नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल को इंडस्ट्री में उनके रफ एंड टफ अंदाज के लिए जाना जाता है। उन्हें अब तक की अपनी लगभग सभी फिल्मों में बेहतरीन एक्शन सीन्स करते हुए देखा जाता रहा है। ऐसे में वह हमेशा पर्दे पर इश्क फरमाने के लिए शर्माते हुए ही दिखे हैं। लेकिन हाल ही में वैलेंटाइन्स डे के खास मौके पर सनी ने सोशल मीडिया पर कुछ ऐसा पोस्ट कर दिया है कि फैंस इसे देखकर दंग रह गए हैं। दरअसल उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट पर दो तस्वीरें पोस्ट करते हुए इसके साथ कैप्शन में लिखा, "हैप्पी वैलेंटाइन्स डे।"
Related Stories
इनमें से एक तस्वीर में कोई कपल एक दूसरे को किस करता हुआ दिखाई दे रहा है। हालांकि इसमें सिर्फ कपल की परछाई ही नजर आ रही हैं, इसकी वजह से यह समझ पाना काफी मुश्किल हो गया है कि आखिर तस्वीर में दिखाई देने वाला कपल कौन है। इसके अलावा दूसरी तस्वीर में एक कपल हाथ में हाथ डाले नजर आ रहा हैं। सनी देओल को उनके फैंस ने हमेशा ही संजीदा और गंभीर अंदाज में ही देखा है, ऐसे में अब इस तरह के पोस्ट उनके फैंस के काफी चौंकाने वाले हैं।
अब सवाल उठने लगे हैं कि आखिर सनी का ये रोमांटिक पोस्ट आखिर किसके लिए है। गौरतलब है कि सनी ने हमेशा ही अपनी पत्नी को लाइमलाइट से दूर रखा है। लेकिन वहीं दूसरी ओर उनके और डिंपल कपाड़िया के लव अफेयर्स की खबरें लंबे वक्त तक सुर्खियों में रही। कुछ समय पहले ही इन दोनों की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही थी, जिसमें ये दोनों लंदन की सड़कों पर एक दूसरे का हाथ थामे दिखाई दिए थे।