'धुरंधर' की रिलीज के बाद से ही अक्षय खन्ना छाए हुए हैं। सोशल मीडिया पर उनकी खूब तारीफें हो रही हैं। लोगों को उनका रहमान डकैत वाला किरदार भा गया है। फिल्मी सितारों से लेकर अक्षय खन्ना के करीबी दोस्त भी उनकी तारीफों के पुल बांध रहे हैं, लेकिन इस बीच एक शख्स खामोश है, जिससे लोगों ने एक्टर की तारीफ की सबसे ज्यादा उम्मीद की थी। ये कोई और नहीं बल्कि अक्षय खन्ना के बड़े भाई हैं। सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहने वाले राहुल खन्ना ने धुरंधर की सफलता पर कोई खास रिएक्शन साझा नहीं किया है। अपनी लाइफ अपडेट देने के अलावा उन्होंने 'धुरंधर' पर बात करना जरूरी नहीं समझा है। वैसे बता दें राहुल भी बॉलीवुड का हिस्सा हैं और अपनी एक्टिंग का जादू चला चुके हैं।
अक्षय खन्ना का बड़ा भाई कौन है?
अक्षय खन्ना के बड़े भाई का नाम राहुल खन्ना है। राहुल दिग्गज अभिनेता विनोद खन्ना के बेटे हैं और अक्षय खन्ना से उम्र में 3 साल बड़े हैं। हालांकि दोनों भाई फिल्मी परिवार से ताल्लुक रखते हैं, लेकिन उनकी पर्सनैलिटी और करियर के रास्ते काफी अलग रहे हैं। जहां अक्षय खन्ना ने मुख्य रूप से हिंदी सिनेमा में गंभीर और अलग-अलग भूमिकाओं से पहचान बनाई, वहीं राहुल खन्ना ने अभिनय के साथ-साथ मॉडलिंग, इंटरनेशनल प्रोजेक्ट्स और लाइफस्टाइल लेखन में भी अपनी जगह बनाई। राहुल हमेशा से कम दिखने-सुनने वाले, सलेक्टिव और ग्लैमरस बॉलीवुड से थोड़ी दूरी बनाए रखने वाले कलाकार माने जाते हैं, फिर भी इंडस्ट्री में उनकी एक अलग पहचान रही है। राहुल बेहद हैडसम हैं और अपने स्टाइल से किसी का भी दिल जीत सकते हैं। 53 की उम्र में भी वो काफी यंग लगते हैं।
कैसे राहुल खन्ना ने की करियर की शुरुआत?
राहुल खन्ना ने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की थी और 1990 के दशक में वे इंटरनेशनल फैशन सर्किट पर काफी लोकप्रिय रहे। उन्होंने हॉलीवुड और यूरोप के कई बड़े ब्रांड्स के लिए काम किया। अभिनय की दुनिया में राहुल ने 1999 में अंग्रेजी फिल्म 'अर्थ' से डेब्यू किया, जिसे दीप मेहता ने निर्देशित किया था। इस फिल्म में उनके दमदार अभिनय के लिए उन्हें फिल्मफेयर बेस्ट मेल डेब्यू अवॉर्ड भी मिला। इसके बाद उन्होंने 'बॉलीवुड हॉलीवुड', 'लव आज कल' और कुछ चुनिंदा फिल्मों में काम किया। राहुल ने कभी भी ज्यादा फिल्मों की दौड़ में शामिल होने के बजाय क्वालिटी और इंटरनेशनल एक्सपोज़र को तरजीह दी। आज वे अभिनय के साथ-साथ एक सफल लेखक, कॉलमिस्ट और स्टाइल आइकन के तौर पर भी जाने जाते हैं।
कैसी है राहुल की पर्सनल लाइफ?
राहुल खन्ना की पर्सनल लाइफ काफी प्राइवेट, सुलझी हुई और लाइमलाइट से दूर मानी जाती है। वह उन सेलेब्रिटीज में शामिल हैं जो अपने निजी रिश्तों और रोजमर्रा की जिंदगी को सार्वजनिक चर्चा का विषय नहीं बनाते। सोशल मीडिया पर वे सक्रिय जरूर हैं, लेकिन वहां भी उनका फोकस ट्रैवल, किताबें, फैशन, फिटनेस और लाइफस्टाइल पर रहता है, न कि निजी संबंधों पर। अब तक राहुल खन्ना ने शादी नहीं की है और उन्होंने कभी अपनी रिलेशनशिप्स को सार्वजनिक रूप से कन्फर्म नहीं किया। हालांकि उनका नाम समय-समय पर कुछ जानी-मानी हस्तियों के साथ जोड़ा गया, लेकिन उन्होंने इन अटकलों पर खुलकर बात करने से हमेशा परहेज किया। राहुल कई इंटरव्यूज में यह कह चुके हैं कि वे रिश्तों को निजी रखना पसंद करते हैं और उन्हें लाइफ में स्पेस, आजादी और आत्मनिर्भरता बेहद अहम लगती है। वे अक्सर न्यूयॉर्क, लंदन और मुंबई के बीच समय बिताते हैं और एक ग्लोबल लाइफस्टाइल जीते हैं।
कैसा है दोनों भाइयों के बीच तालमेल?
चर्चाएं हैं कि राहुल खन्ना और अक्षय खन्ना खास करीब नहीं है और दोनों अपनी अलग-अलग जिंदगी जीते हैं। वैसे दोनों ने ही शादी नहीं की है, लेकिन ये अलग-अलग रहते हैं। पिता विनोद खन्ना की मौत और फिर मां की मौत के बाद से दोनों के बीच कोई खास तालमेल नहीं है। आखिरी बार राहुल खन्ना ने साल 2023 में अक्षय खन्ना की तस्वीर अपने इंस्टाग्राम पर पोस्ट की थी। ये तस्वीर दोनों के बचपन की थी, जिसे राहुल ने अक्षय के जन्मदिन के मौके पर पोस्ट किया था। इसके बाद से दोनों की कोई तस्वीर भी सामने नहीं आई है। दोनों को न साथ स्पॉट किया जाता है, न ही किसी इवेंट में साथ नजर आते हैं।
ये भी पढ़ें: 'छावा', 'कांतारा चैप्टर 1' या 'धुरंधर', कौन है ज्यादा मुनाफा कमाने वाली फिल्म, जिसने मेकर्स को किया मालामाल
सीधी-सादी 'दामिनी' अब हो गई हैं ग्लैमरस डीवा, नया अवतार देख सनी देओल की भी फटी रह जाएंगी आंखें