मुंबई: बॉलीवुड के सुपरस्टार आमिर खान ने बीते बुधवार को ही अपना 53वां जन्मदिन सेलिब्रेट किया है। इस खास मौके पर उन्होंने अपने फैंस के साथ भी खुलकर बात की थी। लेकिन इसी दौरान आमिर ने अपने बारे में एक ऐसी बात बताई जिसके बारे में शायद ही किसी को पता होगा। उन्होंने कहा कि उनकी कई बुरी आदतें हैं और उनमें से एक उनका स्वभाव से जुनूनी होना है। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मेरी एक बुरी आदत यह है कि मैं बहुत ही जुनूनी इंसान हूं, जिसे मैं एक समस्या मानता हूं।’’ आमिर परिवार के साथ अपना जन्मदिन मनाने के लिए जोधपुर से मुंबई पहुंचे थे। उनकी पत्नी किरण राव ने चुटकी लेते हुए कहा, ‘‘यह आपकी आदत नहीं, यह आपकी शख्सियत है।’’
Related Stories
किरण ने कहा कि वह उनमें कुछ नहीं बदलना चाहतीं, हालांकि इस बारे में वह अक्सर शिकायत किया करती हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ मैं उनसे रोजाना कहती हूं कि आप मेरे साथ समय मत बिताइए। आप हमेशा सिगरेट पीते हैं, आप सदा फोन पर होते हैं। लेकिन यदि मुझे उन्हें वास्तव में बदलना पड़े तो मुझे नहीं लगता कि मुझे उससे कोई बहुत खुशी होगी। वह जैसे हैं मैं उससे बहुत खुश हूं।’’ उनका मानना है कि आमिर की अच्छी बातें उनकी बुरी बातों को ढक देती हैं।
वहीं, आमिर ने किरन की सराहना करते हुए उन्हें अपने जीवन की एक बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा, ‘‘ मुझे लगता है कि जब से किरण मेरी जिंदगी में आई है मैंने खुद में बदलाव देखा है। पहले मैं बहुत गंभीर रहता था पर अब मैं खुश और उत्साह से भरा रहता हूं’’ किरण ने कहा कि वह इस बात को लेकर आश्वस्त थी कि जोधपुर में ‘ठग्स ऑफ हिंदुस्तान’ की शूटिंग कर रहे आमिर अपना जन्म दिन मनाने के लिए घर लौटेंगे। अभिनेता ने कहा कि उनके बेटे आजाद ने उन्हें हाथ से बना एक जन्मदिन कार्ड दिया।