1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. जब अमिताभ के जन्म से पहले पत्नी तेजी से बोले थे हरिवंश राय बच्चन- 'बेटा ही होगा', क्यों था इस बात का भरोसा?

जब अमिताभ के जन्म से पहले पत्नी तेजी से बोले थे हरिवंश राय बच्चन- 'बेटा ही होगा', क्यों था इस बात का भरोसा?

 Written By: Priya Shukla
 Published : Oct 08, 2024 11:37 am IST,  Updated : Oct 08, 2024 11:37 am IST

अमिताभ बच्चन के जन्म के पहले ही उनके पिता हरिवंश राय बच्चन ने इस बात की भविष्यवाणी कर दी थी कि उनके घर बेटे का ही जन्म होने वाला है। पत्नी तेजी बच्चन को जब प्रसव पीड़ा शुरू हुई तो हरिवंशराय बच्चन ने उनसे कहा था- 'देखना, तुम्हें बेटा ही होगा।' उन्होंने ऐसा क्यों कहा था, इसका खुलासा उन्होंने अपनी जीवनी में किया था।

amitabh bachchan- India TV Hindi
पिता हरिवंश राय बच्चन के साथ अमिताभ बच्चन Image Source : INSTAGRAM

सदी के महानायक अमिताभ बच्चन का 3 दिनों बाद जन्मदिन है। 11 अक्टूबर को दिग्गज अभिनेता 82 साल के हो जाएंगे। अमिताभ बच्चन के 82वें जन्मदिन को खास मनाने के लिए उनका परिवार ही नहीं फैंस भी तैयारियों में जुटे हैं। दूसरी तरफ बिग बी अपनी फिल्मों से दर्शकों का दिल जीतने में जुटे हैं और केबीसी में अपनी जिंदगी से जुड़े मजेदार किस्सों से लोगों को लुभा रहे हैं। इस बीच अमिताभ बच्चन से जुड़ा एक और किस्सा सामने आया है। ये किस्सा उस रात का है, जब अमिताभ के जन्म से पहले उनकी मां तेजी बच्चन को लेबर पेन शुरू हुआ। जब पत्नी बच्चे को जन्म देने वाली थी, हरिवंश राय बच्चन ने दावे के साथ कह दिया था कि उनके घर बेटा ही होने वाला है। 

11 अक्टूबर को अमिताभ बच्चन का 82वां जन्मदिन है

दरअसल, हरिवंश राय बच्चन का मानना था कि उनका बेटा यानी अमिताभ कोई और नहीं बल्कि उनके दिवंगत पिता प्रताप नारायण श्रीवास्तव का पुनर्जन्म हैं। तेजी बच्चन को जब 11 अक्टूबर 1942 को लेबर पेन शुरू हुआ, तब हरिवंश राय ने उनसे कहा- 'उसके (अमिताभ) रूप में मेरे पिता की आत्मा आ रही है...' चलिए आपको ये पूरा किस्सा बताते हैं।

बेटे को पिता का पुनर्जन्म मानते थे हरिवंश राय बच्चन

दरअसल, अमिताभ बच्चन से जुड़ा ये दिलचस्प किस्सा इस बार बिग बी ने नहीं, बल्कि आमिर खान ने सुनाया है। आमिर खान ने हाल ही में 'कौन बनेगा करोड़पति' स्पेशल गेस्ट के तौर पर शिरकत की, जिसका प्रोमो जारी किया गया है। इस प्रोमो में आमिर खान, बिग बी से जुड़ा ये किस्सा शेयर कर रहे हैं। आमिर, शो में अमिताभ बच्चन के 82वें जन्मदिन का जश्न मनाते नजर आएंगे। नए प्रोमो में, आमिर खान को बिग बी से उनके दिवंगत पिता हरिवंश राय बच्चन के बारे में चर्चा करते देखा जा सकता है।

आमिर खान ने बताया पूरा किस्सा

केबीसी प्रोमो में, आमिर ने बिग बी से जुड़ा बड़ा खुलासा किया और कहा कि जिस दिन अमिताभ बच्चन का जन्म होना था, हरिवंश राय बच्चन ने तेजी बच्चन से कहा कि उनके घर बेटे का जन्म होने वाला है और ये उनके पिता प्रताप नारायण श्रीवास्तव का पुनर्जन्म होगा। प्रोमो में, आमिर खान अमिताभ से पूछते हैं, 'क्या आपको वो दिन याद है जब आपका जन्म हुआ था?' ये सुनकर अमिताभ पहले तो थोड़े चकित हुए फिर आमिर उनसे बोले- 'अमित जी के पिता ने उनके जन्मदिन पर हुई घटनाओं के बारे में लिखा है।' इसके बाद आमिर हरिवंश राय बच्चन की जीवनी का एक अंश पढ़ते हैं।

बेटे के जन्म को लेकर हरिवंश राय बच्चन ने क्या लिखा था?

इसमें लिखा था- 'तेजी ने जब मुझे जगाया और कहा कि मुझे प्रसव पीड़ा हो रही है, वह एक ब्रह्म मुहूर्त था। जब उन्होंने मुझे जगाया, मैं एक जीवंत सपना देख रहा था और मैं उससे इतना प्रभावित हुआ कि तेजी के साथ साझा किए बिना नहीं रह पाया। आधी नींद की ही अवस्था में मैंने उससे कहा, 'तेजी, तुन्हें बेटा ही होगा और मेरे पिता की आत्मा उसके रूप में आ रही है।' बता दें कि हरिवंश राय बच्चन ने 18 जनवरी 2003 को इस दुनिया को अलविदा कह दिया था। जब उनका निधन हुआ वे 95 साल के थे। वह नामे-माने कवि थे और 'मधुशाला' और 'अग्निपथ' जैसी अपनी कृतियों के लिए जाने जाते थे।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन