1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. INDIA TV के एडिटर इन चीफ रजत शर्मा ने देखी फिल्म 'पद्मावती', जानिए क्या है इस फिल्म में..

INDIA TV के एडिटर इन चीफ रजत शर्मा ने देखी फिल्म 'पद्मावती', जानिए क्या है इस फिल्म में..

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 17, 2017 08:33 pm IST,  Updated : Nov 18, 2017 06:50 pm IST

संजय लीला भंसाली की फिल्म 'पद्मावती' को लेकर देशभर में चल रहे विरोध प्रदर्शन चल रहा है। इस बीच इंडिया टीवी के एडिटर इन चीफ रजत शर्मा ने फिल्म पद्मावती देखी।

Padmavati controversy- India TV Hindi
Padmavati controversy

नई दिल्ली: इंडिया टीवी के चेयरमैन और एडिटर इन चीफ रजत शर्मा ने कहा कि फिल्म पद्मावती में एक भी सीन, संवाद या सिक्वेंस ऐसा नहीं जो कि राजस्थान के लोगों या राजपूतों की आन-बान-शान के खिलाफ हो। इंडिया टीवी पर रात 9 बजे प्रसारित अपने प्राइम टाइम शो 'आज की बात' में उन्होंने कहा, 'फिल्म देखने के बाद मैं दावे से कह सकता हूं कि इस पूरी फिल्म को देखने के बाद कोई नहीं कह पाएगा कि एक भी डॉयलॉग या एक भी सीन या एक भी सिक्वेन्स या फिर पूरी फिल्म की थीम में कहीं कुछ ऐसा है जो हमारे राजपूती गौरवशाली इतिहास के खिलाफ हो।'

'संजय लीला भंसाली ने पूरी रिसर्च करके फिल्म बनाई है। फिल्म बनाते वक्त हिन्दुस्तान के गौरव का ख्याल रखा है। राजपूतों की परंपरा और उनके शिष्टाचार का ध्यान रखा है। पूरी फिल्म में हमारे शानदार इतिहास के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं की गई है। मुझे लगता है कि महाराजा रतन सिंह की जाबांजी। महारानी पद्मावती का रणनीतिक कौशल, अदम्य साहस, बलिदान की कहानी है संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावती'

उन्होंने कहा, 'पिछले कुछ महीनों से राजपूतों को लग रहा है कि संजय लीला भंसाली ने फिल्म में राजपूतों की आन बान शान के साथ गुस्ताखी की है। कोई कह रहा है कि भंसाली ने महाराजा रतन सिंह को कमजोर दिखाया। उन्हें खिलजी के सामने झुका हुआ दिखाया और अलाऊद्दीन खिलजी को हीरो के तौर पर पेश किया गया है लेकिन पूरी फिल्म देखने के बाद कोई भी चकित रह जाएगा कि भंसाली ने पूरी फिल्म में खिलजी को एक षड्यंत्रकारी खलनायक के रूप में चित्रित किया है, और रावल रतन सिंह को एक बहादुर राजा के तौर पर दिखाया है।

रजत शर्मा ने कहा, 'लोकेन्द्र सिंह कलवी राजपूत हैं और महाराजा रतन सिंह और रानी पद्मावती के वंशज हैं। उन्होंने जब यह आरोप लगाया कि उनके समुदाय को इस फिल्म में गलत तरीके से पेश किया गया है तब मुझे भी बुरा लगा लेकिन जब आज मैंने फिल्म देखी तो मुझे लगा कि मैं भ्रम में था। पूरी फिल्म देखने के बाद में यही कह सकता हूं कि कोई जब इस फिल्म को देखेगा तब उसे अपनी विरासत, इतिहास के साथ ही रतन सिंह और पद्मावती के बलिदान पर गर्व होगा। संजय लीला भंसाली की फिल्म में गौरवशाली राजपूती इतिहास से कोई छेड़छाड़ नहीं की गई है....महाराजा रतन सिंह और रानी पद्मावती की बहादुरी के किस्से वैसा ही दिखाया गया है जैसा हमने बचपन से सुना है।'

रजत शर्मा ने कहा, 'फिल्म में रानी पद्मावती के डांस सिक्वेंस को लेकर सवाल उठाए गए। मैं भी राजस्थान से हूं...मैं भी राजपूती शान और संस्कृति से पूरी तरह वाकिफ हूं। मैं भी ये जानता हूं कि राजपूत रानियां सबके सामने खुलेआम डांस नहीं करतीं। लेकिन इस बात से तो सब सहमत होंगे कि रनिवास में रानियां डांस करती थीं जहां सिर्फ महिलाएं होती थीं जो कि रानियों की सहेलियां होती थीं। वहां रानि के पति को किसी पुरूष को जाने की इजाजत नहीं होती थी। सिर्फ राजा बैठकर डांस देख सकते थे। फिल्म पद्मावती में यही दिखाया गया है। प्रोमो देखकर ऐसा लग सकता कि रानी किसी खुली जगह में या महल के अंदर सैकड़ों के सामने डांस कर रहीं हैं लेकिन ऐसा है नहीं। रानी पद्मावती को खुशी से महल के अंदर रनिवास में डांस करते हुए दिखाया गया है।'

'मैं उन लोगों की भावनाओं को समझता हूं जिन्हें इस फिल्म से ठेस पहुंची है लेकिन उनका गुस्सा केवल अफवाह पर आधारित है। मेरी इन लोगों से विनम्र अपील है कि मेरे सभी राजपूत भाई और बहनें एकबार इस फिल्म को देख लें उसके बाद फैसला करें। वे लोग निश्चित तौर पर यह महसूस करेंगे कि इस फिल्म में राजूपतों की आन-बान-शान को ऊंचा उठाया गया है। रानी पद्मावती और रावल रतन सिंह के बलिदान को देखकर इस महान देश के हर बच्चे को गर्व महसूस होगा।'

‘मैं यह कह सकता हूं कि इस फिल्म को देखने के बाद लोग यह महसूस करेंगे कि संजय लीला भंसाली, दीपिका पादुकोण, रणवीर सिंह, शाहिद कपूर समेत इस फिल्म से जुड़े सभी लोगों के प्रति जो भावनाएं हैं वो सही नहीं हैं।‘

‘मैं अपील करता हूं राजपूत समाज से कि वे अपने समाज के पांच सम्मानित सदस्यों को चुन लें, जैसे महाराजा गज सिंह या मेवाड़ के महाराजा अरविंदसिंह या अन्य कोई नेता और मैं व्यक्तिगत तौर पर भंसाली से यह आग्रह करूंगा कि वह इन लोगों की मौजूदगी में फिल्म को दिखाएं। मुझे विश्वास है कि ये सम्मानित नेता इस फिल्म में राजपूतों को सकारात्मक तौर पर दिखाए जाने पर खुश होंगे और प्रत्येक भारतीय नागरिक की तरह राजपूताना की वीरता पर गर्व करेंगे।‘

देखें वीडियो

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन