Tripura Election Result LIVE: इस साल पूर्वोत्तर के जिन राज्यों में चुनावी बिगुल बजा, उनमें त्रिपुरा में सबसे पहले वोटिंग हुई। आज गुरुवार 2 मार्च को त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के नतीजे का दिन है। त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के लिए 16 फरवरी को कड़ी सुरक्षा के बीच वोटिंग हुई थी। त्रिपुरा में 60 विधानसभा सीटों पर करीब 89 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। त्रिपुरा 60 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए 31 सीटें जरूरी हैं।
त्रिपुरा की सत्ता में काबिज बीजेपी ने 60 विधानसभा सीटों में से 54 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि 6 सीटों पर बीजेपी का गठबंधन दल आईपीएफटी (IPFT) ने अपने उम्मीदवार उतारे। इसके साथ ही विपक्षी दल लेफ्ट फ्रंट के साथ कांग्रेस ने गठबंधन किया था। यहां लेफ्ट ने इस बार 47 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे और बची हुई 13 सीटों पर कांग्रेस के उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा। इसके साथ ही क्षेत्रीय दल टिपरा मोथा पार्टी ने 42 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। इन सभी उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला आज होना है।
त्रिपुरा की कुल 60 विधानसभा सीटों में से भाजपा ने 32 सीटें जीतकर लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए सत्ता बरकरार रखी है। भाजपा को बहुमत के लिए 31 सीटें चाहिए थीं, लेकिन पार्टी ने एक सीट ज्यादा हासिल की है। टिपरा मोथा पार्टी 13 सीटों के साथ दूसरी सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है। वहीं माकपा ने 11 सीटें जीतीं हैं जबकि कांग्रेस को तीन सीटें मिलीं हैं।
त्रिपुरा के डिप्टी सीएम ज़िशनूदेव बर्मा चरिलाम सीट से चुनाव हार गए हैं। वह 858 वोटों से चुनाव हारे हैं। टिपरा मेथा पार्टी के सुबोध देब बर्मा ने जीत हासिल की है।
भाजपा की विशाल जीत हुई है, मैं इसके लिए त्रिपुरावासी को शुभकामनाएं देता हूं। आज शांतिपूर्ण तरीके से मतगणना संपन्न हुई। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हमने चुनाव की रणनीति तैयारी की और आज हमें जीत हासिल हुई है, इसके लिए मैं PM को भी धन्यवाद करता हूं: त्रिपुरा CM माणिक साहा
त्रिपुरा में दोबारा सरकार बनाने जा रही बीजेपी जीत का जश्न मना रही है। अगरतला के बीजेपी दफ्तर में होली मनाई जा रही है। वहां ढोल-नागड़ों की थाप पर मुख्यमंत्री माणिक साहा और बीजेपी कार्यकर्ता डांस कर रहे हैं। बीजेपी गठबंधन को त्रिपुरा में 34 सीटें मिलने का रुझान है। 33 सीटें जीतती हुई नज़र आ रही बीजेपी अकेले अपने दम पर सरकार बनाने की हालत में है।
त्रिपुरा में अब तक बीजेपी 17 सीटें जीत चुकी है, जबकि 16 सीटों पर आगे चल रही है।
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने कहा, हमने पहले भी कहा था कि बीजेपी एक बार फिर बहुमत से सरकार बनाएगी और अब तक के नतीजे बता रहे हैं कि हम सरकार बना रहे हैं। मैं इस जीत के लिए पीएम मोदी, अमित शाह, जेपी नड्डा, राजनाथ सिंह और पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देता हूं।
त्रिपुरा के अगरतला में सीएम माणिक साहा के आवास पर मिठाइयां बांटी जा रही हैं, क्योंकि पार्टी एक बार फिर सत्ता में वापसी की तैयारी में है। बीजेपी 60 में से 32 सीटों पर आगे है।
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा टाउन बोरडोवली सीटे से चुनाव जीते चुके हैं।
त्रिपुरा में बीजेपी ने रुझानों में बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। बीजेपी 32 सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस 16 सीटों पर और टिपरा 11 जबकि एक सीट पर अन्य आगे चल रहा है।
त्रिपुरा के रुझानों में बीजेपी सबसे आगे हालांकि बहुमत के जादुई आंकड़े से 3 सीट पीछे चल रही है। वहीं, रुझानों में कांग्रेस 18 सीटों पर जबकि टिपरा 13 सीटों पर आगे चल रही है।
त्रिपुरा में बीजेपी गठबंधन 36 सीटों पर, कांग्रेस और लेफ्ट का गठबंधन 15 सीटों पर और TIPRA 9 सीटों पर आगे चल रहे हैं।
