1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. महाराष्ट्र विधान सभा चुनाव 2019
  4. महाराष्ट्र कांग्रेस में टिकट बंटवारे पर कलह, संजय निरूपम बोले-'पार्टी के लिए नहीं करूंगा प्रचार'

महाराष्ट्र कांग्रेस में टिकट बंटवारे पर कलह, संजय निरूपम बोले-'पार्टी के लिए नहीं करूंगा प्रचार'

 Reported By: Bhasha
 Published : Oct 03, 2019 07:40 pm IST,  Updated : Oct 04, 2019 12:05 am IST

महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए टिकट बंटवारे को लेकर कांग्रेस में दरार बढ़ती नजर आ रही है। पार्टी के पूर्व प्रमुख संजय निरूपम ने अपने द्वारा सुझाए गए नाम को खारिज किए जाने के बाद गुरुवार को घोषणा की कि वह कांग्रेस के प्रचार अभियान में शामिल नहीं होंगे।

Sanjay Nirupam- India TV Hindi
Sanjay Nirupam

मुंबई: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए टिकट बंटवारे को लेकर कांग्रेस में दरार बढ़ती नजर आ रही है। पार्टी के पूर्व प्रमुख संजय निरूपम ने अपने द्वारा सुझाए गए नाम को खारिज किए जाने के बाद गुरुवार को घोषणा की कि वह कांग्रेस के प्रचार अभियान में शामिल नहीं होंगे। पूर्व सांसद ने यह भी कहा कि पार्टी नेतृत्व उनसे जिस तरह का व्यवहार कर रहा है, उसे देखते हुए वह दिन दूर नहीं जब वह पार्टी को अलविदा कह देंगे। 

निरूपम ने पार्टी के किसी नेता का नाम लिए बिना टि्वटर पर कहा, ‘‘ऐसा प्रतीत होता है पार्टी मेरी सेवाएं अब और नहीं चाहती। मैंने विधानसभा चुनाव के लिए मुंबई में सिर्फ एक नाम सुझाया था। सुना है कि इसे भी खारिज कर दिया गया है। जैसा कि मैं पार्टी नेतृत्व को पूर्व में बता चुका था, ऐसी स्थिति में मैं चुनाव प्रचार में भाग नहीं लूंगा। यह मेरा अंतिम फैसला है।’’ 

उन्होंने उस व्यक्ति के नाम का भी उल्लेख नहीं किया जिसे वह उम्मीदवार बनवाना चाहते थे। पार्टी नेताओं के एक तबके की शिकायत के बाद निरूपम को इस साल लोकसभा चुनाव से पहले मार्च में मुंबई कांग्रेस प्रमुख के पद से हटा दिया गया था। उनके खिलाफ शिकायत की गई थी कि वह ‘‘एकतरफा ढंग’’ से काम करते हैं।

निरूपम की जगह पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिन्द देवड़ा को मुंबई कांग्रेस का प्रमुख बनाया गया था। हालांकि, देवड़ा ने आम चुनाव में पार्टी की हार के बाद पिछले महीने पद से इस्तीफा दे दिया था। पार्टी लोकसभा चुनाव में मुंबई की छह सीटों में से एक पर भी चुनाव नहीं जीत पाई थी। वर्तमान में मुंबई कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष पूर्व सांसद एकनाथ गायकवाड़ हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Maharashtra Vidhan Sabha Chunav 2019 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024