1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. इलेक्‍शन न्‍यूज
  4. आम आदमी पार्टी हवा में, कांग्रेस बनाएगी सरकार... गुजरात चुनाव को लेकर राहुल गांधी का बड़ा दावा

आम आदमी पार्टी हवा में, कांग्रेस बनाएगी सरकार... गुजरात चुनाव को लेकर राहुल गांधी का बड़ा दावा

 Published : Oct 31, 2022 08:34 pm IST,  Updated : Oct 31, 2022 08:34 pm IST

कांग्रेस नेता राहुल ने कहा कि गुजरात विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की केवल हौव्वा है और अरविंद केजरीवाल की पार्टी जमीन पर नहीं, सिर्फ हवा में है।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी- India TV Hindi
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी Image Source : AP

गुजरात विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दल कमर कसे बैठे हैं। राज्य में चुनाव की तारीख का ऐलान होना अभी बाकी है। लेकिन इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज गुजरात में जीत का दंभ भरा। राहुल ने गुजरात विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी से जुड़ी चर्चा को हौव्वा करार दिया और कहा कि अरविंद केजरीवाल की पार्टी जमीन पर नहीं, सिर्फ हवा में है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस अगली सरकार का गठन करने जा रही है। 

"आम आदमी पार्टी सिर्फ हवा में है..."

गुजरात विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की स्थिति के बारे में पूछे जाने पर राहुल गांधी ने कहा, ‘‘गुजरात में कांग्रेस बहुत प्रभावशाली ढंग से चुनाव लड़ रही है। आम आदमी पार्टी सिर्फ हवा में है, जमीन पर नहीं है। वह विज्ञापन पर पैसा खर्च कर रही है और ऐसे में उसका हौव्वा खड़ा किया गया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘गुजरात में कांग्रेस मजबूत है। भाजपा सरकार के खिलाफ माहौल है। कांग्रेस यह चुनाव जीतेगी।’’ उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तय करेंगे कि इन चुनावों में उनका उपयोग किस तरह से किया जाना है। 

"केसीआर ‘अंतरराष्ट्रीय पार्टी’ अमेरिका चीन में चुनाव लड़ें"
राहुल गांधी ने तेलंगाना राष्ट्र समिति (TRS) के ‘भारत राष्ट्र समिति’ (BRSS) बनाने की पहल को लेकर मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्हें (राव) पूरा अधिकार है कि अपने दल को ‘अंतरराष्ट्रीय पार्टी’ बनाकर अमेरिका और चीन में भी चुनाव लड़ें। राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह आरोप भी लगाया कि तेलंगाना में टीआरएस की सरकार जनता को लूट रही है और दलितों और आदिवासियों की जमीन छीन रही है। उन्होंने यह भी कहा कि टीआरएस के साथ हाथ मिलाने का सवाल ही नहीं उठता। ये प्रेस कॉन्फ्रेंस शुरू होने से पहले गुजरात के मोरबी हादसे में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देते हुए दो मिनट का मौन रखा गया। 

"संस्थाओं को RSS मुक्त कराएंगे"
राहुल गांधी ने कहा, ‘‘आज लड़ाई दो विचारधाराओं के बीच है। एक विचारधारा लोगों को बांट रही है और नफरत फैला रही है। दूसरी विचारधारा लोगों को साथ लाने वाली है। धारा स्पष्ट है। कांग्रेस को लगता है कि यह जरूरी है कि विपक्ष मिलकर और सौहार्दपूर्ण तरीके से काम करे ताकि भाजपा और आरएसएस को पराजित किया जा सके।’’ उन्होंने कहा कि अगर 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद उनकी पार्टी सत्ता में आई तो ‘संस्थाओं को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस)’ से मुक्त कराया जाएगा और उनकी स्वतंत्रता बरकरार रखी जाएगी। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि लोकतांत्रिक होना और तानाशाही नहीं चलाना ‘कांग्रेस का डीएनए’ है, लेकिन दूसरे दलों से कब पूछा जाएगा कि वे अपने यहां चुनाव क्यों नहीं कराते? उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘ आज सत्ता बड़े पैमाने पर एक स्थान पर केंद्रित हो रही है। केंद्र में मोदी सरकार और तेलंगाना में टीआरएस सरकार सांठगांठ वाली राजनीति कर रहे हैं।’’ 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। News से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024