मुंबई: हाल ही में छोटे पर्दे के जाने माने अभिनेता सुमित राघवन ने एक शख्स के खिलाफ FIR दर्ज करवाई थी, जिसके बाद अब पुलिस ने इस व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। शिकायत के मुताबिक शहर के उपनगरीय इलाके विले पार्ले में एक स्कूल के पास सुमित की पत्नी और टीवी अभिनेत्री के सामने कथित रूप से अश्लील हरकत कर रहा था। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि शहर के एक कारोबारी के कार चालक जीवन चौधरी को सोमवार की घटना के बाद अभिनेत्री की शिकायत के आधार पर गिरफ्तार कर लिया गया।
Related Stories
महिला स्कूल के पास स्थित अपने घर के सामने फोन पर बात कर रही थी। आरोपी ने उससे महज 100 फुट की दूरी पर कार खड़ी की और अश्लील हरकत करने लगा। अधिकारी ने कहा कि अभिनेत्री ने उसपर एक बोतल फेंकी। जब तक वह उसे पकड़ पाती, चौधरी वहां से भाग गया। अभिनेत्री ने उसकी कार की नंबर प्लेट के आखिरी चार अंक देख लिए थे। इससे पुलिस को वाहन का पता लगाने में मदद मिली।
बाद में अभिनेत्री ने अपने पति के साथ विले पार्ले थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर चालक के खिलाफ आईपीसी की धारा 509 (किसी महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के इरादे से शब्दों का इस्तेमाल करना या शारीरिक मुद्रा, हरकत करना) के तहत मामला दर्ज किया गया। अधिकारी के अनुसार पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच करने के बाद चौधरी का पता लगाया और घटना के कुछ ही घंटों के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया।