब तक किसानों का समर्थन करेंगे।
Related Stories
मोदी ने एक अप्रैल को वर्धा में रैली के दौरान पवार पर निशाना साधते हुए कहा था कि उनके भतीजे एवं महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की वजह से पैदा हुई पारिवारिक कलह की वजह से राकांपा पर उनकी पकड़ कमजोर होती जा रही है।
राकांपा की ओर से जारी एक बयान में पवार के हवाले से कहा गया कि शुक्रवार की रैली में उन्होंने कहा, “जिसका परिवार नहीं है वह कैसे समझ सकता है कि परिवार क्या होता है?” पवार ने कहा कि सरकार राज्य में सूखे को लेकर गंभीर नहीं है।
उन्होंने कहा, “मेरे पोते रोहित ने अहमदनगर के करजात में टैंकरों के जरिए पानी उपलब्ध कराया। असल में यह काम सरकार का था। लेकिन हम लोगों के साथ हैं।”