1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. इलेक्‍शन न्‍यूज
  4. पंजाब: भगवंत मान का शपथ से पहले बड़ा एक्शन, 122 पूर्व मंत्रियों व विधायकों की सुरक्षा वापस ली जाएगी

पंजाब: भगवंत मान का शपथ से पहले बड़ा एक्शन, 122 पूर्व मंत्रियों व विधायकों की सुरक्षा वापस ली जाएगी

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 12, 2022 08:45 pm IST,  Updated : Mar 12, 2022 08:45 pm IST

आम आदमी पार्टी के CM उम्मीदवार भगवंत मान ने शनिवार को कहा, “पुलिस नेताओं के घरों के बाहर तंबू लगाकर उनकी सुरक्षा कर रही है। पुलिस से पुलिस वाला काम लेंगे। राज्य के 2.75 करोड़ लोगों की सुरक्षा जरूरी है।”

Bhagwant Mann - India TV Hindi
Bhagwant Mann  Image Source : ANI

Highlights

  • पंजाब में पूर्व विधायकों और मंत्रियों के अलावा कई वीवीआईपी से सिक्योरटी वापस लेने के आदेश जारी किए गए
  • 16 मार्च को CM पद की शपथ लेंगे भगवंत मान
  • जानिए वीआईपी की सुरक्षा हटाने पर क्या बोले भगवंत मान?

चंडीगढ़: पंजाब की पुलिस ने 122 पूर्व मंत्रियों और विधायकों की सुरक्षा वापस लेने का आदेश दिया है। आम आदमी पार्टी (आप) के नेता भगवंत मान के राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के मद्देनजर इस फैसले को बेहद अहम माना जा रहा है। पंजाब के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (सुरक्षा) ने 11 मार्च को एक पत्र के जरिए पुलिस आयुक्तों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों और अन्य पुलिस अधिकारियों को यह निर्देश दिए हैं। 

राज्य के 2.75 करोड़ लोगों की सुरक्षा जरूरी है- भगवंत मान

आम आदमी पार्टी के CM उम्मीदवार भगवंत मान ने शनिवार को संगरूर में गुरुद्वारा साहिब जन्मस्थान संत अत्तर सिंह जी के दर्शन किए। उन्होंने कहा, “पुलिस नेताओं के घरों के बाहर तंबू लगाकर उनकी सुरक्षा कर रही है। पुलिस से पुलिस वाला काम लेंगे। राज्य के 2.75 करोड़ लोगों की सुरक्षा जरूरी है।” पूर्व मंत्रियों और विधायकों की सुरक्षा हटाने पर पंजाब के मनोनीत मुख्यमंत्री भगवंत मान थाने खाली पड़े हैं, हम पुलिस बल से ही पुलिस का काम लेंगे। मुझे लगता है कि पंजाब के लोगों की सुरक्षा कुछ लोगों की सुरक्षा से ज्यादा महत्वपूर्ण है। 

इनकी सुरक्षा वापस नहीं ली जाएगी

हालांकि, अदालत के विशेष निर्देशों पर जिन मंत्रियों, विधायकों और नेताओं को सुरक्षा प्रदान की गयी है, उनकी सुरक्षा वापस नहीं ली जाएगी। जिन लोगों की सुरक्षा छिनने वाली है, उनमें पूर्व मंत्री मनप्रीत सिंह बादल, राज कुमार वेरका, भारत भूषण आशु, ब्रह्म मोहिंद्रा, संगत सिंह गिलजियान और विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष के पी सिंह प्रमुख हैं। जिन नेताओं की सुरक्षा वापस ली जाएगी, उस सूची में विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने वाले कांग्रेस नेता परगट सिंह, अमरिंदर सिंह राजा वारिंग, राणा गुरजीत सिंह, तृप्त राजेंद्र सिंह बाजवा, सुखबिंदर सरकारिया और बरिंदरमीत सिंह पाहरा के नाम भी शामिल हैं। 

नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू की सुरक्षा भी वापस ली जाएगी

कांग्रेस की पंजाब इकाई के प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू की सुरक्षा भी वापस ली जाएगी। भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख नेताओं में दलजीत सिंह चीमा, तोता सिंह, सिकंदर सिंह मलूका, चुन्नी लाल भागा, मनोरंजन कालिया, अनिल जोशी, दिनेश बब्बू, आदेश प्रताप सिंह कैरों और पूर्व विधायक शरणजीत ढिल्लों और पवन कुमार टीनू भी पुलिस सुरक्षा गंवाने वालों की सूची में शामिल हैं। इस सूची में आप के पूर्व विधायक जगतार सिंह जग्गा, कंवर संधू, अमरजीत सिंह संदोआ और एचएस फूलका के नाम भी शामिल हैं।

वेणु प्रसाद, पंजाब के मुख्यमंत्री का अतिरिक्त मुख्य सचिव नियुक्त

इससे पहले वरिष्ठ आईएएस अधिकारी ए. वेणु प्रसाद को पंजाब के मुख्यमंत्री का अतिरिक्त मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। एक सरकारी आदेश में यह जानकारी दी गई। पंजाब राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद प्रसाद की नियुक्ति इस तरह की पहली प्रशासनिक नियुक्ति है। प्रसाद 1991 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी हैं। प्रसाद अब तक अतिरिक्त मुख्य सचिव, संसदीय मामले एवं कराधान के साथ ही पंजाब राज्य ट्रांसमिशन निगम लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। News से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024