1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव 2019
  4. कांग्रेस ने खेला चुनावी कार्ड, राहुल बोले सत्ता में आए तो लागू होगी न्यूनतम आय गारंटी योजना

कांग्रेस ने खेला चुनावी कार्ड, राहुल बोले सत्ता में आए तो लागू होगी न्यूनतम आय गारंटी योजना

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 10, 2019 07:18 am IST,  Updated : Mar 10, 2019 07:18 am IST

तेलंगाना में लोकसभा चुनाव के वास्ते कांग्रेस के चुनाव प्रचार की शुरुआत करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आई तो न्यूनतम आय गारंटी योजना लागू करेगी ।

Rahul Gandhi- India TV Hindi
Rahul Gandhi Image Source : PTI

तेलंगाना में लोकसभा चुनाव के वास्ते कांग्रेस के चुनाव प्रचार की शुरुआत करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आई तो न्यूनतम आय गारंटी योजना लागू करेगी । कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो भारत बना रहे हैं, एक भारत जहां केवल धनी लोगों को फायदा होता है तथा दूसरा भारत जहां हाथ जोड़कर ऋण माफी की मांग करने वाले किसानों को नीचा दिखाया जाता है। 

गांधी ने कहा कि कांग्रेस ऐसा नहीं होने देगी। उन्होंने कहा, ‘‘हमने फैसला किया है कि कांग्रेस पार्टी भारत में हर गरीब को निश्चित न्यूनतम आय देगी। 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस की सरकार न्यूनतम आय तय करेगी। यह किसी आय स्तर (गरीबी रेखा से) से नीचे नहीं होगी।’’ कांग्रेस अध्यक्ष ने यहां कांग्रेस पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘हम एक भी व्यक्ति को नहीं छोड़ेंगे। हम ऐसे लोगों को खोजेंगे जिनकी आय न्यूनतम आय से कम है। हम उनके खातों में पैसे जमा करेंगे।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘जिन लोगों की आय न्यूनतम आय (निर्धारित) से कम है, उन्हें इस योजना के तहत पैसे मिलेंगे। ऐसे लोग, भले ही कोई हों, किसी भी राज्य में रहते हों, किसी भी धर्म के हों, या कोई भी भाषा बोलते हों।’’ गांधी ने आरोप लगाया कि कुछ व्यापारी बैंकों से ऋण लेकर देश से भाग गये लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गयी । उन्होंने कहा, ‘‘मोदी 15 लोगों के लिए काम करते हैं।’’ 

डोकलाम के मुद्दे का जिक्र करते हुए गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने गुजरात में उस वक्त चीनी राष्ट्रपति की मेजबानी की जब उस देश की सेना डोकलाम में घुस आई थी। महिला आरक्षण विधेयक पर गांधी ने कहा कि कांग्रेस लोकसभा और राज्यसभा तथा राज्य विधानसभाओं में इसे पारित कराने के लिए प्रयास करेगी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Lok Sabha Chunav 2019 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024