मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर को हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘रेस 3’ में देखा गया। फिल्म को तो खास तारीफें हासिल नहीं हुईं, लेकिन अनिल कपूर के अभिनय को काफी पसंद किया गया है। हालांकि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बेहतरीन प्रदर्शन कर रही है। अब अनिल अपनी अगली फिल्म को लेकर चर्चा में आ गए हैं। लेकिन इस फिल्म को कई मायनों में खास माना जा रहा है। दरअसल इस फिल्म में पहली बार बॉलीवुड के पिता-बेटे की जोड़ी अनिल कपूर और हर्षवर्धन कपूर पर्दे पर साथ अभिनय करते हुए दिखाई देने वाले हैं।
Related Stories
यह फिल्म ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता अभिनव बिंद्रा की जिंदगी पर आधारित है। हर्षवर्धन ने कहा, "हमारे पास एक ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता अभिनव बिंद्रा है। अरबों लोगों के देश में केवल एक लड़का ऐसा कर सकता था और उन्होंने वर्ष 2008 बीजिंग में ऐसा किया। उन्होंने 10 मीटर एयर राइफल में स्वर्ण जीता।“
उन्होंने आगे कहा, “यह पहली बार है कि मैं अपने पिता (अनिल कपूर) के साथ फिल्म करने जा रहा हूं, फिल्म में भी वह मेरे पिता हैं। यह अनोखे व्यक्ति के बारे में एक प्रेरणादायक कहानी है। मैं उनकी कहानी दुनिया के सामने लाना चाहता हूं।" गौरतलब है कि इससे पहले हर्षवर्धन अनोखे विषय वाली फिल्म 'भावेश जोशी सुपरहीरो' में नजर आए थे।