सफलता की ऊंचाइयों को छूना और एक सार्वजनिक व्यक्तित्व होना अपनी जगह है, लेकिन जब बात मदरहुड की आती है तो हर मां के दिल में एक जैसी ही चिंताएं और भावनाएं होती हैं। हाल ही में अभिनेत्री आलिया भट्ट ने अपने जीवन के एक बेहद निजी और संवेदनशील पहलू पर बात की है। आलिया अपनी एक्टिंग के लिए दुनिया भर में जानी जाती हैं, इन दिनों एक ऐसी बात को लेकर चिंतित हैं जो उनकी नन्हीं बेटी राहा के जीवन में धीरे-धीरे दस्तक दे रही है। यह चिंता हार के डर से जुड़ी है, जो आलिया जैसे जागरूक पेरेंट्स के लिए एक सोचने वाला विषय बन गया है।
सद्गुरु के साथ गहरे संवाद में झलका मां का दर्द
हाल ही में चेन्नई में एक कार्यक्रम के दौरान आलिया भट्ट ने आध्यात्मिक गुरु जग्गी वासुदेव सद्गुरु से मुलाकात की। इस बातचीत के कई अंश सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिसमें आलिया एक जिज्ञासु मां के रूप में अपने मन की दुविधाएं साझा करती नजर आ रही हैं। अपनी साढ़े तीन साल की बेटी राहा के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, 'मैं साढ़े तीन साल की बेटी की मां हूं और वह मेरे जीवन की सबसे बड़ी खुशी है। लेकिन मैं हर समय चिंतित रहती हूं। मेरे पिता ने एक बार मुझसे पूछा था कि मां बनना कैसा महसूस होता है और मैंने कहा था कि यह खुशी और चिंता का एक मेल है। मैं लगातार सोचती रहती हूं, क्या मैं एक अच्छी मां हूं? क्या मैं सही बातें कह रही हूं? आज के समय में मेरे लिए या किसी भी माता-पिता के लिए आपकी क्या सलाह होगी, क्योंकि बच्चे बहुत सुंदर और जिज्ञासु होते हैं और वे शुरुआती कुछ वर्षों में आपके माध्यम से ही जीवन सीखते हैं?'
जीत की जिद और असफलता का सामना
आलिया ने इस बात पर भी जोर दिया कि कैसे छोटी सी उम्र में ही राहा के मन में हमेशा जीतने की इच्छा प्रबल हो रही है। उन्होंने असफलता के डर पर चर्चा करते हुए कहा, 'हम सभी असफलता से डरते हैं। अब भी जैसे-जैसे मेरी बेटी बड़ी हो रही है, वह हमेशा जीतना चाहती है। अगर कोई और पहले आ जाता है तो वह कहती है कि उन्होंने धोखा दिया है। मैं उससे कहती हूं नहीं, वे पहले आए हैं।' इस पर सद्गुरु ने उन्हें बहुत ही सार्थक सलाह देते हुए कहा कि जब आपके पास बच्चा हो तो सबसे पहले यह विचार छोड़ दें कि आपको उन्हें कुछ सिखाना है। आपको बस एक बच्चे को देखना, सुनना और उसका अवलोकन करना चाहिए, क्योंकि वे आपसे कहीं अधिक जीवन के करीब हैं।
निजी जीवन और आने वाले बड़े प्रोजेक्ट्स
रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की प्रेम कहानी 'ब्रह्मास्त्र' के सेट से शुरू हुई थी, जिसके बाद अप्रैल 2022 में दोनों शादी के बंधन में बंधे। उसी साल नवंबर में उनकी बेटी राहा का जन्म हुआ। पेशेवर मोर्चे पर बात करें तो आलिया आने वाले समय में संजय लीला भंसाली की फिल्म 'लव एंड वॉर' में नजर आएंगी, जिसमें उनके साथ रणबीर कपूर और विक्की कौशल भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। इसके अलावा वह स्पाई थ्रिलर फिल्म 'अल्फा' को लेकर भी चर्चा में हैं। पहले यह फिल्म 17 अप्रैल 2026 को रिलीज होने वाली थी, लेकिन खबरों के अनुसार सलमान खान की फिल्म 'मातृभूमि' के साथ टकराव से बचने के लिए इसकी रिलीज को अब 10 जुलाई के लिए आगे बढ़ा दिया गया है। 'जिगरा' (2024) के बाद दर्शक आलिया को एक बार फिर बड़े पर्दे पर देखने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: 'तू साथ है तो दिन रात है', आलिया ने रणबीर पर लुटाया प्यार, वादियों में गुजारे खुशनुमा पल, बयां की रोमांटिक फीलिंग