रांची: झारखंड में सोमवार को JPSC-JSSC अभ्यर्थियों के आंदोलन का बड़ा दिन रहा। विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और अन्य मांगों को लेकर छात्र आंदोलन कर रहे हैं। इसी क्रम में झारखंड विधानसभा का घेराव करने के लिए छात्रों ने मार्च किया। छात्रों ने विधानसभा के रास्ते में बनाए गए सभी बैरिकेड्स तोड़ दिए। वे लगातार आगे बढ़ते जा रहे थे। इस दौरान पुलिस ने छात्रों पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। वहीं, छात्रों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज भी करना पड़ा और आंसू गैस के गोले भी दागे।
विधानसभा जाने वाले रास्तों पर कई लेयर की बैरिकेडिंग की गई थी और प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए कंटीले तार भी लगाए गए, लेकिन छात्रों के हौसले के आगे सब धाराशायी हो गए। विधानसभा के आस-पास भारी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। वहीं, इलाके में BNS की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा भी लागू है।
दरअसल, छात्रों और सरकार के प्रतिनिधियों के बीच तीन दौर की बातचीत हो चुकी है। रविवार को भी दोनों पक्षों के बीच 5 घंटे से ज्यादा समय तक बातचीत चली। सरकार की ओर से छात्रों की कई मांगों पर सहमति जताकर आंदोलन खत्म कराने की कोशिश की गई, लेकिन CBI जांच समेत कुछ अहम मुद्दों पर सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद छात्रों ने रविवार को विधानसभा मार्च का फैसला किया।