1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव 2019
  4. ‘धर्म संकट’ में प्रियंका गांधी, रोड शो में ‘मोदी-मोदी’ के गूंजे नारे

‘धर्म संकट’ में प्रियंका गांधी, रोड शो में ‘मोदी-मोदी’ के गूंजे नारे

 Written By: Bhasha
 Published : Apr 09, 2019 08:38 pm IST,  Updated : Apr 09, 2019 11:01 pm IST

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को पार्टी के लोकसभा प्रत्याशियों के समर्थन में बिजनौर और सहारनपुर में रोड शो किए। बिजनौर में कुछ BJP समर्थकों ने मोदी-मोदी के नारे लगाए। वहीं, सहारनपुर में जैन समुदाय ने प्रियंका गांधी के जैन मंदिर में नहीं जाने की वजह से नाराज होकर मोदी-मोदी के नारे लगाए।

Priyanka Gandhi- India TV Hindi
Congress General Secretary Priyanka Gandhi Vadra during an election campaign roadshow in support of the party candidates, in Saharanpur. Image Source : PTI

बिजनौर/सहारनपुर: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को पार्टी के लोकसभा प्रत्याशियों के समर्थन में अलग-अलग रोड शो किए। बिजनौर में रोड शो के दौरान कुछ लोगों ने ‘‘मोदी-मोदी ’’ के नारे लगाए लेकिन पुलिस के हस्तक्षेप से इसे लेकर दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच कोई टकराव होने से बच गया। लोकसभा चुनाव में प्रथम चरण के चुनाव प्रचार के अंतिम दिन मंगलवार को प्रियंका बिजनौर में सेंटमेरी स्कूल के निकट हेलीकाप्टर से दोपहर को उतरीं। 

पहले वह कांग्रेस उम्मीदवार नसीमुद्दीन सिद्दीकी के चुनावी कार्यालय गईं और फिर प्रत्याशी के साथ खुली कार में डाकघर चौराहा पहुंची। इसी चौराहे से उनका रोड शो शुरू होकर सदर बाजार, पुरानी तहसील, रम्मू का चौराहा होते हुए जाटान चौकी पर दो किमी की दूरी तय कर समाप्त हुआ। रास्ते भर जहां लोग सड़क पर उन्हें देखने को खड़े थे वहीं बड़ी संख्या में महिलाएं प्रियंका की झलक पाने के लिए छत पर खड़ी थीं। प्रियंका हाथ जोड़कर और लोगों पर फूल फेंक कर उनका अभिवादन कर रहीं थीं।

सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ उन्हें यहां एक चुनावी सभा संबोधित करनी थी लेकिन दोनों का कार्यक्रम रद्द हो गया था। प्रियंका के रोड शो के दौरान जाटान में ढाली के पास कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने ‘मोदी-मोदी’ के नारे लगाए। प्रियंका ने उन्हें नारे लगाते देखा तो उन पर मालाएं और फूल फेंक कर अपनी सौम्यता का परिचय दिया।

रोड शो के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने इन भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों का विरोध करने का प्रयास किया। लेकिन, समय रहते पुलिस के हस्तक्षेप से दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच संभावित टकराव बच गया। वहीं, बिजनौर के बाद सहारनपुर में प्रियंका ने कांग्रेस प्रत्याक्षी इमरान मसूद के समर्थन में रोड शो किया। इसमें भीड़ ने प्रियंका का स्वागत किया, उनके साथ सैल्फी खिंचवाई।

 
कांग्रेस प्रत्याशी इमरान मसूद के साथ खुले वाहन में प्रियंका का रोड शो जैन बाग मार्किट से शुरू हुआ। दो किलोमीटर के इस रोड शो के दौरान प्रियंका कई बार गाड़ी से उतरकर कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच पहुंच गईं। प्रियंका का यह रोड शो शाम तीन बजे आरम्भ होकर साढ़े चार बजे जैन बाग से लकड़ी बाजार और अम्बाला रोड के कुतुबशेर थाने तक पहुंचा।
 
रोड शो के दौरान प्रियंका के जैन मंदिर में नहीं जाने के कारण इस समुदाय के कुछ लोगों ने ‘‘मोदी-मोदी’’ के नारे लगाए। जैन समाज से जुडे अकुंर जैन ने बताया कि प्रियंका का रोड शो के दौरान जैन समाज के लोगों की और से जैन मन्दिर परिसर में स्वागत कार्यक्रम था। लेकिन, प्रियंका ने मन्दिर पर रूककर दर्शन नहीं किए और रोड शो आगे बढ़ गया। इससे जैन समाज के लोगों में रोष पनपा और उन्होंने नारेबाजी की।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Lok Sabha Chunav 2019 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024