1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. इलेक्‍शन न्‍यूज
  4. असम चुनाव: दूसरे चरण के लिए बीजेपी ने तीन और उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की

असम चुनाव: दूसरे चरण के लिए बीजेपी ने तीन और उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 10, 2021 07:32 pm IST,  Updated : Mar 10, 2021 07:32 pm IST

बीजेपी ने असम में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए बुधवार को तीन और नामों की घोषणा की जिससे पहले दो चरणों में पार्टी की तरफ से चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की कुल संख्या 74 हो गई है।

Assam assembly polls: BJP declares 3 more candidates- India TV Hindi
बीजेपी ने असम में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए बुधवार को तीन और नामों की घोषणा की। Image Source : PTI

गुवाहाटी: बीजेपी ने असम में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए बुधवार को तीन और नामों की घोषणा की जिससे पहले दो चरणों में पार्टी की तरफ से चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की कुल संख्या 74 हो गई है। होजई से बीजेपी के विवादास्पद निवर्तमान विधायक शिलादित्य देव की जगह रामकृष्ण घोष को टिकट दिया गया है। देव प्रवासी मुस्लिमों के खिलाफ भड़काऊ टिप्पणी करने और कई बार अपनी पार्टी के सदस्यों के खिलाफ भी टिप्पणी करने के लिए जाने जाते हैं। टिकट नहीं दिए जाने के बाद देव ने अपने फेसबुक पेज पर लिखा, ‘‘अंतत: मुझे बीजेपी से निकाल बाहर किया गया है।’’ 

सिपाझार से बीजेपी के निवर्तमान विधायक बिनंदा सैकिया को भी टिकट नहीं दिया गया है और दारंग पूर्वी जिले की इस सीट से असम साहित्य सभा के पूर्व अध्यक्ष परमानंद राजबोंगशी को उम्मीदवार बनाया गया है जो हाल में एजीपी छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए थे। पार्टी ने हैलाकांडी से मिलन दास को उम्मीदवार बनाया है। इस सीट पर 2016 में सौम्यजीत दत्ता चौधरी एआईयूडीएफ के उम्मीदवार अनवर हुसैन लश्कर से 2608 वोटों से हार गए थे।

इस बीच पहले चरण के चुनाव के लिये कुल 281 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किये हैं। पहले चरण में 27 मार्च को 47 सीटों पर मतदान होगा। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय की ओर से बुधवार को जारी विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई है। पहले चरण के लिये नामांकन पत्र दाखिल करने का मंगलवार अंतिम दिन था। 

राज्य के निर्वाचन अधिकारी ने एक विज्ञप्ति में कहा कि इस चरण में जिन चर्चित उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किये उनमें मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल (माजुली सीट), असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष तथा गोहपुर से उम्मीदवार रिपुन बोरा और नाजिरा सीट से प्रत्याशी तथा कांग्रेस विधायक दल के नेता देवव्रत सैकिया शामिल हैं।

असम में प्रथम दो चरणों में 86 विधानसभा सीटों पर चुनाव हो रहा है जिनमें से 74 पर बीजेपी चुनाव लड़ रही है, जबकि अन्य सीट इसने अपनी सहयोगी पार्टियों असम गण परिषद् (एजीपी) और यूनाईटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल (यूपीपीएल) के लिए छोड़ दी है। प्रथम चरण में भगवा दल के 22 निवर्तमान विधायक चुनाव लड़ेंगे, जबकि दूसरे चरण में नौ निवर्तमान विधायकों को उनकी सीटों पर टिकट दिया गया है। असम में 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए तीन चरणों में चुनाव होने वाला है। 

ये भी पढ़ें

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। News से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024