मुंबई: बॉलीवुड के लोकप्रिय अभिनेता वरुण धवन इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘अक्टूबर’ को लेकर खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं। हाल ही में उनकी इस फिल्म का ट्रेलर जारी किया गया है, जिसने रिलीज होते ही फैंस के लिए धूम मचा दी है। फिल्म में वरुण के साथ नई कलाकार बनिता संधू भी दिखाई दे रही हैं। अपनी इस फिल्म में वरुण एक अलग और खास अंदाज में दिखाई दे रहे हैं। वरुण का कहना है कि कई बार अभिनेताओं की दुनिया ‘नकली’ लगती है क्योंकि किसी को चमकदार बनाकर कैमरे के सामने एक उत्पाद की तरह पेश किया जाता है।
Related Stories
वरुण का कहना है कि शूजित सरकार के साथ उनकी अगली फिल्म ‘अक्टूबर’ में उन्होंने खुद को पर्दे पर अधिक वास्तविक महसूस किया। अभिनेता ने पत्रकारों से कहा, “अभिनेताओं के बारे में एक बात है जिसे लोग नहीं जानते हैं कि दुनिया कभी कभी बहुत नकली लगने लगती है क्योंकि कोई और आप के लिए कपड़ा लाता है, कोई और आपके बाल ठीक करता है, मेकअप करता है और इसके बाद आपको चमकदार बनाकर एक उत्पाद की तरह कैमरे के सामने पेश किया जाता है।“
गौरतलब है कि वरुण को अपनी इस फिल्म से काफी उम्मीदें हैं। वहीं दूसरी ओर उनके फैंस भी इस फिल्म को देखने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। बता दें कि ‘अक्टूबर’ 13 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।