नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेता इरफान खान ने अब तक के अपने फिल्मी करियर में अपनी बेहतरीन अदाकारी से दर्शकों को हमेशा दीवाना बनाया है। उन्होंने अपने हर किरदार को बखूब पर्दे पर उतारा है। इरफान न सिर्फ बॉलीवुड में बल्कि हॉलीवुड में भी अपने अभिनय का लोहा मनवा चुके हैं। उनका कहना है कि हॉलीवुड फिल्में भारतीय फिल्म जगत को कड़ी चुनौती दे रही हैं। अभिनेता ने कहा कि अब समय आ गया है कि हिंदी फिल्म जगत के सदस्य आगे बढ़ें।
इसे भी पढ़े:- बनने जा रहा है ‘लाइफ इन ए मेट्रो’ का सीक्वल, फिर दिखेंगे इरफान
अपनी आगामी हॉलीवुड फिल्म 'इन्फर्नो' के ट्रेलर लांच के लिए दिल्ली आए अभिनेता इरफान ने एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान यह बात कही। इरफान ने कहा, "हॉलीवुड सप्ताह दर सप्ताह बढ़ता जा रहा है। इससे भारतीय फिल्मों पर प्रभाव पड़ रहा है। जिस तरह से यह सब चल रहा है, मुझे लग रहा है कि यह जल्द ही विपणन क्षेत्र पर अपना कब्जा जमा लेगा। भारतीय फिल्म जगत के लिए यह मुश्किल और चुनौतीपूर्ण है।"
इरफान को जल्द ही 'सोनी पिक्चर्स इंटरटेनमेंट' की फिल्म 'इन्फर्नो' में हॉलीवुड अभिनेता टॉम हैंक्स के साथ देखा जाएगा। यह भारत में 14 अक्टूबर को रिलीज होगी। इसके दो सप्ताह बाद फिल्म अमेरिका में रिलीज होगी। अभिनेता ने कहा कि उन्हें बॉलीवुड हो या हॉलीवुड दोनों में काम करने में आनंद आता है। वह अपने काम को तवज्जो देते हैं।