1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. इलेक्‍शन न्‍यूज
  4. BJP में शामिल हुए ‘मेट्रोमैन’ श्रीधरन, कहा- कोई भी जिम्मेदारी लेने के लिए तैयार हूं

BJP में शामिल हुए ‘मेट्रोमैन’ श्रीधरन, कहा- कोई भी जिम्मेदारी लेने के लिए तैयार हूं

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 07, 2021 10:09 pm IST,  Updated : Mar 07, 2021 10:09 pm IST

‘मेट्रोमैन’ ई श्रीधरन ने रविवार को कहा कि भाजपा द्वारा उन्हें दी जाने वाली किसी भी तरह की जिम्मेदारी को संभालने के लिए वह तैयार हैं। वह हाल में भगवा दल में शामिल हुए थे।

BJP में शामिल हुए ‘मेट्रोमैन’ श्रीधरन, कहा- कोई भी जिम्मेदारी लेने के लिए तैयार हूं- India TV Hindi
BJP में शामिल हुए ‘मेट्रोमैन’ श्रीधरन, कहा- कोई भी जिम्मेदारी लेने के लिए तैयार हूं Image Source : PTI

तिरूवनंतपुरम: ‘मेट्रोमैन’ ई श्रीधरन ने रविवार को कहा कि भाजपा द्वारा उन्हें दी जाने वाली किसी भी तरह की जिम्मेदारी को संभालने के लिए वह तैयार हैं। वह हाल में भगवा दल में शामिल हुए थे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में शणमुगम में एक रैली में शामिल हुए श्रीधरन ने कहा कि वह अपनी ऊर्जा का इस्तेमाल केरल के लिए करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘पिछले 67 वर्षों तक मैं सरकारी नौकर था। कई लोगों ने मुझसे पूछा है कि इतने वर्षों के बाद में राजनीति में क्यों आया। 67 वर्षों तक मैंने देश में कई परियोजनाओं के लिए काम किया।’’ 

राज्य में छह अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले कसारगोड से तिरूवनंतपुरम तक प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष के सुरेंद्रन द्वारा निकाली गई विजय यात्रा के समापन अवसर पर श्रीधरन ने कहा, ‘‘मैं अब भी ऊर्जावान हूं और अपनी ऊर्जा का इस्तेमाल केरल के लिए करना चाहता हूं। मुझे जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी, मैं उसे पूरे उत्साह एवं ताकत से करूंगा।’’ शाह ने श्रीधरन का पार्टी में स्वागत करते हुए उन्हें शॉल भेंट की। हाल में डीएमआरसी के प्रधान सलाहकार पद से इस्तीफा देने वाले ‘मेट्रोमैन’ भाजपा की टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ने वाले हैं।

केरल में गरजे अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने शंगुमुग्हम में भाजपा की केरल विजय यात्रा के समापन समारोह में हिस्सा लिया। अमित शाह ने संबोधन में कहा, "LDF और UDF के बीच एक हेल्थी कॉम्पिटिशन चल रहा है। केरल को आगे बढ़ाने के लिए नहीं बल्कि भ्रष्टाचार करने के लिए। जब UDF सत्ता में आता है तो सोलर घोटाला करता है और जब LDF सत्ता में आता है, तो वह डॉलर गोल्ड घोटाला करता है। ये दोनों में घोटाला करने की स्पर्धा लगी है।"

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "ये केरल एक जमाने में विकास के लिए जाना जाता था, केरल निरक्षरता को सबसे पहले परास्त करने वाला राज्य था और आज ये राज्य LDF, UDF इनके बारी-बारी के सत्ता के चक्कर में राजनीतिक हिंसा और भ्रष्टाचार का अखाड़ा बन गया है।" शाह ने कहा, "LDF और UDF देश की चिंता नहीं करते बल्कि अपने वोट बैंक की चिंता करते हैं। सीपीआई का एसडीपीआई और पीएफआई के साथ 'इलू-इलू' चल रहा है और कांग्रेस मुस्लिम लीग को साथ कर चुनाव के मैदान नें चली गई। कांग्रेस पार्टी को तो मैं समझ ही नहीं सकता।"

अमित शाह ने कहा, "कांग्रेस पश्चिम बंगाल में कम्युनिस्ट के साथ हमारे खिलाफ लड़ रही है और यहाँ उनके खिलाफ लड़ रहे हैं। केरल में कांग्रेस ने मुस्लिम लीग को अपना साथी बनाया है और पश्चिम बंगाल में फुरफुरा शरीफ को अपना साथी बनाया है, महाराष्ट्र में शिवसेना को अपना साथी बनाया हैं। आपकी दिशा क्या है?"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। News से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024