बॉलीवुड में हर साल सैकड़ों चेहरे अपनी किस्मत आजमाने आते हैं, लेकिन कुछ ही ऐसे होते हैं जो कम वक्त में भी अपनी एक अलग पहचान छोड़ जाते हैं। ऐसा ही एक नाम है एक्ट्रेस पेरिजाद जोराबियन का। पेरिजाद ने अपने छोटे से करियर में अमिताभ बच्चन, ओम पुरी और शबाना आजमी जैसे सिनेमा के दिग्गजों के साथ काम किया, लेकिन शादी के बाद उन्होंने ग्लैमर की दुनिया और लाइमलाइट को अलविदा कह दिया। अब पेरिजाद एक सफल बिजनेस वुमन हैं और अपने फैमिली पोल्ट्री बिजनेस को संभाल रही हैं, जिसका सालाना टर्नओवर करीब ₹120 करोड़ बताया जाता है।
एक्सीडेंटल एक्ट्रेस बनी बिजनेस वुमन
पेरिजाद खुद को एक एक्सीडेंटल एक्ट्रेस मानती हैं। हाल ही में सुकेतु शाह के एक पॉडकास्ट में उन्होंने दिलचस्प खुलासा किया कि महज 8 साल की उम्र से ही वे एक बिजनेस वुमन बनने का सपना देख रही थीं। भारत में अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद वह एमबीए करने न्यूयॉर्क चली गईं। वहां एक दोस्त के जरिये उनका परिचय मशहूर ली स्ट्रासबर्ग थिएटर एंड फिल्म इंस्टीट्यूट से हुआ। एक्टिंग की दुनिया ने उन्हें ऐसा आकर्षित किया कि मैनेजमेंट की डिग्री के बाद उन्होंने साल भर वहां अभिनय के गुर सीखे। उनके पिता ने भी उनके इस फैसले का पूरा समर्थन किया। इसके बाद वह भारत लौटीं और अपने फैमिली बिजनेस की कमान संभालने लगीं।
फेयर एंड लवली के विज्ञापन से मिला बॉलीवुड का टिकट
बिजनेस संभालने के दौरान ही पेरिजाद की जिंदगी ने एक नया मोड़ लिया। एक पारिवारिक समारोह में एक मॉडलिंग कोऑर्डिनेटर की नज़र उन पर पड़ी, जिससे उन्हें 'फेयर एंड लवली' का अपना पहला विज्ञापन मिला। इसके बाद नागेश कुकुनूर ने उन्हें अपनी फिल्म 'बॉलीवुड कॉलिंग' में ओम पुरी के अपोजिट लीड रोल के लिए कास्ट कर लिया। पेरिजाद एक तरफ एक्टिंग कर रही थीं और दूसरी तरफ अपना बिजनेस भी देख रही थीं। आगे चलकर उन्होंने 'जॉगर्स पार्क', 'मुंबई मैटिनी' और 'मॉर्मिंग रागा' जैसी लीक से हटकर बनी फिल्मों में काम किया। एक वक्त ऐसा आया जब उनके पिता ने उनसे बिजनेस या एक्टिंग में से किसी एक को चुनने को कहा और पेरिजाद ने तब फिल्मों को चुना। इसके बाद वह अमिताभ बच्चन के साथ फिल्म 'एक अजनबी' में नजर आईं और टीवी शो 'हम परदेसी हो गए' का भी हिस्सा रहीं।
शादी के बाद ठुकरा दीं बड़ी फिल्में
33 साल की उम्र में पेरिजाद ने बिजनेसमैन बोमन रुस्तम ईरानी से शादी कर ली। शादी के एक साल बाद जब उनके घर पहले बच्चे का जन्म हुआ तो उन्होंने पूरी तरह से परिवार पर ध्यान देने का फैसला किया। इस दौरान उन्होंने कई बड़े प्रोजेक्ट्स को मना किया, जिनमें सुभाष घई की 'ब्लैक एंड व्हाइट' और निखिल आडवाणी की मल्टीस्टारर फिल्म 'सलाम-ए-इश्क' शामिल थीं।
मुश्किल दौर में संभाला बिजनेस
जब पेरिजाद टीवी और थिएटर में व्यस्त थीं, तब उनके पिता का पोल्ट्री बिजनेस कुछ मुश्किलों से गुज़र रहा था। पेरिजाद ने वापस लौटकर अपने पुश्तैनी काम को दोबारा खड़ा करने का फैसला किया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आज जोराबियन चिकन का सालाना टर्नओवर लगभग ₹120 करोड़ तक पहुंच चुका है और कंपनी में 700 से अधिक कर्मचारी काम करते हैं। पेरिजाद का मानना है कि वह अपने बिजनेस को किसी सख्त बॉस की तरह नहीं, बल्कि प्यार और पैशन के साथ चलाती हैं। पेरिजाद आज अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ में बेहद खुश हैं। उनके दो बच्चे हैं बेटी जाहा और बेटा जयान।
ये भी पढ़ें: खतरों के खिलाड़ी 15 की प्रीमियर डेट का ऐलान, शुरू होगा डर का नया दौर, धमाकेदार प्रोमो में दिखी झलक