मुंबई: बॉक्स आफिस पर कमाई साल की पहली तिमाही में निराशाजनक रही है। 'खिलाड़ी' अक्षय कुमार की 'बेबी' (जिसने 80 करोड़ रुपये कमाए) को छोड़ किसी भी फिल्म ने खास करोबार नहीं किया है हालांकि इस दौरान कोई और बड़ी फिल्म भी देखने को नहीं मिली थी। इसके लिए ज्यादातर जिम्मेदार क्रिकेट विश्व कप को भी ठहराया जा रहा है जिसने मिड-फरवरी से लेकर मार्च तक दर्शकों को टीवी से चिपका कर रखा ।
इसकी वजह से किसी बडे खान या फिल्म निर्माताओं ने अपनी फिल्मों को रिलीज़ करने से परहेज किया। हालांकि इस दौरान छोटे बजट की फिल्में मुनाफे में रही।
शरत कटारिया की 'दम लगाके हईशा' ने 27 करोड़ रुपये कमाए और अभी भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छा खासा कारोबार करती दिख रही है। वहीं श्रीराम राघवन की 'बदलापुर' 50 करोड़ और अनुष्का शर्मा के प्रोडक्शन की पहली फिल्म 'एनएच10' दर्शकों को लुभाने में सफल रही। इस फिल्म ने अब तक 27 करोड़ रुपये कमा लिए हैं।
लेकिन पिछले साल जहां सलमान खान की जय हो ने बॉक्स आफिस पर 100 करोड़ रूपये की कमाई का आकड़ा पार कर 2014 को अच्छी शुरूआत दी थी वही इस साल ऐसा कोई चमत्कार देखने को नहीं मिला।
फिल्म व्यापार विश्लेषक कहते हैं कि एक भी ब्लॉकबस्टर फिल्म न मिलने के चलते बॉलीवुड बॉक्स ऑफिस के लिए वर्ष 2015 की पहली तिमाही निराशाजनक रही।
फिल्म व्यापार विश्लेषक तरण आदर्श ने आईएएनएस को बताया, "यह अच्छा दौर नहीं रहा है। आप अगर पिछले साल से तुलना करें तो इस साल पहली तिमाही फायदेमंद नहीं रही। यह काफी बुरी रही। पिछले साल हमारे पास 'जय हो' जैसी बड़ी फिल्म की रिलीज थी। इस साल ऐसी कोई बड़ी फिल्म नहीं थी।"
तरण आदर्श ने कहा, "पीके' पिछले साल रिलीज हुई थी और इसने इस साल की शुरुआत में भी अच्छा कारोबार किया, लेकिन यह वर्ष 2014 की रिलीज है। जहां तक इस साल की हिट फिल्मों का सवाल है तो 'दम लगाके हईशा', 'एनएच10', 'बदलापुर' और 'बेबी'-इन फिल्मों ने अच्छा कारोबार किया है। हालांकि, यह उत्साहजनक अनुपात कतई नहीं है।"
उन्होंने साल की प्रथम तिमाही में कमाई कम रहने के कारणों का विश्लेषण करते हुए कहा, "परीक्षाओं का समय और सबसे जरूरी बात क्रिकेट विश्व कप (14 फरवरी से शुरू हुआ)कम कमाई की वजह है। मुझे लगता है कि इन सब कारणों ने फिल्मों की कमाई को जबर्दस्त रूप से प्रभावित किया है।"