शाहरुख खान बॉलीवुड के उन चंद सितारों में से हैं जिन्हें पूरी दुनिया से प्यार मिलता है। भारत के बाहर शाहरुख के लाखों फैन्स हैं जो उनकी फिल्मों को खूब पसंद करते हैं। हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के एक मंत्री ने भी शाहरुख खान के प्रति अपनी दीवानगी जाहिर की है। इतना ही नहीं इन ऑस्ट्रेलियाई मंत्री ने अपनी सबसे पसंदीदा बॉलीवुड फिल्म भी बताई है जिसके हीरो शाहरुख खान थे। साथ ही उन्होंने इस फिल्म का एक डायलॉग भी सुनाया जो उनके दिल में बसा है। ऑस्ट्रेलिया के गृह मामलों के मंत्री टोनी बर्क ने हाल ही में खुलासा किया कि वह शाहरुख खान के बहुत बड़े फैन हैं और उन्होंने ओम शांति ओम को अपनी ऑल टाइम पसंदीदा फिल्म बताया।
शाहरुख के प्रति दिखाई अपनी दीवानगी
इंडियन लिंक पॉडकास्ट पर पवन लूथरा के साथ बातचीत में टोनी बर्क ने बॉलीवुड के प्रति अपनी दीवानगी व्यक्त की। उन्होंने सुपरस्टार शाहरुख खान के प्रति अपनी दीवानगी जाहिर करते हुए शुरुआत की। उन्होंने कहा, 'मैं शाहरुख खान का बहुत बड़ा प्रशंसक हूं, तो चलिए यहीं से शुरुआत करते हैं। और मुझे एआर रहमान के संगीत भी बहुत पसंद हैं।' जब उनसे उनकी पसंदीदा हिंदी फिल्मों के बारे में पूछा गया, तो बर्क ने चक दे! इंडिया का नाम लिया और बताया कि इस फिल्म से उनका व्यक्तिगत जुड़ाव है क्योंकि इसकी शूटिंग सिडनी, मेलबर्न और ब्रिस्बेन सहित पूरे ऑस्ट्रेलिया में हुई थी। उन्होंने कहा, 'मैं थोड़ा पक्षपाती हूं, मैं चक दे इंडिया को चुनूंगा क्योंकि इसकी शूटिंग यहीं हुई थी।' जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने फिल्म के अंतिम मैच में भारत का समर्थन किया था तो उन्होंने हंसते हुए जवाब दिया, 'नहीं, नहीं, हालांकि, मैंने लगान में भारत का समर्थन किया था। लेकिन (मैं अभी भी ऑस्ट्रेलिया का समर्थन कर रहा था।'
जोधा अकबर फिल्म के भी दीवाने हैं टोनी
टोनी बर्क ने ऐश्वर्या राय बच्चन और ऋतिक रोशन अभिनीत जोधा अकबर की भी प्रशंसा करते हुए इसे एक असाधारण फिल्म बताया। हालांकि उनके लिए ओम शांति ओम सबसे खास रही। उन्होंने कहा कि 'आखिरी फिल्म जिसका मैं जिक्र करना चाहता हूं, वह न केवल मेरी पसंदीदा बॉलीवुड फिल्म है, बल्कि वास्तव में मेरी सर्वकालिक पसंदीदा फिल्म है, जो है ओम शांति ओम। मुझे लगता है कि कहानी में एक वास्तविक सुंदरता है। लेकिन इसमें एक वाक्य है जो दो बार इस्तेमाल किया गया है, जो मुझे लगता है कि सबसे सरल और सुंदर वाक्यों में से एक है और शाहरुख खान इसे हर बार इस्तेमाल करते हैं… यह सरल सुखद अंत है, अगर यह सुखद नहीं है, तो यह अंत नहीं है, कहानी अभी खत्म नहीं हुई है।' बता दें कि शाहरुख खान पूरी दुनिया में लोगों के दिलों पर राज करते हैं और उनकी फिल्में भारत के बाहर भी खूब पैसा कमाती हैं। अब शाहरुख खान अपनी अपकमिंग फिल्म किंग के रिलीज का इंतजार कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें- सटीक रहा अक्षय कुमार का दांव, 200 करोड़ के करीब पहुंचा भूत बंगला का कलेक्शन, हिट रही 14 साल पुरानी जोड़ी