त्रिपुरा के रुझानों में बीजेपी सबसे आगे चल रही है। बीजेपी ने बहुमत का जादुई आंकड़ा पार कर लिया है। त्रिपुरा में बीजेपी 32 सीटों पर आगे चल रही है।
त्रिपुरा में पहले राउंड की काउंटिंग पूरी हो चुकी है। यहां बीजेपी और कांग्रेस+लेफ्ट में कांटे की टक्कर देखने को मिल रहा है। शुरुआती रुझानों में बीजेपी 27 सीट पर आगे चल रही है। वहीं, कांग्रेस बीजेपी को टक्कर देते हुए 23 सीटों पर जबकि टिपरा मोथा 10 सीटों पर आगे चल रही है।
त्रिपुरा चुनाव के रुझान आने जारी हैं। पहली बार चुनाव लड़ रही टिपरा मोथा स्वायत्त पार्टी 12 सीटों पर रुझानों में आगे चल रही है। टिपरा मोथा पार्टी ने 42 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे।
त्रिपुरा में बीजेपी रुझानों में बहुमत का आंकड़ा पार करते हुए 60 में से 39 सीटों पर आगे चल रही है। टिपरा मोथा स्वायत्त 12 सीटों पर आगे है, जबकि कांग्रेस रुझानों में 9 सीटों पर सिमटती दिख रही है।
त्रिपुरा के अगरतला से कांग्रेस उम्मीदवार सुदीप राय बर्मन ने कहा कि बीजेपी के सारे बड़े नेता मैदान में आ गए हैं। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार को आने की जरूरत नहीं है, अभी तो ईवीएम खुल रहा है।
त्रिपुरा चुनाव के लिए जारी काउंटिंग में बीजेपी को बहुमत मिलता दिख रहा है। रुझानों में बीजेपी 60 में से 34 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, कांग्रेस 5 सीटों पर जबकि टिपरा मोथा स्वायत्त 9 सीटों पर रुझानों में आगे है।
त्रिपुरा के रुझानों में बीजेपी 17 सीटों से आगे चल रही है। वही, 2 सीटों पर कांग्रेस जबकि टिपरा मोथा स्वायत्त 3 सीटों पर आगे चल रही है।
त्रिपुरा चुनाव के लिए वोटों की गिनती शुरू हो गई है। आज विभिन्न दलों के 259 उम्मीदवारों की किस्मत को फैसला होगा।
त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के वोटों की गिनती से पहले प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष राजीव भट्टाचार्य ने कहा कि हमने आज पार्टी दफ्तर में पूजा की और माता त्रिपुरेश्वरी का आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि बीजेपी त्रिपुरा की सत्ता में वापस आएगी, हमें बहुमत मिलेगा।
त्रिपुरा चुनाव में विभिन्न दलों के 259 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। पूर्वोत्तर राज्य में इस बार त्रिकोणीय मुकाबला होने की संभावना है। बीजेपी और आईपीएफटी (इंडिजिनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा) गठबंधन सत्ता पर कब्जा बरकरार रखने की कोशिश में है। वहीं, वाम-कांग्रेस गठबंधन ने भी सत्ता छीनने की भरकस कोशिश की है। क्षेत्रीय संगठन टिपरा मोथा स्वायत्त परिषद चुनावों में अपने शानदार प्रदर्शन के बाद विधानसभा के चुनाव मैदान में पहली बार उतरा है।
त्रिपुरा में मतगणना 5 से 8 दौर में होगी और रुझान दोपहर तक स्पष्ट होने की उम्मीद है। वहीं, सीआरपीसी की धारा 144 के तहत राज्य भर में 1 मार्च को शाम 6:00 बजे से 3 मार्च शाम तक निषेधाज्ञा लागू की गई है, ताकि इस दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं हो सके। आवश्यक सेवाओं एवं परीक्षार्थियों को इस प्रतिबंध के दायरे से दूर रखा गया है। त्रिपुरा में करीब 25,000 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।
त्रिपुरा चुनाव के नतीजे आज जारी किए जाएंगे। सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हो जाएगी। त्रिपुरा के हॉट सीटों में से एक टाउन बोरदोवाली विधानसभा सीट है। पश्चिमी त्रिपुरा जिले की इस सीट से मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा चुनाव लड़ रहे हैं। डॉ. साहा का मुकाबला कांग्रेस-लेफ्ट गठबंधन के आशीष कुमार साहा से है।
त्रिपुरा में इस बार त्रिकोणीय लड़ाई के लिए वोटिंग हुई है। बीजेपी-आईपीएफटी गठबंधन वर्चस्व बनाए रखना चाहेगा, तो वहीं वाम-कांग्रेस गठबंधन सत्ता हासिल करने की कोशिश में है, जबकि क्षेत्रीय संगठन टिपरा मोथा स्वायत्त परिषद चुनावों में अपने शानदार प्रदर्शन के बाद विधानसभा चुनाव में अपना दमखम दिखाएगा।
संपादक की पसंद