Wednesday, February 18, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. राजस्थान विधानसभा चुनाव 2018
  4. प्रधानमंत्री मोदी का कांग्रेस पर बड़ा हमला, कहा जिन्हें मूंग और चने में फर्क नहीं पता वे किसान की बात करते हैं

प्रधानमंत्री मोदी का कांग्रेस पर बड़ा हमला, कहा जिन्हें मूंग और चने में फर्क नहीं पता वे किसान की बात करते हैं

Written by: India TV News Desk Published : Nov 26, 2018 04:17 pm IST, Updated : Nov 30, 2018 11:20 am IST

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को कभी महर्षि बाल्मिकी, कबीर, संत रविदास भी मिल जाएं तो उनसे भी पूछ लेंगे आपकी जाति क्या है

PM Modi Targates Rahul gandhi in Rajasthan Rally- India TV Hindi
PM Modi Targates Rahul gandhi in Rajasthan Rally

जयपुर। आदिवासियों के मुद्दे पर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा कि विपक्षी पार्टी ने कभी आदिवासियों की परवाह नहीं की और जिन्हें मूंग और चने में फर्क नहीं पता, वे किसान की बात कर रहे हैं। मोदी राजस्थान के आदिवासी बहुल डूंगरपुर जिले में बेणेश्वर धाम में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।

कांग्रेस पर आदिवासियों की अनदेखी का आरोप

उन्होंने कहा, ‘‘आजादी के इतने सालों तक जब तक अटल बिहारी वाजपेयी देश के प्रधानमंत्री नहीं बने तब तक कांग्रेस को कभी आदिवासियों की याद नहीं आई। आदिवासी मांग करते थे कि हमारे लिए अलग मंत्रालय हो, अलग मंत्री हो, अलग बजट हो, हमारे विकास के लिए योजनाएं बनें, लेकिन कांग्रेस पार्टी को तो आदिवासियों की कोई परवाह नहीं थी। प्रधानमंत्री बनने के बाद वाजपेयी ने अलग आदिवासी मंत्रालय बनाया, आदिवासी मंत्री बनाया और आदिवासियों के लिए अलग बजट बनाया। तब से लेकर आदिवासियों के विकास की गाथा शुरू हुई।”

मूंग और चने में जिन्हें फर्क नहीं पता वे किसान की बात कर रहे हैं

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘अगर सरदार पटेल इस देश के पहले प्रधानमंत्री होते तो गलत नीतियों वाली सरकार नहीं बनती और इस देश का किसान कभी मुसीबत में नहीं आता। देश का किसान कर्जदार नहीं बनता। देश का किसान औरों को धन देने वाला बन सकता था। देश का दुर्भाग्य रहा कि कांग्रेस के ऐसे नेता आए जिनको ये तक पता नहीं है कि चने का पौधा होता है कि चने का पेड़ होता है। मूंग और चने में जिन्हें फर्क पता नहीं है वे किसान की बात कर रहे हैं।’’ 

बेटे बेटियों की पढाई, युवा को कमाई हमारा मंत्र

मोदी ने कहा, ‘‘हम इस देश के हर नागरिक को सशक्त बनाना चाहते हैं। हम देश के हर नागरिक को सामर्थ्यवान बनाना चाहते हैं। अपने आदिवासी भाइयों को शक्तिशाली बनाना चाहते हैं, इसलिए हमारा रास्ता साफ है। हमारा मंत्र है ‘बेटे बेटियों की पढाई, युवा को कमाई, किसानों को सिंचाई, बुजुर्गों को दवाई व जन जन की सुनवाई।’

कांग्रेस राज में मूलभूत सविधाओं की अनदेखी का आरोप

कांग्रेस में परिवारवाद पर प्रहार करते हुए मोदी ने कहा, ‘‘दिल्ली में चार चार पीढ़ी तक एक ही परिवार ने राज ने किया। 55-60 साल तक एक ही पार्टी का इस देश में दबदबा रहा। गली से लेकर दिल्ली तक पंचायत से लेकर संसद तक कांग्रेस का ही झंडा फहराता था। लेकिन इसके बावजूद शौचालय, सड़क, बिजली, शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं से देश की जनता वंचित रही और इस सारी मुसीबत का कारण, इन 50-60 साल तक कांग्रेस का शासन है।’’ 

‘’हिंदुस्तान के हर परिवार के पास पक्का मकान होगा’’

उन्होंने लोगों से सवाल किया क्या आप फिर से ऐसी मुसीबत चाहते हैं। मोदी ने कहा, ‘‘इन समस्याओं से केवल भाजपा ही निजात दिला सकती है। दिल्ली में मोदी की ताकत और राजस्थान में भाजपा की ताकत मिलकर निकाल सकती है।’’ मोदी ने कहा कि उनका संकल्प है कि 2022 तक देश के हर परिवार के पास उसका अपना पक्का मकान हो। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने मन में ठान ली है कि अगर आपका आशीर्वाद मिल जाए तो हिंदुस्तान के हर परिवार के पास अपना पक्का घर होने का सपना पूरा कर करेंगे।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने व्रत लिया है, संकल्प लिया है कि 2022 में जब आजादी के 75 साल होंगे, तब तक हिंदुस्तान में एक भी परिवार ऐसा नहीं होगा जिसका अपना खुद का पक्का घर नहीं होगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘जब कांग्रेस की सरकार थी और मैडम सोनिया गांधी दिल्ली में रिमोट से सरकार चला रही थीं तब देश में मोबाइल बनाने की फैक्ट्रियां चार थी। आज यह संख्या 125 है। बताइए नामदार के वादे सही या हमारे वादे सही। हम वादा करते हैं लेकिन आपको हिसाब भी देते हैं।’’ 

कांग्रेस पर जातिवाद फैलाने का आरोप

उन्होंने आरोप लगाया कि, ‘‘कांग्रेस के दिमाग में ऐसा जातिवाद भर गया है। जातिवाद का जहर उनकी रगों में है। उनको घुट्टी में ही पिला दिया जाता है। जातिवाद का जहर जाता नहीं है और उन्हें कभी महर्षि बाल्मिकी, कबीर, संत रविदास भी मिल जाएं तो उनसे भी पूछ लेंगे आपकी जाति क्या है।’’ मोदी ने कहा, ‘‘हम ’सबका साथ सबका विकास’ के मंत्र को लेकर आगे चल रहे हैं जबकि इनको एक परिवार के आगे कुछ दिखता ही नहीं है। वह एक परिवार एक नामदार की पार्टी बन गयी है।’’ 

(इनपुुट-भाषा)

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Rajasthan Assembly Election 2018 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024

Advertisement
Advertisement
Advertisement