1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. टीवी
  4. काजी तौकीर के साथ ऐसा क्या हुआ, जिसे देख बिलख पड़ीं गौहर खान, बोलीं- उदिति, अरिश्फा, अमन जैसे दोस्त अल्लाह किसी को न दे

काजी तौकीर के साथ ऐसा क्या हुआ, जिसे देख बिलख पड़ीं गौहर खान, बोलीं- उदिति, अरिश्फा, अमन जैसे दोस्त अल्लाह किसी को न दे

 Written By: Jaya Dwivedie
 Published : Oct 07, 2026 08:41 am IST,  Updated : Oct 07, 2026 08:41 am IST

गौहर खान ने ‘बिग बॉस 20’ में काजी तौकीर को निशाना बनाए जाने पर उनका समर्थन किया। उन्होंने उदीति, अमन और अरिश्फा के व्यवहार की आलोचना की और काजी को भावुक देखकर खुद भी रो पड़ीं।

gauahar khan qazi- India TV Hindi
गौहर खान और काजी तौकीर। Image Source : GAUAHAR KHAN INSTAGRAM

‘बिग बॉस 20’ का घर इस समय रिश्तों में आए बदलाव और बढ़ते विवादों को लेकर सुर्खियों में है। शो के लेटेस्ट एपिसोड में काजी तौकीर को लेकर घर के अंदर जिस तरह का माहौल देखने को मिला, उसने बाहर बैठे दर्शकों और शो के पुराने कंटेस्टेंट्स का ध्यान भी खींच लिया है। ‘बिग बॉस 7’ की विनर गौहर खान ने एपिसोड देखने के बाद काजी के समर्थन में खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने घर के बाकी सदस्यों के व्यवहार पर सवाल उठाया और खासतौर पर उस वक्त नाराजगी जाहिर की, जब काजी की तबीयत खराब होने के बावजूद उनके खिलाफ बातें होती नजर आईं। गौहर ने महि विज को छोड़कर बाकी कंटेस्टेंट्स को निशाने पर लिया। काजी को भावुक होता देखकर गौहर खुद भी अपने आंसू नहीं रोक पाईं।

काजी के समर्थन में गौहर खान ने उठाई आवाज

गौहर खान ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज के जरिए काजी तौकीर के प्रति समर्थन जताया। उन्होंने कहा कि घर में काजी को लगातार निशाना बनाया जा रहा है, जबकि महि विज उनके साथ खड़ी हैं। गौहर का मानना है कि जब कोई व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से कमजोर दौर से गुजर रहा हो, तब उसके अपने लोगों को उसका साथ देना चाहिए, न कि उसे और दबाव में डालना चाहिए। गौहर ने काजी की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने जिस तरह से घर में हो रही बातों का जवाब दिया, वह काबिल-ए-तारीफ है। उन्होंने यह भी इशारा किया कि काजी के खिलाफ बन रहा माहौल कहीं न कहीं दूसरे कंटेस्टेंट्स की असुरक्षा की वजह से पैदा हो रहा है। गौहर ने काजी से कहा कि वह जिस तरह हैं, उसी तरह अपना खेल जारी रखें और दूसरों की बातों की परवाह न करें।

‘ऐसे दोस्त किसी के न हों’, इन कंटेस्टेंट्स पर भड़कीं गौहर

गौहर खान ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में अमन गांधी, उदीति सिंह और अरिश्फा खान के व्यवहार पर भी नाराजगी जताई। शो में ये तीनों पहले काजी और महि के करीब नजर आते थे, लेकिन हालिया घटनाक्रम के बाद समीकरण बदलते दिखाई दे रहे हैं। वीकेंड का वार के बाद उनके बीच दूरी बढ़ी और इसके बाद काजी को लेकर दूसरे ग्रुप के साथ बातचीत और गॉसिप भी देखने को मिली। गौहर ने इसी बदलाव को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। उनका कहना था कि दोस्ती का असली मतलब तब सामने आता है, जब कोई व्यक्ति मुश्किल स्थिति में हो। अगर कोई बीमार है और घर के ज्यादातर लोग उसे निशाना बना रहे हैं तो ऐसे समय में दोस्तों का उसके खिलाफ खड़ा होना उन्हें बिल्कुल पसंद नहीं आया। इसी वजह से उन्होंने अमन, उदीति और अरिश्फा को लेकर कड़ी टिप्पणी की।

अरिश्फा के व्यवहार से टूट गए काजी

लेटेस्ट एपिसोड में काजी तौकीर अरिश्फा खान के रवैये से काफी भावुक नजर आए। काजी ने अरिश्फा को अपनी बेटी जैसा माना है और दोनों के बीच पहले काफी करीबी बॉन्डिंग देखने को मिली थी। ऐसे में जब अरिश्फा उनके खिलाफ जाती नजर आईं, तो इसका असर काजी पर साफ दिखाई दिया। काजी को भावुक देखकर गौहर खान भी इमोशनल हो गईं। उन्होंने अपनी दूसरी इंस्टाग्राम स्टोरी में बताया कि वह काजी को रोते देखकर खुद रो रही हैं। गौहर ने कहा कि वह कई सीजन से ‘बिग बॉस’ देखती आ रही हैं, लेकिन पहली बार उन्हें किसी कंटेस्टेंट से इस तरह का जुड़ाव महसूस हुआ है। उनके मुताबिक काजी की सबसे बड़ी खासियत उनकी सच्चाई है और इसी वजह से वह उनसे इतनी कनेक्ट कर पा रही हैं।

महि विज की भी गौहर ने की तारीफ

काजी के अलावा गौहर खान ने महि विज के रवैये की भी तारीफ की। घर में जहां काजी के पुराने दोस्त उनसे दूरी बनाते दिखाई दे रहे हैं, वहीं महि लगातार उनके साथ खड़ी नजर आईं। गौहर ने महि और काजी की जोड़ी को सलाम करते हुए कहा कि मुश्किल समय में एक-दूसरे का साथ देना ही असली रिश्ते की पहचान है। शो के अंदर काजी को भले ही अकेला पड़ता हुआ दिखाया जा रहा हो, लेकिन बाहर दर्शकों के बीच उनकी लोकप्रियता कम होती नजर नहीं आ रही। सोशल मीडिया पर कई फैंस उनके गेम और उनके वास्तविक व्यवहार को पसंद कर रहे हैं। गौहर की प्रतिक्रिया ने भी इस चर्चा को और हवा दे दी है।

अगले वीकेंड का वार पर नजर

‘बिग बॉस 20’ में हर गुजरते दिन के साथ रिश्तों के समीकरण बदल रहे हैं। काजी के साथ हुए घटनाक्रम के बाद अब दर्शकों की नजर सलमान खान पर है। सवाल यह है कि अगले वीकेंड का वार में सलमान खान काजी और उनके साथ हुए व्यवहार को किस नजर से देखते हैं। क्या वह काजी के पक्ष में खड़े होंगे या फिर घर के दूसरे सदस्यों की रणनीति पर बात करेंगे? फिलहाल गौहर खान के खुलकर काजी का समर्थन करने के बाद यह मुद्दा घर के बाहर भी चर्चा में आ गया है।

ये भी पढ़ें: ‘दृश्यम’ में जिसकी मौत ने मचाया था तहलका, वो सैम अब कहां है? तब्बू के बेटे बने ऋषभ चड्ढा की बदली जिंदगी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। TV से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।