1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. महिला विश्व कप 2025 में जीती भारतीय टीम, बॉलीवुड सितारों ने मनाया जश्न, अमिताभ बच्चन से अनुष्का तक ने दी बधाई

महिला विश्व कप 2025 में जीती भारतीय टीम, बॉलीवुड सितारों ने मनाया जश्न, अमिताभ बच्चन से अनुष्का तक ने दी बधाई

 Written By: Priya Shukla
 Published : Nov 03, 2025 08:54 am IST,  Updated : Nov 03, 2025 08:54 am IST

महिला विश्व कप 2025 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की जीत के बाद देशभर में जश्न का माहौल है। रविवार को भारतीय महिला क्रिकेट टीम जैसे ही विश्व विजेता बनी, सोशल मीडिया पर बधाइयों का तांता लग गया। कई बॉलीवुड सेलेब्स ने भी इस ऐतिहासिक जीत पर खुशी जाहिर की है।

Anushka Sharma- India TV Hindi
महिला विश्व कप में भारत की जीत पर सेलेब्स ने जताई खुशी। Image Source : INSTA/@AMITABHBACHCHAN, @KANGANARANUT

महिला विश्व कप 2025 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जीत हासिल करके इतिहास रच दिया है। ये वो पल था, जिससे पूरे देश में खुशी की लहर दौड़ गई है। रविवार को जैसे ही भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 52 रनों के बड़े अंतर से साउथ अफ्रीका को मात दी और वर्ल्ड कप अपने नाम किया, जश्न शुरू हो गया। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की इस ऐतिहासिक जीत के दौरान जहां स्टेडियम में भी कई दिग्गज मौजूद रहे, वहीं कई सितारे सोशल मीडिया के जरिए बधाई देते और खुशी जाहिर करते दिखे। अमिताभ बच्चन से लेकर अनुष्का शर्मा, सनी देओल, सुनील शेट्टी सहित कई सितारों ने सोशल मीडिया के जरिए विश्व विजेता बनने पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम को बधाई दी है। चलिए जानते हैं, किस सितारे ने क्या कहा।

अमिताभ बच्चन ने जाहिर की खुशी

अक्सर देर रात सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करने वाले अमिताभ बच्चन इस बार जरा लेट रहे। उन्होंने सोशल मीडिया पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम की महिला विश्व कप 2025 में ऐतिहासिक जीत पर खुशी जाहिर की और एक पोस्ट शेयर किया। इस पोस्ट में बिग बी ने लिखा- 'जीत गए!!! इंडिया वुमन क्रिकेट... वर्ल्ड चैंपियन। आपने हम सभी को गर्व का पल दिया है। बहुत, बहुत बधाई।'

Amitabh Bachchan
Image Source : FACEBOOK/AMITABH BACHCHANअमिताभ बच्चन का पोस्ट

कंगना रनौत ने भी दी बधाई

कंगना रनौत ने भी महिला विश्व कप 2025 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की जीत पर खुशी जाहिर की। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा- 'हम हैं विश्व चैंपियन! भारतीय महिला क्रिकेट टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे विश्व कप 2025 जीतने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! हमारी बेटियों ने दिखा दिया कि दृढ़ निश्चय और टीम स्पिरिट से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। जय हिन्द !!' वहीं इंस्टाग्राम पर भी टीम इंडिया के विनिंग मोमेंट की फोटो शेयर करते हुए कंगना ने खुशी जाहिर की है।

सुनील शेट्टी हुए इमोशनल

सुनील शेट्टी ने भी सोशल मीडिया के जरिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम की मेहनत और जीत को सलाम किया और इस पल को बेहद खास बताया है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा- 'पसीना, हौसला, हिम्मत, निश्छल दिल और इसी तरह इतिहास चमक उठा! हमारी ब्लू जर्सी वाली महिलाओं ने शोहरत का पीछा नहीं किया - उन्होंने उसे अपनाया। हर छोटी बच्ची जिसके पास सपने हैं, और हर भारतीय जो जोर से कह रहा है - हम विश्व विजेता हैं।'

सनी देओल ने भी जताई खुशी

सनी देओल भी भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक जीत से फूले नहीं समा रहे हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर टीम इंडिया का पोस्टर शेयर करते हुए लिखा- 'हिंदुस्तान जिंदाबाद! आज मेरी बहनों ने इतिहास रच दिया। भारत के लिए महिला क्रिकेट में पहला विश्व कप, क्या कमाल कर दिखाया। इस अजेय नारी शक्ति पर गर्व है, आपने तिरंगे को ऊंचा किया है! ये जीत हर हिंदुस्तानी की जीत है।'

अनुष्का शर्मा हुईं गदगद

अनुष्का शर्मा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें लिखा- 'आप सब चैंपियंस हैं। बहुत ही महत्वपूर्ण उपलब्धि।' वहीं करीना कपूर ने महिला टीम की जीत का वीडियो शेयर करते हुए लिखा- 'अभी भी रो रही हूं, खुशी के आंसू हैं।' विक्की कौशल भी विश्व विजेताओं को बधाई देने में पीछे नहीं रहे। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए लिखा- 'वर्ल्ड चैंपियंस। हमारी नीली जर्सी वाली महिलाओं ने क्या ही शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने खेल पर पूरी तरह कब्जा कर लिया... बल्लेबाजी, गेंदबाजी और खासकर फील्डिंग में उन्हें अपना सब कुछ देते हुए देखना... हरमनप्रीत कौर कप्तान साहब, शुक्रिया! टीम इंडिया को बधाई। हमें यह खुशी देने के लिए शुक्रिया। जय हिंद।'

Anushka Sharma
Image Source : INSTA/@ANUSHKASHARMA/@KAREENAKAPOORKHANअनुष्का, करीना ने भी दी बधाई

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक जीत

नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में पहली बार वनडे वर्ल्ड कप की ट्रॉफी अपने नाम की है।  इंडियन वुमन टीम टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी और 298 रन बनाए। इस आंकड़े का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीका की टीम 246 रनों में ही सिमट गई और टीम इंडिया ने वुमन वर्ल्ड कप 2025 की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

ये भी पढ़ेंः इंडियन वुमन क्रिकेट टीम ने जीता पहला वर्ल्ड कप, खुशी से चहकीं नीता अंबानी, बनीं ऐतिहासिक लम्हे की साक्षी

मन्नत नहीं तो मंदिर सही... शाहरुख खान ने बर्थडे पर पूरी की फैंस की ख्वाहिश, अलीबाग में भी हुआ बड़ा जलसा

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन