1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. भोजपुरी
  4. हनी सिंह पर छाए मुसीबत के बादल, सिंगर के खिलाफ पटना हाईकोर्ट में दायर की PIL

हनी सिंह पर छाए मुसीबत के बादल, सिंगर के खिलाफ पटना हाईकोर्ट में दायर की PIL

 Written By: Himanshi Tiwari
 Published : Mar 06, 2025 04:37 pm IST,  Updated : Mar 06, 2025 04:37 pm IST

हनी सिंह के नए भोजपुरी गाने को लोगों का खूब प्यार मिल रहा है। इसी बीच सिंगर पर कानूनी कार्रवाई करने की मांग भी की जा रही है। इतना ही नहीं 'मैनिएक' को सोशल मीडिया से डिलीट करने की डिमांड की गई है।

Honey Singh- India TV Hindi
हनी सिंह Image Source : INSTAGRAM

मशहूर सिंगर और रैपर हनी सिंह जिन्हें हिरदेश सिंह के नाम से भी जाना जाता है। वह इन दिनों अपने नए गाने 'मैनिएक' को लेकर हर तरफ जबरदस्त चर्चा में बने हुए हैं। इसी बीच सिंगर को लेकर एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जिसके बाद से सोशल मीडिया पर उनके फैंस के बीच खलबली मची हुई है। दरअसल, नीतू चन्द्रा ने बिहार में फूहड़ भोजपुरी और अश्लील हिंदी गानों पर सरकार पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की है। उन्होंने यो यो हनी सिंह के नए गाने 'मैनिएक' पर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है और इसे डिलीट करने को भी कहा है।

ये क्या बोल गईं नीतू चन्द्रा?

बिहार की बेटी, बॉलीवुड एक्ट्रेस और राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त नीतू चन्द्रा श्रीवास्तव ने कहा, 'फूहड़ भोजपुरी और हिन्दी गाने बिहार की स्कूल और कॉलेज जाने वाली लड़कियों और महिलाओं का पीछा छोड़ने का नाम नहीं ले रहे हैं और वे नजरें झुकाकर सड़क पर चलने को मजबूर हैं।' एक्ट्रेस ने आगे कहा, 'इन्हीं गानों के चलते महिलाएं घर में टीवी भी देखना पसंद नहीं करती हैं। ऐसे गाना गाने वाले कई गायक आज जबरदस्त नेम फेम हासिल कर रह हैं जो समाज और देश के विकास में बाधक बन सकते हैं। जब लड़कियां या महिलाएं, सड़क पर सुरक्षित चल नहीं पाएंगी तो वे विकास के बारे में खाक सोच पाएंगी।'

फूहड़-अश्लील गानों को बैन करने की मांग

एक्ट्रेस ने आगे यह भी कहा, 'शराबी पतियों से महिलाओं को बचाने के लिए यदि कोई सरकार अपने राज्य में शराबबंदी का कानून ला सकती है तो क्या वह स्कूल-कॉलेज जाने वाली लड़कियों और महिलाओं के लिए इन फूहड़ गानों पर प्रतिबंध नहीं लगा सकती है। मैं चाहती हूं कि बिहार में इन गानों के निर्माण और बजाने पर पूर्णरूप से प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए।' ये सारी बातें एक्ट्रेस ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में कही थीं। उन्होंने कहा, 'ये गाने महिलाओं में असुरक्षा की भावना पैदा करते हैं और इन गानों का छोटे-छोटे बच्चों पर भी बुरा असर पड़ सकता है। ये गाने समाज को गलत दिशा में ले जा सकते हैं और महिलाओं के प्रति सम्मान को कम कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि मैं तो बिहार के लोगों से इन गानों का पुरजोर विरोध करने की अपील करती हूं।'

हनी सिंह पर भड़की नीतू चन्द्रा

एक्ट्रेस ने इस इवेंट में आगे कहा, 'ऐसे गाना गाने वाले गायक और गायिकाओं पर मुकदमा दर्ज होना चाहिए। इन दिनों हनी सिंह का एक भोजपुरी गाना काफी वायरल हो रहा है जो अश्लीलता की सारी सीमा तोड़ रहा हैं... हमारा आरोप है की भाषा का आड़ लेकर महिलाओं के शरीर पर किसी तरह का भी कमेंट नहीं होनी चाहिए और फिर मैंने तो भोजपुरी भाषा को देश-विदेश तक में सम्मान दिलाया है। ऐसे में भोजपुरी भाषा के आड़ में किसी भी महिला के लिए गंदे कमेंट्स वाले गाने को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। इसलिए आज पटना हाईकोर्ट में एक पीआईएल दाखिल किया गया है, जिसकी अगुवाई सीनियर एडवोकेट निवेदिता निर्विकर ने विधिवत शशि प्रिया द्वारा सहायता किया जा रहा है। महिलाओं को कभी किसी को वस्तु समझने की भूल नहीं करनी चाहिए क्योंकि महिला का अपमान सदैव दुखद परिणाम देता रहा है।'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bhojpuri से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन