1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. सतीश कौशिक की बेटी का कन्यादान करना चाहते हैं अनुपम खेर, वंशिका के बर्थडे पर जताई इच्छा, शेयर किया भावुक नोट

सतीश कौशिक की बेटी का कन्यादान करना चाहते हैं अनुपम खेर, वंशिका के बर्थडे पर जताई इच्छा, शेयर किया भावुक नोट

 Written By: Priya Shukla
 Published : Jul 15, 2026 05:29 pm IST,  Updated : Jul 15, 2026 05:29 pm IST

दिवंगत अभिनेता और निर्देशक सतीश कौशिक, अनुपम खेर के सबसे करीबी दोस्तों में से थे, जिन्होंने मार्च 2023 में इस दुनिया को अलविदा कह दिया था। अब अनुपम खेर ने सतीश कौशिक की बेटी वंशिका के जन्मदिन पर एक भावुक नोट साझा करते हुए वंशिका के कन्यादान की इच्छा जाहिर की है।

anupamp kher- India TV Hindi
अनुपम खेर ने वंशिका को विश किया बर्थडे। Image Source : INSTAGRAM/@ANUPAMPKHER

अनुपम खेर और सतीश कौशिक गहरे दोस्त थे और इनकी दोस्ती 'नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा' के दिनों से थी। दोनों ने लगभग एक ही समय में इंडस्ट्री में एंट्री ली और संघर्ष के दिनों में भी इनकी दोस्ती कायम रही। ऐसे में 2023 में जब सतीश कौशिक का निधन हुआ, अनुपम खेर के लिए ये किसी सदमे से कम नहीं था। अपने जिगरी दोस्त के निधन के बाद से ही अनुपम खेर उनके परिवार का पूरा ख्याल रखते आए हैं, खासतौर पर उनकी बेटी वंशिका का, जिन्हें वह  अपनी बेटी की तरह मानते हैं। आज वंशिका का जन्मदिन है, इस मौके पर अनुपम खेर ने एक प्यारा सा पोस्ट साझा करते हुए वंशिका को जन्मदिन की बधाई दी और साथ ही उनके कन्यादान की भी इच्छा जाहिर की है।

वंशिका को अनुपम खेर ने दी जन्मदिन की बधाई

वंशिका के जन्मदिन पर अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर सतीश कौशिक और वंशिका के साथ ढेरों तस्वीरें साझा की हैं। ये तस्वीरें शेयर करते हुए अनुपम खेर ने लंबा-चौड़ा पोस्ट भी साझा किया है। अपन पोस्ट में अनुपम खेर ने लिखा- 'हैप्पी बर्थडे मेरी प्यारी वंशिका बेटा। भगवान आपको दुनिया की सारी खुशियां और लंबी, स्वस्थ और सुंदर जिंदगी दे और आपके हर सपने को पूरा करने की हिम्मत दे।'

वंशिका को बेटी मानते हैं अनुपम खेर

अनुपम खेर ने अपने पोस्ट में आगे लिखा- 'तुम मेरी बच्ची हो। जब सतीश हमारे साथ थे, तब भी मैं तुम्हें हमेशा अपनी बेटी... और अपनी दोस्त मानता था। कुछ ऐसे रिश्ते होते हैं, जो खून से नहीं,  बल्कि प्यार, अपनेपन और भरोसे से बनते हैं। तुमसे मेरा रिश्ता भी कुछ ऐसा ही है। कई बार प्यार को शब्दों में बयां कर पाना मुश्किल होता है, लेकिन मैं आज तुम्हें ये बताना चाहता हूं कि मैं तुम्हारे लिए हमेशा मौजूद था और रहूंगा। तुम्हारी रक्षा के लिए, सपोर्ट के लिए, तुम्हारा हौसला बढ़ाने के लिए मैं हमेशा खड़ा रहूंगा, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि जिंदगी क्या लेकर आती है।'

जताई वंशिका के कन्यादान की इच्छा

अपने पोस्ट में अनुपम खेर ने वंशिका का कन्यादान करने की इच्छा जाहिर करते हुए आगे लिखा- 'और किसे पता... एक दिन, कई सालों बाद, जब तुम शादी करने का फ़ैसला करो तो शायद मुझे तुम्हारा कन्यादान करने का सौभाग्य मिले। जानता हूं कि वो दिन अभी बहुत दूर है, लेकिन इसका ख्याल ही मेरे दिल को खुशियों से भर देता है। आई लव यू बेटा। जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई। और मुझे यकीन है कि तुम्हारे पापा और मेरे सबसे अच्छे दोस्त सतीश ऊपर से मुस्कुरा रहे होंगे और तुम्हे जोरदार गले लगा रहे होंगे और ढेर सारी दुआएं भेज रहे होंगे। जन्मदिन मुबारक हो, मेरे प्यारे। भगवान तुम पर कृपा बनाए रखे।' अनुपम खेर के इस पोस्ट पर वंशिका ने भी 'थैंक यू' कहते हुए प्रतिक्रिया दी है।

'श्री रामभूमि' को लेकर चर्चा में अनुपम खेर

बता दें, अनुपम खेर इन दिनों अपकमिंग फिल्म 'श्री रामभूमि' को लेकर चर्चा में हैं, जिसमें वह अशोक सिंघल का किरदार निभाते नजर आएंगे। हाल ही में 'श्री रामभूमि' से अनुपम खेर का फर्स्ट लुक जारी किया गया था। अनुपम खेर ने भी इस फिल्म और अपने फिल्म में अपने किरदार को लेकर एक पोस्ट साझा किया था, जिसमें उन्होंने बताया कि वह इसे लेकर कितने उत्सुक हैं और उनके लिए ये रोल निभाना कितनी बड़ी जिम्मेदारी है।

ये भी पढ़ेंः 42 साल पहले आई फिल्म जिसने एक्टर को बनाया स्टार, जवानी में भी बुढापे के रोल में जमाया था रंग

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन