1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. महाराष्ट्र विधान सभा चुनाव 2019
  4. ‘विधानसभा नतीजों के बाद शरद पवार का सामाजिक, राजनीतिक करियर समाप्त हो जाएगा’

‘विधानसभा नतीजों के बाद शरद पवार का सामाजिक, राजनीतिक करियर समाप्त हो जाएगा’

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 09, 2019 01:54 pm IST,  Updated : Oct 09, 2019 01:54 pm IST

महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने बुधवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख शरद पवार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य विधानसभा के नतीजों के बाद उनका सामाजिक और राजनीतिक करियर समाप्त हो जाएगा।

‘विधानसभा नतीजों के बाद शरद पवार का सामाजिक, राजनीतिक करियर समाप्त हो जाएगा’ - India TV Hindi
‘विधानसभा नतीजों के बाद शरद पवार का सामाजिक, राजनीतिक करियर समाप्त हो जाएगा’ 

मुम्बई: महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने बुधवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख शरद पवार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य विधानसभा के नतीजों के बाद उनका सामाजिक और राजनीतिक करियर समाप्त हो जाएगा। महाराष्ट्र में 21 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव होने हैं और 24 अक्टूबर को मतगणना होगी। 

कोल्हापुर जिले में राधानगरी तहसील से शिवसेना के उम्मीदवार प्रकाश अबिटकर की चुनावी रैली में पाटिल ने पवार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘‘विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद हम शरद पवार को सामाजिक और राजनीतिक करियर से स्थाई तौर पर सेवानिवृत्त कर देंगे।’’ 

पवार पर निशाना साधना भाजपा नेतृत्व की उनकी राजनीतिक विरासत खत्म करने की चुनावी रणनीति है। गौरतलब है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार शिंदे ने मंगलवार को राकांपा के साथ विलय के सवाल पर कहा था कि उनकी पार्टी और राकांपा भविष्य में एक साथ आएगी। सोनिया गांधी के साथ मतभेद के बाद पवार ने 1999 में कांग्रेस छोड़ राकांपा का गठन किया था। 

कांग्रेस और राकांपा पर निशाना साधते हुए पाटिल ने कहा, ‘‘कांग्रेस-राकांपा ने कोथरुड निर्वाचन क्षेत्र से मेरे खिलाफ एक मजबूत उम्मीदवार उतारने की योजना बनाई थी। लेकिन सच यह है कि वे अपनी पार्टी में एक भी ऐसा उम्मीदवार नहीं ढूंढ पाए। मैं कोथरुड से आसानी से जीत जाऊंगा।’’ कोथरुड में पाटिल का मुकाबला महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के किशोर शिंदे से है। राकांपा ने शिंदे को अपना समर्थन दिया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Maharashtra Vidhan Sabha Chunav 2019 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024