1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. इलेक्‍शन न्‍यूज
  4. UP Election 2022: कांग्रेस ने जारी की 125 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट, उन्नाव रेप पीड़िता की मां को भी मिला टिकट

UP Election 2022: कांग्रेस ने जारी की 125 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट, उन्नाव रेप पीड़िता की मां को भी मिला टिकट

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 13, 2022 11:50 am IST,  Updated : Jan 13, 2022 12:46 pm IST

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रियंका गांधी ने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान करते हुए कहा कि हमारी सूची में जो महिलाएं हैं उनमें से कुछ पत्रकार हैं, कुछ संघर्षशील महिलाएं हैं, सामाजिक कार्यकर्ता हैं, ऐसी भी महिलाएं हैं जिन्होंने बेहद अत्याचार झेला है।

Highlights

  • कुल 125 उम्मीदवारों में से, 40% महिलाएं हैं और 40% युवा को टिकट
  • राज्य में 7 चरणों में विधानसभा चुनाव
  • सदफ जाफर, रामराज गोंड समेत कई को कांग्रेस ने दिया टिकट

UP Election 2022: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने पहली लिस्ट जारी कर दी है। इसमें कुल 125 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया गया है। पहली लिस्ट में कांग्रेस ने 50 महिला उम्मीदवारों को जगह दी है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रियंका गांधी ने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान करते हुए कहा कि हमारी सूची में जो महिलाएं हैं उनमें से कुछ पत्रकार हैं, कुछ संघर्षशील महिलाएं हैं, सामाजिक कार्यकर्ता हैं, ऐसी भी महिलाएं हैं जिन्होंने बेहद अत्याचार झेला है। लिस्ट जारी करते हुए प्रियंका ने कहा, "कुल 125 उम्मीदवारों में से, 40% महिलाएं हैं और 40% युवा हैं। इस ऐतिहासिक पहल के साथ, हम राज्य में एक नई तरह की राजनीति लाने की उम्मीद करते हैं।"

कांग्रेस ने यूपी चुनाव में उन्नाव गैंगरेप पीड़िता की मां को भी टिकट दे मैदान में उतारा है। प्रियंका गांधी ने कहा, "हमारी उन्नाव की प्रत्याशी उन्नाव गैंगरेप पीड़िता की मां हैं। हमने उनको मौका दिया है कि वे अपना संघर्ष जारी रखें। जिस सत्ता के जरिये उनकी बेटी के साथ अत्याचार हुआ, उनके परिवार को बर्बाद किया गया, वही सत्ता वे हासिल करें।"

प्रियंका ने कहा, "हमने सोनभद्र नरसंहार के पीड़ितों में से एक रामराज गोंड को भी टिकट दिया है। इसी तरह आशा बहनों ने कोरोना में बहुत काम किया, लेकिन उन्हें पीटा गया। उन्हीं में से एक पूनम पांडेय को भी हमने टिकट दिया है।"

आगे उन्होंने नाम का ऐलान करते हुए कहा, "सदफ जाफर ने सीएए-एनआरसी के समय बहुत संघर्ष किया था। सरकार ने उनका फोटो पोस्टर में छपवाकर उन्हें प्रताड़ित किया। मेरा संदेश है कि अगर आपके साथ अत्याचार हुआ तो आप अपने हक के लिए लड़ें। कांग्रेस ऐसी महिलाओं के साथ है।"

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव सात चरणों में होगा। पहले चरण का मतदान 10 फरवरी को और सातवें एवं अंतिम चरण का मतदान सात मार्च को होगा। 10 मार्च को नतीजे घोषित होंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। News से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024