1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. दीपिका-रणवीर ही नहीं, ये सितारे भी जल्द नए घर में हो सकते हैं शिफ्ट, लिस्ट में नया-नवेला जोड़ा भी शामिल

दीपिका-रणवीर ही नहीं, ये सितारे भी जल्द नए घर में हो सकते हैं शिफ्ट, लिस्ट में नया-नवेला जोड़ा भी शामिल

 Written By: Priya Shukla
 Published : Sep 01, 2024 02:55 pm IST,  Updated : Sep 01, 2024 02:58 pm IST

बॉलीवुड में ऐसे कई सितारे हैं, जो अपने-अपने नए आशियाने में शिफ्ट होने की तैयारी में जुटे हैं। रणबीर कपूर-आलिया भट्ट के घर में लंबे समय से काम चल रहा है, जिसके पूरे होते ही कपल वहां शिफ्ट हो जाएगा। रणबीर-आलिया के अलावा कौन-कौन से सेलेब्स अपने नए घर में शिफ्ट होने वाले हैं, चलिए बताते हैं।

Alia bhatt-ranbir kapoor- India TV Hindi
जल्द नए आशियाने में शिफ्ट होंगे ये सितारे Image Source : INSTAGRAM

सितंबर में बॉलीवुड के पैरेंट्स क्लब में शामिल होने जा रहे रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण को लेकर हाल ही में खबर आई थी कि दोनों अपने पहले बच्चे का वेलकम करने के बाद नए घर में शिफ्ट होंगे। कपल के नए अपार्टमेंट में फिलहाल काम चल रहा है, जिसके पूरा होते ही दोनों यहां शिफ्ट हो जाएंगे। सोशल मीडिया पर एक वीडियो के वायरल होते ही दीपिका-रणवीर के घर को लेकर चर्चा शुरू होने लगी, जो बॉलीवुड के किंग शाहरुख खान के बंगले 'मन्नत' के काफी करीब है। रणवीर-दीपिका ने करीब 2 साल पहले इस बिल्डिंग में अपार्टमेंट बुक किया था, जिसमें तब से ही काम चल रहा है। हालांकि, दीपिका-रणवीर बॉलीवुड के इकलौते कपल नहीं हैं, जो नए आशियाने में शिफ्ट होने जा रहे हैं। इन दोनों के अलावा भी कुछ सितारे अपने नए घर में शिफ्ट होंगे।

आलिया भट्ट-रणबीर कपूर

रणबीर कपूर और आलिया भट्ट अपने नए आशियाने में शिफ्ट होने को बेताब हैं। बांद्रा स्थित ये बंगला अभी अंडर कंस्ट्रक्शन है, जिसका काम जल्दी पूरा होगा। इस बंगले का नाम रणबीर की दादी कृष्णा राज कपूर के नाम पर रखा गया है। रणबीर-आलिया अक्सर इस अपार्टमेंट साइट पर जाते हैं और अब तो दोनों के साथ उनकी बेटी राहा भी होती है। पिछले दिनों ही रणबीर आलिया-राहा और अपनी मां नीतू कपूर के साथ अपने नए घर में चल रहे काम का मुआयना लेने पहुंचे थे।

सोनाक्षी सिन्हा-जहीर इकबाल

बॉलीवुड का न्यूली वेड कपल सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल भी जल्द अपने नए घर में शिफ्ट हो सकते हैं। सोनाक्षी-जहीर अपनी शादी के बाद से लगातार चर्चा में हैं। हाल ही में सोनाक्षी ने अपना बांद्रा वेस्ट अपार्टमेंट बेच दिया था, जिसे लेकर काफी चर्चा हुई। उन्होंने इसी घर में अभिनेता जहीर इकबाल से शादी की थी, उन्होंने ये घर अपनी खुद की कमाई से खरीदा था। हालांकि, अभिनेत्री अभिनेत्री ने इसी बिल्डिंग में एक बड़ा अपार्टमेंट खरीदा है, जिसे जहीर डेवेलप कर रहे हैं। कपल जल्द इस नए अपार्टमेंट में शिफ्ट होने की तैयारी में है।

श्रद्धा कपूर भी नए घर में होंगी शिफ्ट!

श्रद्धा कपूर मुंबई के जुहू इलाके में एक सी फेसिंग अपार्टमेंट किराए पर लेने की तैयारी में हैं। स्त्री 2 की अपार सफलता के बाद, अभिनेत्री ने नए घर में शिफ्ट होने का फैसला किया है। अभिनेत्री ने 'आपका अपना जाकिर' में भी इस ओर इशारा किया था। श्रद्धा का घर उसी बिल्डिंग में है जहां अक्षय-ट्विंकल का एक डुप्लेक्स है।

दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह

दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह बेसब्री से अपनी पहली संतान का इस दुनिया में स्वागत करने का इंतजार कर रहे हैं। कपल के बच्चे का जन्म सितंबर में होगा। इस बीच कपल ने नए घर में शिफ्ट होने की तैयारी भी तेज कर दी है। रणवीर-दीपिका जल्दी ही बांद्रा स्थित लग्जरी सी फेसिंग अपार्टमेंट में शिफ्ट होगा, जो शाहरुख खान के बंगले मन्नत के नजदीक है।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन