मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता इरफान खान इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'मदारी' के प्रमोशन में काफी व्यस्त हैं। अब फिल्म के प्रचार के लिए वह पटना का रुख करने जा रहे हैं। दरअसल पटना वह सिर्फ अपनी फिल्म का प्रमोशन करने ही नहीं बल्कि एक और जरूरी काम के लिए जा रहे हैं। और वह खास कारण हैं इरफान का लालू प्रसाद यादव से मिलना। संवाददाताओं के साथ अक्सर साक्षात्कार देते नजर आने वाले अभिनेता इरफान इस बार किसी का साक्षात्कार करते नजर आएंगे और वह हैं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री व राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव।
इसे भी पढ़े:-
- अच्छी कहानियों के लिए किसी भी भाषा में फिल्म करने को तैयार इरफान
- 'मदारी' के प्रचार के लिए इरफान खान पहुंचे जयपुर
इरफान ने एक बयन में कहा, "दुनिया में हास्य का स्तर गिर रहा है, लेकिन एक नेता है जो भले ही जवाब दे या न दे, उनके मजाकिये लहजे में कभी कमी नहीं होती।" इरफान ने कहा कि वह लालू से मिलने वाले हैं और 'देखते हैं आगे क्या होता है?'
इरफान ने अपनी फिल्म ‘मुंबई मेरी जान’ के निर्देशक निशिकांत कामत के साथ एक बार फिर गठजोड़ करते हुए ‘मदारी’ में काम किया है। इस फिल्म के निर्माताओं में से एक निर्माता इरफान की पत्नी सुतुपा सिकदार भी हैं।
इरफान ने इस कहानी को तैयार किया और निर्देशक की तलाश के दौरान उन्होंने कामत को चुना। ‘फोर्स’ और ‘दृश्यम’ की सफलता के बाद वह खुद को एक विश्वसनीय फिल्मकार के तौर पर स्थापित कर चुके हैं। ‘मदारी’ 15 जुलाई को प्रदर्शित होगी। यह फिल्म एक आम आदमी की ताकत के बारे में है।
इरफान ने कहा था कि, “यह एक आदमी की कहानी है लेकिन इस फिल्म के जरिए हम इस देश के उन लोगों की कहानी बताने की कोशिश कर रहे हैं, जो अपनी ताकत का अहसास किए बिना ही इस पूरे तंत्र द्वारा इस्तेमाल कर लिए जाते हैं। यह इस ताकत के अहसास का सफर है।“