चेन्नई: अभिनेत्री श्रुति हासन तमिल सुपरस्टार अजीत कुमार की अगली फिल्म में बतौर नायिका नजर आएंगी। फिल्म का नाम फिलहाल तय नहीं है। इसका निर्देशन सिरुथई शिवा करेंगे और ए.एम.रत्नम इसके निर्माता होंगे। फिल्म से जुड़े एक सूत्र ने आईएएनएस को बताया, "फिल्म की नायिका के तौर पर श्रुति हासन का चुनाव कर लिया गया है। फिल्म के निर्माता फिल्म में अजीत की बहन की भूमिका के लिए एक और अभिनेत्री की तलाश में हैं। फिल्म की शूटिंग से पहले का काम चल रहा है। इसकी नियमित शूटिंग मई से शुरू होगी।"
सूत्र ने यह भी बताया कि अभिनेत्री बिंदु माधवी फिल्म में अजीत की बहन का किरदार नहीं कर रही हैं।
मॉडल से अभिनेता बने कबीर सिंह से फिल्म के खलनायक की भूमिका के बारे में बातचीत चल रही है। फिल्म के शेष किरदारों को चयन अभी बाकी है।
फिल्म का संगीत अनिरुद्ध रविचंद्र देंगे।