1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 18 की उम्र में बनीं मिस इंडिया, आमिर-सलमान की ये हीरोइन हैं धर्मेंद्र की बहू, अब जीती हैं सुकूनभरी जिंदगी

18 की उम्र में बनीं मिस इंडिया, आमिर-सलमान की ये हीरोइन हैं धर्मेंद्र की बहू, अब जीती हैं सुकूनभरी जिंदगी

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Nov 12, 2025 01:56 pm IST,  Updated : Nov 17, 2025 06:14 pm IST

बॉलीवुड के सुपरस्टार धर्मेंद्र की एक बहू ऐसी भी हैं, जो कभी फिल्म इंडस्ट्री का जाना-माना नाम रह चुकी हैं। मात्र 18 साल की उम्र में मिस इंडिया का ताज जीतकर उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी और जल्द ही फिल्मों की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना ली थी।

Deepti Bhatnagar - India TV Hindi
दीप्ति भटनागर। Image Source : DEEPTI BHATNAGAR INSTAGRAM

बॉलीवुड के मशहूर देओल परिवार की दो बहुएं पूजा देओल और तान्या देओल हमेशा सुर्खियों से दूर रहती हैं। ये न कैमरे के सामने आती हैं, न ही किसी फिल्मी पार्टी में दिखती हैं। दोनों एक बेहद सादगीभरी और निजी जिंदगी जीती हैं। लेकिन इसी परिवार की एक और बहू हैं जो बाकी दोनों से बिल्कुल अलग हैं। न सिर्फ ग्लैमरस बल्कि एक समय की लोकप्रिय एक्ट्रेस दीप्ति भटनागर। 90 के दशक में दीप्ति का नाम हर घर में जाना जाता था। उनकी खूबसूरती, स्टाइल और टीवी शोज ने उन्हें लोगों के दिलों में जगह दी। उनकी मुस्कान और सादगी का जादू आज भी सोशल मीडिया पर कायम है। हालांकि अब वह एक्टिंग से दूर एक अलग जिंदगी जी रही हैं, लेकिन उनका सफर प्रेरणा और आकर्षण से भरा रहा है।

मॉडलिंग से फिल्मों तक का सफर

मेरठ उत्तर प्रदेश में जन्मी दीप्ति भटनागर का फिल्मी करियर किसी योजना का हिस्सा नहीं था। वह दरअसल अपने परिवार की हस्तकला फैक्ट्री के प्रमोशन के लिए मुंबई आई थीं। उन्हें नहीं पता था कि यही शहर उन्हें देओल परिवार की बहू बना देगा। दीप्ति ने मॉडलिंग से शुरुआत की और जल्दी ही टीवी और फिल्मों की ओर रुख किया। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने कई प्रोजेक्ट्स के लिए संघर्ष किया, लेकिन सफलता धीरे-धीरे उनके कदम चूमने लगी। उन्हें पहली बड़ी पहचान आमिर खान की फिल्म ‘मन’ से मिली, जिसने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए लगभग 35 करोड़ रुपये की कमाई की।

Deepti Bhatnagar
Image Source : DEEPTI BHATNAGAR INSTAGRAMधर्मेंद्र और सनी देओल के साथ दीप्ति भटनागर।

सलमान खान के साथ पर्दे पर

दीप्ति भटनागर को साल 2001 में सलमान खान की फिल्म ‘चोरी चोरी चुपके चुपके’ में एक डांस नंबर करने का मौका मिला। यह फिल्म सुपरहिट साबित हुई और दुनियाभर में लगभग 149 करोड़ रुपये की कमाई की। दीप्ति का आकर्षण सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने टीवी की दुनिया में भी अपनी पहचान बनाई।

टीवी पर ‘यात्रा’ और ‘मुसाफिर हूं यारों’ से बनी पहचान

दीप्ति भटनागर भारत के पहले महिला ट्रेवल शो ‘यात्रा’ की होस्ट बनीं। खूबसूरत साड़ियों और पारंपरिक गहनों में सजी दीप्ति देशभर के मंदिरों और ऐतिहासिक जगहों की सैर कराती थीं। उनके इस शो को दर्शकों ने खूब पसंद किया। इसके बाद उन्होंने स्टार प्लस के शो ‘मुसाफिर हूं यारों’ की मेजबानी की, जिसने उन्हें घर-घर में मशहूर कर दिया। इसी शो के दौरान उनकी मुलाकात निर्देशक रणदीप आर्य से हुई, जो बाद में उनके जीवनसाथी बने।

यहां देखें वीडियो

कैसे जुड़ीं देओल परिवार से

अब सवाल उठता है, रणदीप आर्य धर्मेंद्र के बेटे तो नहीं हैं, तो दीप्ति देओल परिवार की बहू कैसे बनीं? दरअसल रणदीप आर्य पंजाबी इंडस्ट्री के दिग्गज कलाकार वीरेंद्र और पम्मी वरिंदर के बेटे हैं। वीरेंद्र धर्मेंद्र के सगे भाई हैं। यानी रणदीप, धर्मेंद्र के भतीजे हैं। इसी रिश्ते से दीप्ति देओल परिवार की बहू बनीं। इस तरह उनका रिश्ता सनी देओल, बॉबी देओल, अभय देओल और ईशा देओल से भी जुड़ता है।

एक्टिंग से दूर, पर अब भी लोगों के दिलों में

आज दीप्ति भटनागर एक्टिंग से दूर हैं और अपने परिवार के साथ एक शांत, सुकूनभरी जिंदगी जी रही हैं। उनके दो बेटे हैं और वह अब ट्रेवल और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स से जुड़ी हुई हैं। भले ही वह अब फिल्मों में नजर नहीं आतीं, लेकिन उनकी गरिमा, स्टाइल और खूबसूरती आज भी उन्हें देओल परिवार की सबसे अलग और ग्लैमरस बहू बनाते हैं।

ये भी पढ़ें: किस्मत का खेल बाबू भैया! IITian बना फेमस एक्टर फिर ग्लैमर को दिखाया ठेंगा और क्रैक की UPSC परीक्षा, अब बना IPS

अफेयर से अंधविश्वास तक, गोविंदा की बेइज्जती करने में सुनीता अहूजा ने नहीं छोड़ी कोई कसर, 5 बड़े अरोपों की लगाई झड़ी

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन