नई दिल्ली: बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान को इंडस्ट्री में कई जानी मानी हस्तियों का गॉड फादर माना जाता है। अब उन्होंने अपने जीजा आयुष शर्मा को भी बॉलीवुड में लॉन्च किया है। दरअसल वह आगामी फिल्म ‘लवरात्रि’ से अपने अभिनय करियर की शुरूआत कर रहे हैं। गौरतलब है कि हाल ही में आयुष की इस फिल्म का टीजर जारी किया गया है। जिसे दर्शकों के बीच काफी पसंद भी किया जा रहा है। लेकिन आयुष ने 'लवरात्रि' का हिस्सा बनने के लिए सलमान का आभार जताया है।
Related Stories
उनका कहना है कि वह अपनी पहली फिल्म में सर्वश्रेष्ठ शख्स के साथ काम करने के लिए आभारी हैं। आयुष ने गुरुवार को ट्वीट कर कहा, "मैं आभारी हूं कि अपनी पहली फिल्म में सर्वश्रेष्ठ के साथ काम कर सका। 'लवरात्रि' का महत्वपूर्ण हिस्सा बनने के लिए सलमान का धन्यवाद।"
नवोदित निर्देशक अभिराज मिनावाला द्वारा निर्देशित 'लवरात्रि' में आयुष के साथ वरीना हुसैन को भी प्रमुख भूमिका निभाते हुए देखा जा रहा है। बता दें कि वरीना भी इस फिल्म से अभिनय जगत में कदम रख रही हैं। यह नरेन भट्ट द्वारा लिखित और सलमान खान फिल्मस द्वारा प्रस्तुत है। यह फिल्म 5 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।