1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'दंगल गर्ल' ज़ायरा वसीम के साथ फ्लाइट में छेड़छाड़, मुंबई पुलिस ने दर्ज की FIR

'दंगल गर्ल' ज़ायरा वसीम के साथ फ्लाइट में छेड़छाड़, मुंबई पुलिस ने दर्ज की FIR

 Published : Dec 10, 2017 07:22 am IST,  Updated : Dec 10, 2017 06:11 pm IST

वीडियो में जायरा रोते हुए बता रही हैं कि विस्तारा की फ्लाइट में उनके पीछे बैठे शख्स ने उनके साथ गलत हरकत की।

zaira wasim- India TV Hindi
zaira wasim

नई दिल्ली: 'दंगल गर्ल' जायरा वसीम से फ्लाइट में छेड़छाड़ की घटना सामने आई है। जायरा ने इस घटना के बारे में बताते हुए इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है। वीडियो में जायरा रोते हुए बता रही हैं कि विस्तारा की फ्लाइट में उनके पीछे बैठे शख्स ने उनके साथ गलत हरकत की। जायरा ने बताया कि उन्होंने इसकी शिकायत भी की फ्लाइट के क्रू मेंबर से लेकिन उन्हें कोई मदद नहीं मिली। जायरा दिल्ली से मुंबई जा रही थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज कर ली है। पुलिस ने IPC की धारा 354 के साथ-साथ POCSO ऐक्ट के तहत भी केस दर्ज किया है क्योंकि ऐक्ट्रेस नाबालिग हैं।

इससे पहले राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) के साथ ही दिल्ली और महाराष्ट्र महिला आयोग ने अभिनेत्री जायरा वसीम से पुलिस में शिकायत दर्ज कराने का आग्रह किया था। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा सिंह ने मीडिया को बताया, "मैंने बस अभी इंस्टाग्राम पर वीडियो देखा है और मैं उनके लिए दुखी हूं। जिस तरह से यह घटना हुई और उसके बाद क्रू के सदस्यों ने लड़की की मदद नहीं की, उसे देखकर मैं वास्तव में डर गई हूं। यह बेहद हैरान कर देने वाला है क्योंकि विस्तारा ने दावा किया है कि वह ऐसी हरकत बर्दाश्त नहीं करता, लेकिन उन्होंने उड़ान के दौरान महिलाओं को परेशान करने वाले पुरुषों के खिलाफ कार्रवाई करने को लेकर अपने क्रू सदस्यों को संवेदनशील नहीं बनाया।"

उन्होंने कहा, "तो मैं इस मामले में संज्ञान ले रही हूं और विस्तारा को नोटिस दे रही हूं और एयरलाइंस के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए महाराष्ट्र के डीसीपी को भी एक कॉपी भेज रही हूं।" दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने जायरा से पुलिस में शिकायत दर्ज कराने का आग्रह किया था। मालीवाल ने ट्वीट किया, "बेहद निंदनीय। जायरा वसीम से पुलिस में शिकायत दर्ज कराने का अनुरोध करती हूं। आरोपी को गिरफ्तार किया जाना चाहिए। " 

जायरा ने बताया- मेरे पीछे बैठा एक अधेड़ उम्र का शख्स कम लाइट का फायदा उठा रहा था। वो अपने पैरों से मेरी गर्दन और पीठ को रगड़ रहा था। जायरा ने कहा- पहले मैंने विरोध किया फिर फ्लाइट टर्बुलेंस की बात कही, लेकिन फिर भी उसने हरकतें जारी रखी। मैंने कोशिश की कि इस बात का एक वीडियो बना लूं, लेकिन लाइट कम होने की वजह से ये हो नहीं पाया। मुंबई पहुंचकर जायरा ने लाइव वीडियो किया। यहां देखिए वीडियो-

जायरा वसीम अभिनेता आमिर खान के साथ फिल्म ‘दंगल’ में रेसलर गीता फोगाट के बचपन का रोल निभाया था। इस फिल्म के लिए जायरा को सह-अभिनेत्री का नेशनल अवॉर्ड भी मिला। जायरा यह अवॉर्ड पाने वाली सबसे छोटी एक्ट्रेस हैं। जायरा अक्टूबर में आमिर खान के साथ फिल्म ‘सीक्रेट सुपरस्टार’ में नजर आई थीं। इस फिल्म में वह सिंगर की भूमिका में थीं।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन