नई दिल्ली: पिछले कुछ वक्त से मलयाली अभिनेत्री प्रिया प्रकाश वारियर ने अपनी मस्तानी आंखों और शरारती मुस्कान से देशभर के करोड़ों लोगों को अपना दीवाना बना लिया है। लेकिन प्रिया का आंख मारना ही अब उनके लिए मुसीबत बन चुका है। इसके कारण उन पर FIR तक दर्ज करवा दी गई थी। लेकिन अब प्रिया ने तेलंगाना में अपने खिलाफ दर्ज प्राथमिकी रद्द कराने के लिए सोमवार को उच्चतम न्यायालय में याचिका दायर की। प्रिया ने राज्यों को उसके खिलाफ किसी भी प्रकार की आपराधिक कार्रवाई नहीं करने का निर्देश देने का भी शीर्ष अदालत से अनुरोध किया है।
Related Stories
केरल के त्रिशूर में एक कालेज की बी.काम की छात्रा ने ओरू अड्डार लव फिल्म के गीत माणिक्य मलारया पूवी के बोल ‘‘आहत करने वाले’’ या ’’एक समुदाय विशेष की धार्मिक भावनाओं का उल्लंघन’’ करने के आरोप में शिकायत दर्ज कराने के मामले में अपने लिये संरक्षण का अनुरोध भी किया है। याचिका में कहा गया है कि उसके खिलाफ 14 फरवरी को हैदराबाद के फलकनुमा थाने में एक शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है जिसमे आरोप लगाया गया है कि इस गीत के बोल ने एक समुदाय विशेष की धार्मिक भावनाओं को आहत किया है।
उसने कहा है कि उसी दिन मुंबई में रजा अकादमी के सचिव ने याचिकाकर्ताओं के खिलाफ उचित कार्रवाई करने, वीडियो हटाने और इसका प्रसारण रोकने के लिये आपराधिक शिकायत दर्ज कराई गई है। प्रिया ने कहा है कि , ‘‘इस गीत में पैगम्बर मोहम्मद और उनकी पहली बीवी खदीजा के बीच प्रेम की प्रशंसा की गयी है। यहां इस तथ्य का भी ध्यान रखना जरूरी है कि यह गीत केरल का एक पुराना मूल लोक गीत है जिसे पीएमए जब्बार ने 1978 में कलमबंद किया था और पहली बार तलासरे रफीक ने पैगंबर और उनकी बीवी खदीजा की प्रशंसा करते हुये गाया था।’’