1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. इलेक्‍शन न्‍यूज
  4. पीएम मोदी के काशी दौरे पर अखिलेश यादव का तंज, 'अंत समय में लोग बनारस में ही रहना पसंद करते हैं'

पीएम मोदी के काशी दौरे पर अखिलेश यादव का तंज, 'अंत समय में लोग बनारस में ही रहना पसंद करते हैं'

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 13, 2021 07:04 pm IST,  Updated : Dec 13, 2021 07:04 pm IST

पीएम मोदी पर तंज करते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, "यह अच्छी बात है। सिर्फ एक महीना ही क्यों, उन्हें दो या तीन महीने वहीं रुकना चाहिए। वह रुकने के लिए अच्छी जगह है। अंत समय में लोग बनारस में ही रहना पसंद करते हैं।"

पीएम मोदी के काशी दौरे पर अखिलेश यादव का तंज, 'अंत समय में लोग बनारस में ही रहना पसंद करते हैं- India TV Hindi
पीएम मोदी के काशी दौरे पर अखिलेश यादव का तंज, 'अंत समय में लोग बनारस में ही रहना पसंद करते हैं Image Source : FILE PHOTO

Highlights

  • PM मोदी के काशी दौरे पर अखिलेश यादव ने दिया विवादित बयान
  • जब अंत समय नजदीक आता है तो लोग काशी में ही रहना पसंद करते हैं- अखिलेश यादव
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज ही काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का किया है उद्घाटन

इटावा (उत्तर प्रदेश): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सोमवार को काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का उद्घाटन किए जाने के बाद समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कटाक्ष करते हुए कहा कि जब अंत समय नजदीक आता है तो लोग काशी में ही रहना पसंद करते हैं। अखिलेश यादव ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में राज्य की भाजपा सरकार द्वारा काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के उद्घाटन का जश्न मनाने के लिए एक महीने तक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने की योजना के बारे में पूछे गए एक सवाल पर मोदी पर तंज करते हुए कहा, "यह अच्छी बात है। सिर्फ एक महीना ही क्यों, उन्हें दो या तीन महीने वहीं रुकना चाहिए। वह रुकने के लिए अच्छी जगह है। अंत समय में लोग बनारस में ही रहना पसंद करते हैं।"

अखिलेश यादव ने कहा कि हिंदू धर्म में जीवन के अंतिम दिनों में काशी में रहने को काफी महत्व दिया जाता है। यादव ने भाजपा पर भगवान के मामले में भी झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए सोमवार को दोहराया कि भाजपा तमाम ऐसी परियोजनाओं का श्रेय ले रही है जिन्हें पिछली सपा सरकार ने शुरू कराया था। उन्होंने कहा, "भाजपा नेता झूठ बोलते हैं। वे हमारे और आपके सामने तो झूठ बोल लें लेकिन जब बात भगवान से जुड़़ी हो तो झूठ नहीं बोलना चाहिए। प्रदेश में भाजपा जिन परियोजनाओं का उद्घाटन कर रही है वह हमारी ही सरकार की हैं। या तो हमारी सरकार ने उन्हें स्वीकृत किया था या उनका प्रस्ताव किया था।"

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का उद्घाटन किया। पूर्व मुख्यमंत्री यादव ने रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि यह परियोजना उनके शासनकाल में मंत्रिमंडल द्वारा पारित की गई थी। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ दिन पूर्व प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इटावा आये और इस दौरान उन्होंने जिन विकास कार्यों का उद्घाटन किया वे सब सपा शासन में बने थे।

सपा प्रमुख ने दावा किया,‘‘ उत्तर प्रदेश और पंजाब के आगामी विधानसभा चुनाव में निश्चित हार से घबराकर भाजपा ने नए कृषि कानून वापस लिए हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ भाजपा के लिये वोट महत्वपूर्ण हैं, किसान नहीं। अगर भाजपा को किसान की जरा सी परवाह होती तो कृषि कानूनों के विरोध में इतना लम्बा आन्दोलन नहीं चलता। इस दौरान 700 किसानों की जान चली गई।’’ उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश मे चुनाव हारने का मतलब प्रधानमंत्री का जाना और भविष्य की राजनीति में बड़ा बदलाव आना है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। News से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024