नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह अपने चुलबुले अंदाज से सभी को अपना दीवाना बना लेते हैं। फिल्म इंडस्ट्री में शायद सभी के साथ उनके काफी अच्छे रिश्ते हैं। हाल ही में रिलीज हुई संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘पद्मावत’ में धमाल मचाने के बाद रणवीर अब अपनी अगली फिल्मों की तैयारियों में व्यस्त हो गए हैं। पिछले कुछ समय से वह फिल्मकार जोया अख्तर की फिल्म 'गली ब्वॉय' को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। इस फिल्म में वह दूसरी बार जोया के साथ काम करने के लिए तैयार हैं। रणवीर का कहना है कि फिल्म-निर्देशक के साथ उनका करीबी रिश्ता है।
Related Stories
रणवीर ने कहा, "जोया मेरे लिए एक निर्देशक से बढ़कर हैं। वह उनमें से हैं, जिनके साथ मेरा बहुत करीबी रिश्ता है। हम आपस में बेहद खुलकर बातचीत करते हैं और इससे एक निर्देशक-अभिनेता का अच्छा तालमेल होता है। वह बेहतरीन निर्देशकों में से एक हैं।" रणवीर ने कहा कि 'गली ब्वॉय' की कहानी बहुत खास है।
उन्होंने कहा, "फिल्म 'गली ब्वॉय' शायद मेरी सबसे प्रिय फिल्म है। यह बैंड 'बाजा बारात' के बाद मेरी सबसे करीबी फिल्म है क्योंकि 'बैंड बाजा बारात' मेरी पहली फिल्म थी। इसकी कहानी मेरे लिए बहुत मायने रखती है। यह मुंबई की सड़कों पर रहने वाले युवाओं की कहानी है, जो मुश्किलों से भरा जीवन जीते हैं और संघर्ष करते हैं। वे उस लड़ाई से बाहर आते हैं और जीतते हैं।" गौरतलब है कि इस फिल्म में रणवीर के साथ आलिया भट्ट मुख्य किरदार निभाती हुई दिखाई देने वाली हैं।