1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. माधुरी दीक्षित से अनुष्का शर्मा तक, लॉकडाउन में भी नहीं रुके ये सितारे, फैंस को दिखाया नया टैलेंट

माधुरी दीक्षित से अनुष्का शर्मा तक, लॉकडाउन में भी नहीं रुके ये सितारे, फैंस को दिखाया नया टैलेंट

 Written By: Sonam Kanojia
 Published : Jun 08, 2020 02:27 pm IST,  Updated : Jun 08, 2020 02:32 pm IST

कोरोना वायरस की वजह से पूरे देश में लॉकडाउन लागू किया गया था। इस दौरान लोग घरों में रहने को मजबूर हो गए थे।

माधुरी दीक्षित और अनुष्का शर्मा सहित कई सितारोें ने लॉकडाउन में अपना टैलेंट फैंस को दिखाया- India TV Hindi
माधुरी दीक्षित और अनुष्का शर्मा सहित कई सितारोें ने लॉकडाउन में अपना टैलेंट फैंस को दिखाया Image Source : INSTAGRAM

कोरोना वायरस की वजह से लोगों की जिंदगी में काफी कुछ बदलाव आए हैं। लोगों को काफी दिन तक घर पर ही रहना पड़ा। ऐसा लगा मानो जीवन कहीं ठहर गया हो, लेकिन इस बीच कई जानी-मानी हस्तियों का दूसरा टैलेंट भी निखर कर सामने आया। किसी ने अपना यूट्यूब चैनल लॉन्च किया तो कोई प्रोड्यूसर बन बैठा। कोई लंबे समय बाद स्क्रीन पर वापसी कर रहा है तो किसी ने अपने प्रोडक्शन हाउस के तहत नई सीरीज दिखाकर लोगों का मनोरंजन किया। अब ज्यादा सोचने की जरुरत नहीं है, आइये आपको बताते हैं कि इस कोरोना के प्रकोप में भी किसी ने खुद को रुकने नहीं दिया और कई हुनर निखरकर सामने आए हैं।

सलमान खान

लॉकडाउन में सलमान खान पनवेल स्थित अपने फार्महाउस चले गए थे। कोविड-19 के चलते भले ही पूरी दुनिया थम गई, लेकिन बॉलीवुड के इस सुपरस्टार ने खुद को रुकने नहीं दिया। उन्होंने ना सिर्फ अपना यूट्यूब चैनल लॉन्च किया, बल्कि 'प्यार करोना', 'तेरे बिना' जैसे हिट गाने भी रिलीज किए। उन्होंने ईद पर भी फैंस को निराश नहीं होने दिया और सरप्राइज देते हुए 'भाई भाई' गाना रिलीज किया। 

शाहरुख खान

शाहरुख खान भले ही इन दिनों फिल्मों से दूर हैं, लेकिन उन्होंने खुद को काम से दूर नहीं होने दिया। लॉकडाउन में ही बतौर निर्माता बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान की नई वेब सीरीज 'बेताल' रिलीज हुई, जिसको दर्शकों का मिला-जुला रिस्पॉन्स मिला। इस हॉरर सीरीज को पैट्रिक ग्राहम ने लिखा और निर्देशित किया। इसमें विनीत कुमार सिंह, आहना कुमार, सुचित्रा पिल्लई, जितेंद्र जोशी, सिद्धार्थ मेनन और मंजरी पुपला प्रमुख भूमिकाओं में हैं। रेड चिलीज एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित इस सीरीज को नेटफ्लिक्स पर प्रसारित किया गया।

सवाल उठता है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म तो पहले भी था, लेकिन अब इस पर डेब्यू करने वाले सितारों की भरमार क्यों हुई है। दरअसल, लॉकडाउन में थिएटरों और आउटडोर मनोरंजनों के साधनों की कमी ने डिजिटल प्लेटफॉर्म को ज्यादा स्वीकार्य किया है। जो लोग पहले वेब सीरीज वगैरह को ज्यादा उनमुक्त और अनसेंसर्ड सामग्री का ठिकाना मानते थे, उनकी सोच बदली है। 

वो सितारे जो काफी दिनों से कुछ अलग करने की सोच रहे थे, उन्हें थिएटर की बजाय ये प्लेटफॉर्म ज्यादा मुफीद लगा। माधुरी दीक्षित का सिंगिंग डेब्यू हो या अनुष्का का वेब सीरीज का डेब्यू, सबको दिल खोलकर सराहना मिली। इसी से दूसरे स्टार प्रोत्साहित हुए हैं कि वो भी इस प्लेटफॉर्म की लोकप्रियता का फायदा उठाएं।

माधुरी दीक्षित

गुजरे जमाने की मशहूर अदाकार माधुरी दीक्षित ने बॉलीवुड की एक से बढ़कर एक फिल्मों में काम किया है। वो एक्टिंग के साथ-साथ डांस में भी पारंगत हैं। कोरोना के प्रकोप के दौरान फैंस को उनका एक नया टैलेंट देखने को मिला। माधुरी ने अपना पहला गाना 'कैंडिल' रिलीज किया, जिसमें उन्होंने कोरोना वॉरियर्स को सलाम किया है।

सुष्मिता सेन

पूर्व मिस यूनिवर्स सुष्मिता सेन के फैंस उन्हें स्क्रीन पर देखने के लिए बेताब हैं। वो लंबे समय बाद पर्दे पर वापसी कर रही हैं। उनकी वेब सीरीज आर्या का ट्रेलर हाल ही में रिलीज हुआ, जो लोगों को खूब पसंद आया। इसमें सुष्मिता ने आर्या नाम की महिला की भूमिका निभाई है। इस शो में परिवार, प्रेम, अपराध और इसके बाद असमंजस में फंसी आर्या की कहानी को दिखाया गया है। 

अनुष्का शर्मा

अनुष्का शर्मा ने बतौर प्रोड्यूसर डिजिटल प्लेटफॉर्म पर डेब्यू किया। उन्होंने पाताल लोक नाम की वेब सीरीज बनाई, जिसे लोगों की खूब सराहना मिली। अनुष्का पहले भी बतौर प्रोड्यूसर एनएच 10 और फिल्लौरी का निर्माण किया। हॉरर मूवी परी भी उनके प्रोडक्शन हाउस में ही बनी है। उन्होंने लॉकडाउन में अपने समय का सदुपयोग किया और अपनी उपलब्धियों में एक और नाम शामिल कर लिया। 

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन